मोरिंगा एक ऐसी चीज है जिसका पौधा, फलियां, पत्तियां और फूल सभी सेहत के लिए फायदेमंद होता है. मोरिंगा को सहजन भी कहा जाता है. कई लोग सोचते हैं कि सहजन का पेड़ सिर्फ खेत या बड़े बगीचे में ही लगाया जा सकता है, लेकिन सही तरीके से देखभाल की जाए तो इसे बड़े गमले या ग्रो बैग में भी आसानी से उगाया जा सकता है. इसे लगाने के कुछ ही महीनों के बाद इसमें फलियां आना शुरू हो जाती हैं. इसे उगाने के लिए आपको ज्यादा मेहनत भी नहीं करनी पड़ती है और ये उग भी आसानी से जाता है. मोरिंगा घर पर उगाने के लिए सही गमला, मिट्टी, धूप, खाद के बारे में जानकारी होना जरूरी है, ताकि पौधे की अच्छी ग्रोथ हो सके और उसकी पत्तियों व फलियों का इस्तेमाल खाने में किया जा सके. चलिए आपको बताते हैं घर की छत या बालकनी में सहजन का पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का आसान तरीका.
घर पर सहजन कैसे उगाएं?
यूट्यूब पर @Terrace&Gardening नाम के चैनल पर एक वीडियो शेयर किया गया है. इस वीडियो में घर पर गमले में मोरिंगा लगाने का तरीका बताया है. सहजन उगाने के लिए सबसे पहले अच्छी क्वालिटी वाले बीज लें. बीजों से पौधा तैयार करना आसान होता है और इससे पौधे की बढ़वार भी अच्छी होती है. सहजन यानी मोरिंगा को कटिंग और बीज दोनों से उगाया जा सकता है, लेकिन बीज से उगाया गया पौधा ज्यादा मजबूत माना जाता है.
कौन सा गमला या ग्रो बैग लें?
सहजन का पौधा तेजी से बढ़ता है, इसलिए इसे बड़े आकार के गमले या कम से कम 20 से 24 इंच वाले ग्रो बैग में लगाना बेहतर रहता है. गमला जितना बड़ा होगा, पौधे की जड़ें उतनी अच्छी तरह फैल सकेंगी.
मिट्टी कैसी होनी चाहिए?
सहजन बहुत ज्यादा देखभाल की जरूरत नहीं होती, लेकिन अच्छी ग्रोथ के लिए मिट्टी में गोबर की खाद या वर्मी कम्पोस्ट जरूर मिलाएं. आप 50 प्रतिशत साधारण मिट्टी और 50 प्रतिशत जैविक खाद मिलाकर मिश्रण तैयार कर सकते हैं. मिट्टी भुरभुरी और पानी निकास वाली होनी चाहिए.
बीज लगाने का तरीका
बीज को लगभग 1 इंच गहराई में लगाएं और ऊपर से हल्की मिट्टी डाल दें. इसके बाद पानी दें ताकि मिट्टी पूरी तरह नम हो जाए. 5 से 7 दिनों के भीतर बीज अंकुरित होने लगते हैं.
धूप वाली जगह रखें
सहजन का पौधा फुल सनलाइट पसंद करता है. इसे ऐसी जगह रखें जहां रोजाना अधिक धूप मिल सके. पर्याप्त धूप मिलने पर पौधा तेजी से बढ़ता है और फलियां भी ज्यादा लगती हैं. सहजन को जरूरत से ज्यादा पानी पसंद नहीं होता. मिट्टी सूखी लगे तभी पानी दें. ज्यादा पानी देने से पौधे की पत्तियां पीली पड़ सकती हैं. खाद के लिए हर 3 से 4 महीने में गोबर की खाद, वर्मी कम्पोस्ट या नीम खली का इस्तेमाल किया जा सकता है.
यह भी पढ़ें:- गुलाब के फूल का बाम कैसे बनाएं? घर पर गुलाब से लिप बाम बनाने के आसान तरीके
यह भी पढ़ें:- बगल का कालापन कैसे दूर करें? घर पर बनाएं अंडरआर्म्स का कालापन दूर करने वाली क्रीम
यह भी पढ़ें:- पौधों में चावल का पानी डालने से क्या होता है? जानें चावल का पानी कब और कैसे डालें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं