हमारे घरों में रात में बची हुए चावल अक्सर खा लिए जाते हैं. कई लोग उन्हें पानी में भिगोकर रखते हैं, ताकि दोबारा खा सकें. लेकिन क्या सच में बासी चावल खाना सेहत के लिए अच्छा होता है. ये सच जानने के लिए हमने डाइट मंत्रा क्लीनिक की डायटीशियन कामिनी कुमारी से बातचीत की. डायटीशियन कहती हैं कि अक्सर लोगों के मन में इस तरह के सवाल उठतेहैं. सच ये है कि सही तरीके से रखा चावल खाना सही हो सकता है. लेकिन अगर आप गलत तरीके से चावल को स्टोर करके खाते हैं, तो इससे नुकसान भी हो सकता है. यहां विस्तार से इसे समझते हैं-
बासी चावल खाने क क्या फायदे हैं?
डायटीशियन का कहना है कि अगर आपने सही तरीके से स्टोर करके चावल को रखा है, तो इससे नुकसान होने की संभावना कम होती है. वहीं, चावल को पानी में भिगोकर खाने से इससे शरीर को फायदे हो सकते हैं. ये गट हेल्थ के लिए अच्छा माना जाता है. क्योंकि चावल को पानी में भिगोकर रखने से ये फर्मेंट हो जाते हैं.
कब बासी चावल खाना खतरनाक हो सकता है?
उनका कहना है कि जब चावल पक जाते हैं और उन्हें लंबे समय तक कमरे के तापमान पर छोड़ दिया जाता है, तो उनमें Bacillus cereus नामक बैक्टीरिया तेजी से बढ़ सकता है. ये बैक्टीरिया ऐसे टॉक्सिन बनाता है, जो दोबारा गर्म करने पर भी पूरी तरह खत्म नहीं होते. इसी वजह से बासी या गलत तरीके से रखे गए चावल खाने के बाद फूड पॉइजनिंग का खतरा बढ़ जाता है.
बासी चावल खाने से क्या समस्याएं हो सकती हैं?
- दूषित चावल खाने के बाद पेट में तेज दर्द या मरोड़ महसूस हो सकती है.
- बैक्टीरिया की वजह से बने टॉक्सिन के कारण अचानक उल्टी या जी मिचलाने की समस्या हो सकती है.
- फूड पॉइजनिंग के कारण पानी जैसे दस्त और कमजोरी महसूस हो सकती है.
- कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों में इसके लक्षण ज्यादा गंभीर हो सकते हैं.
बासी चावल खाते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?
डायटीशियन बताती हैं कि अगर आप बासी चावल खाते हैं, तो कुछ बातों पर ध्यान दें, जैसे-
- चावल पकने के बाद 1-2 घंटे के अंदर फ्रिज में रख दें.
- खाने से पहले अच्छी तरह गर्म करें.
- चावल से खट्टी या अजीब गंध आए तो बिल्कुल न खाएं.
- पूरे दिन कमरे के तापमान पर रखे चावल दोबारा इस्तेमाल न करें.
- एक बार गर्म किए गए चावल को बार-बार गर्म करने से बचें.
ये भी पढ़ें - बासी रोटी खाने से क्या होता है?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं