Watermelon-Strawberry Shake: गर्मियों के मौसम में शरीर को हाइड्रेट रखना सबसे जरूरी होता है. ऐसे में लोग बाजार के कोल्ड ड्रिंक्स और पैकेज्ड जूस की तरफ जल्दी आकर्षित हो जाते हैं. हालांकि इनमें ज्यादा शुगर और प्रिजर्वेटिव (Preservative) हो सकते हैं. अगर आप घर पर ही कुछ हेल्दी, टेस्टी और इंस्टेंट बनाना चाहते हैं, तो वॉटरमेलन स्ट्रॉबेरी शेक एक शानदार ऑप्शन हो सकता है. यह ड्रिंक ना सिर्फ शरीर को ठंडक देती है बल्कि इसका स्वाद भी काफी रिफ्रेशिंग लगता है. खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता.
तरबूज में पानी की मात्रा काफी ज्यादा होती है, जिससे शरीर हाइड्रेट (Hydrate) रहता है. वहीं स्ट्रॉबेरी इस ड्रिंक को हल्का खट्टा-मीठा स्वाद देती है. दोनों फलों का कॉम्बिनेशन गर्मी के मौसम में काफी अच्छा माना जाता है. अगर आप मीठा कम पसंद करते हैं, तो इसमें चीनी की मात्रा अपनी पसंद के हिसाब से रख सकते हैं.
तरबूज स्ट्रॉबेरी शेक बनाने के लिए सामग्री- (Ingredients For Making Watermelon Strawberry Shake)
- 2 कप कटे हुए तरबूज के टुकड़े
- 1 कप स्ट्रॉबेरी
- 1 कप ठंडा दूध
- 2 से 3 बर्फ के टुकड़े
- 1 से 2 चम्मच शहद या चीनी
- थोड़ा सा पुदीना सजाने के लिए
यह भी पढ़ें- नारियल पानी पीने वाले लोग रोज करते हैं ये 5 गलतियां, फायदे की जगह हो सकता है नुकसान
कैसे बनाएं वॉटरमेलन स्ट्रॉबेरी शेक- (How To Make Watermelon Strawberry Shake)
सबसे पहले तरबूज के बीज निकाल लें. इसके बाद स्ट्रॉबेरी को अच्छे से धो लें. अब मिक्सर जार में तरबूज, स्ट्रॉबेरी, दूध और शहद डालें. इसे अच्छी तरह ब्लेंड करें. अगर आपको शेक ज्यादा ठंडा पसंद है, तो इसमें बर्फ के टुकड़े भी डाल सकते हैं. जब शेक स्मूद हो जाए, तो इसे गिलास में निकाल लें. ऊपर से पुदीने की पत्तियां डालकर सर्व करें. चाहें तो इसे कुछ देर फ्रिज में रखकर भी पी सकते हैं.
इन बातों का रखें ध्यान
अगर तरबूज पहले से बहुत मीठा है, तो अतिरिक्त चीनी डालने की जरूरत नहीं पड़ेगी. वहीं ज्यादा गाढ़ा शेक पसंद हो तो दूध की मात्रा कम रख सकते हैं. बच्चों के लिए इसे और मजेदार बनाने के लिए ऊपर से थोड़ी ड्राई फ्रूट्स की गार्निश भी की जा सकती है.
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं