क्या आप भी फलाहार में एक ही तरह का आलू या साबूदाना खा-खाकर बोर हो गए हैं, तो अब वक्त है व्रत वाली थाली को थोड़ा सा अपग्रेड करने का. जी हां, आपने बिल्कुल सही सुना. क्योंकि हाल ही में न्यूट्रिशनिस्ट सिमरन कौर ने व्रत के लिए एक बेहद यूनिक रेसिपी शेयर की है, जिसका नाम है राजगिरा कर्ड पुडिंग (Rajgira Curd Pudding). यह रेसिपी स्वाद और सेहत का एक ऐसा बेहतरीन मेल है, जिसे खाने के बाद आपको कमजोरी महसूस नहीं होगी और आपका व्रत भी शानदार तरीके से कटेगा.
सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने में आपको किचन में घंटों खड़े रहने की जरूरत नहीं है और इसमें इस्तेमाल होने वाली सारी चीजें बहुत आसानी से घर पर मिल जाती हैं.
पोषण से भरपूर है यह स्पेशल डिश-
जब हम व्रत रखते हैं, तो शरीर को सही मात्रा में एनर्जी और प्रोटीन मिलना बहुत जरूरी होता है ताकि चक्कर न आएं.
इस राजगिरा कर्ड पुडिंग की न्यूट्रिशन वैल्यू-
- कैलोरी- लगभग 400 kcal
- प्रोटीन- लगभग 18 g
- कार्बोहाइड्रेट- लगभग 50 से 55 g
- फैट- लगभग 20 से 22 g
- फाइबर- लगभग 5 से 6 g
क्या-क्या चाहिए इसे बनाने के लिए?
- आधा कटोरी उबला हुआ राजगिरा
- 1 कप गाढ़ा दही या कर्ड
- आधा खीरा
- आधा उबला हुआ आलू (छोटे टुकड़ों में कटा हुआ)
- एक चौथाई चम्मच सेंधा नमक
- एक चौथाई चम्मच काला नमक
- एक चौथाई चम्मच भुना हुआ जीरा पाउडर
- थोड़ा सा हरा धनिया
- सजावट के लिए अनार के दाने
तड़के के लिए-
- 1 छोटी चम्मच देसी घी
- 4 से 5 काजू (कटे हुए)
- 8 से 10 मूंगफली के दाने
- एक चौथाई चम्मच जीरा
विधि-
- सबसे पहले राजगिरा को अच्छे से धो लें और फिर इसे पानी में तब तक उबालें जब तक यह नरम न हो जाए. उबलने के बाद इसे थोड़ा ठंडा होने के लिए रख दें.
- अब एक बड़े बर्तन या बाउल में दही लें. इसमें उबला हुआ राजगिरा, कद्दूकस किया हुआ खीरा और उबले हुए आलू के टुकड़े मिला दें.
- इसके बाद इसमें सेंधा नमक, काला नमक और भुना हुआ जीरा पाउडर डालें. इन सभी चीजों को अच्छी तरह से मिला लें ताकि मसालों का स्वाद हर बाइट में आए.
- एक छोटे पैन में एक छोटी चम्मच देसी घी गर्म करें. इसमें जीरा, कटे हुए काजू और मूंगफली के दाने डालें. इन्हें हल्का गोल्डन होने तक भून लें.
- तैयार किए गए इस तड़के को राजगिरा और दही के मिश्रण के ऊपर डाल दें और हल्के हाथों से सब कुछ मिला लें.
- आखिर में ऊपर से बारीक कटा हुआ हरा धनिया और लाल-लाल अनार के दाने डालकर सजाएं.
- आपकी ठंडी-ठंडी और स्वादिष्ट राजगिरा कर्ड पुडिंग तैयार है.
ये भी पढ़ें- आज क्या बनाऊं: ट्राई करें फलाहारी उपमा, स्वाद के साथ सेहत से भी है भरपूर, नोट करें रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं