Amla Hari Mirch Ka Achar Recipe: सर्दियों की थाली बाजरे या मक्के की गरम रोटी के बिना अधूरी लगती है और उस पर चटपटा अचार मिल जाए तो बात ही कुछ और है. क्यों न इस बार घर का बना आंवला और तीखी हरी मिर्च का अचार बनाया जाए? अक्सर लोगों की शिकायत रहती है कि घर का बना अचार कुछ ही हफ्तों में नरम पड़ जाता है, रंग बदल लेता है या फिर उसमें फफूंद लग जाती है, लेकिन अगर तैयारी के दौरान कुछ छोटी बातों का ध्यान रखा जाए, जैसे नमी पूरी तरह सुखाना, सही मात्रा में नमक और हल्दी मिलाना और साफ सूखे बर्तन का इस्तेमाल करना, तो यह अचार बिना किसी झंझट के लंबे समय तक टिकता है, तो चलिए फिर जानते हैं इसे बनाने की आसान विधि क्या है.
देखें वीडियो...
सामग्री:
- आंवला (500 ग्राम)
- हरी मिर्च (200 से 250)
- सौंफ (2 बड़े चम्मच)
- मेथी दाना (1 छोटा चम्मच)
- पीली राई (2 से 3 बड़े चम्मच)
- काली राई (1 बड़ा चम्मच)
- सादा सफेद नमक (3 चम्मच)
- हल्दी पाउडर (1 चम्मच)
- हींग (1/4 चम्मच)
- कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर (2 चम्मच)
- सरसों का तेल (1/2 कप)
- सफेद सिरका (1 से 2 बड़े चम्मच)
बनाने का तरीका:
- आंवलों को धोकर पानी में डुबोकर रखें ताकि बाहर रखे रहने से उन पर दाग या रंग बदलने की समस्या न आए.
- भाप में पकाने वाले बर्तन में इन्हें 8 से 12 मिनट तक स्टीम करें जब तक कलियों में हल्की दरारें न दिखने लगें.
- हरी मिर्च धोकर पोंछ लें और लंबाई या छोटे टुकड़ों में काटें.
- आंवला और मिर्च दोनों को सूती कपड़े पर फैलाकर पंखे की हवा या 1 से 2 घंटे की हल्की धूप में सुखा लें ताकि बिल्कुल नमी न रहे.
- सूखे आंवले और मिर्च को एक बर्तन में मिलाकर नमक और हल्दी डालें.
- अच्छी तरह मिलाने के बाद लगभग 30 मिनट ढककर छोड़ दें जिससे हल्का पानी छूट जाए.
- कढ़ाई या पैन में सौंफ, मेथी, पीली राई और काली राई डालकर धीमी आंच पर 1.5 से 2 मिनट भूनें.
- राई चटकने और रंग बदलने पर आंच बंद करें, थोड़ा ठंडा होने दें और मिक्सी में दरदरा पीस लें.
- नमक-हल्दी वाले मिश्रण में हींग, कश्मीरी मिर्च और दरदरा पिसा मसाला डालें.
- आधा कप ठंडा सरसों का तेल डालकर मिलाएं और चाहें तो अंत में थोड़ा सिरका मिला दें.
- बर्तन ढककर करीब 12 घंटे के लिए छोड़ दें ताकि मसाले फूलकर अच्छी तरह लिपट जाएं.
- धुले, पोंछे और धूप दिखाए हुए सूखे कांच के जार या एयरटाइट डिब्बे में अचार भरें.
- निकालते समय हमेशा सूखी चम्मच लें और खाने के दौरान जूठी चम्मच न डालें, रोज के इस्तेमाल के लिए छोटी बोतल अलग रखें.
- छोटे बैच को सर्दियों में बाहर रखकर 1 से 2 महीने में खाया जा सकता है, जबकि साल भर रखने के लिए आंवलों को तेल में डूबाकर रखें.
इसे भी पढ़ें: हथेली पर M या X का निशान है तो समझ लीजिए किस्मत का ताला खुलने वाला है, जानिए कौन देता है असली फायदा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं