क्या आप भी व्रत के दौरान खाते हैं सिंघाडे और कुट्टू के आटे से बने व्यंजन. दरअसल नवरात्रि और अन्य व्रतों के दौरान सिंघाड़े और कुट्टू के आटे से कई तरह के व्यंजन बनाएं जाते हैं. क्या आप सिर्फ पेट भरने या व्रत में भूख को शांत करने के लिए इनका सेवन करते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि इन दोनों में से सेहत के लिए किसका सेवन ज्यादा फायदेमंद साबित हो सकता है. अगर आप भी इस बात को लेकर कंफ्यूजन में हैं तो बिल्कुल सही जगह पर हैं. क्योंकि इस बारे में शारदा केयर हेल्थसिटी के गैस्ट्रो विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक दीपक बताते हैं कि दोनों आटों के अपने-अपने फायदे हैं.
क्या खास है कुट्टू के आटे में-
कुट्टू, जिसे बकव्हीट भी कहा जाता है. इसमें कार्बोहाइड्रेट के साथ अच्छी मात्रा में प्रोटीन, फाइबर और मैग्नीशियम पाया जाता है. यही वजह है कि इसे खाने के बाद लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस होता है. इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट शरीर को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाने में भी मदद कर सकते हैं.
क्यों खास है सिंघाड़े का आटा-
सिंघाड़ा पानी में उगने वाला फल है और इसका आटा कार्बोहाइड्रेट का अच्छा सोर्स माना जाता है. व्रत के दौरान शरीर को जल्दी एनर्जी देने में यह मदद करता है. इसमें पोटैशियम और कुछ मात्रा में फाइबर भी मौजूद होता है. इसके अलावा यह पूरी तरह ग्लूटेन-फ्री होता है, इसलिए ग्लूटेन से परहेज करने वाले लोग भी इसका सेवन कर सकते हैं.

दोनों में कौन ज्यादा फायदेमंद?
अगर आपका गोल ज्यादा प्रोटीन और फाइबर लेना है, तो कुट्टू का आटा बेहतर विकल्प माना जा सकता है. वहीं, अगर आपको दिनभर की एक्टिविटी के लिए तुरंत ऊर्जा चाहिए और हल्का भोजन पसंद है, तो सिंघाड़े का आटा अच्छा चुनाव हो सकता है. हालांकि, किसी भी आटे का फायदा काफी हद तक इस बात पर भी निर्भर करता है कि उसे किस तरह पकाया जा रहा है.
बनाने का तरीका भी है अहम-
डॉ. दीपक के अनुसार, सिर्फ आटा हेल्दी होने से फायदा नहीं होता. अगर उसी आटे की डीप-फ्राई पूरियां और पकौड़ियां बनाई जाएं, तो पोषण का संतुलन बदल सकता है. इसके बजाय कम तेल में बना चीला, रोटी या पराठा बेहतर ऑप्शन हो सकता है.
एक्सपर्ट के बारे में- डॉ. अभिषेक दीपक शारदाकेयर हेल्थसिटी के इंस्टीट्यूट ऑफ गैस्ट्रो साइंसेज में निदेशक (हेपेटोलॉजिस्ट एवं थेरेप्यूटिक एंडोस्कोपिस्ट) हैं. वे लिवर, पाचन तंत्र और एंडोस्कोपी से जुड़ी बीमारियों के विशेषज्ञ हैं.
ये भी पढ़ें- क्या डायबिटीज में खा सकते हैं शकरकंद? जानें फायदे और सेवन का सही तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं