विज्ञापन

राजस्थानी ढोंगरी तड़का चटनी कैसे बनाएं? जानें तीखी-चटपटी चटनी बनाने की आसान रेसिपी

न मिक्सी, न गैस पर पकाना, 10 मिनट में बनाइए राजस्थानी ढोंगरी तड़का चटनी, स्वाद ऐसा कि बार-बार खाने का करेगा मन.

राजस्थानी ढोंगरी तड़का चटनी कैसे बनाएं? जानें तीखी-चटपटी चटनी बनाने की आसान रेसिपी
ढोंगरी तड़का चटनी कैसे बनाएं.
NDTV

चटनी खाने के स्वाद को बढ़ाने का काम करती है. भारत में आपको हर राज्य की एक अनोखी स्वाद वाली चटनी मिल जाएगी. आज हम आपको एक ऐसी ही चटनी के बारे में बता रहे हैं जिसे राजस्थान में बड़े चाव से खाया जाता है. राजस्थानी ढोंगरी तड़का चटनी, ये ऐसी चटनी है कि सूखी रोटी भी इसके साथ स्वादिष्ट लगने लगती है. ढोंगरी मतलब प्याज. प्याज, टमाटर, मूंगफली, लहसुन और गरम तेल के तड़के से बनती है ये चटनी. इसके लिए न मिक्सी चाहिए, न गैस पर पकाना है. बस 10 मिनट में बन जाती है, और खाने वाले पूछते रह जाते हैं, ये चटनी कैसे बनाई. इस रेसिपी को इंस्टाग्राम (shahanasfoodnation) पर शेयर किया गया है, तो चलिए जानते हैं इसे बनाने की आसान रेसिपी.

यहां देखें वीडियो- 

कैसे बनाएं ढोंगरी तड़का चटनी- 

सामग्री-

  • लाल प्याज 
  • टमाटर
  • हरा धनिया 
  • भुनी हुई मूंगफली
  • लहसुन
  • लाल मिर्च पाउडर
  • नमक 
  • तेल 

विधि-

  1. बसे पहले प्याज को छील लीजिए. प्याज को बारीक-बारीक काट लीजिए. प्याज को बहुत मोटा मत काटिए, बारीक कटा हुआ प्याज ही चटनी में अच्छा लगता है.
  2. अब टमाटर को भी बारीक-बारीक काट लीजिए. टमाटर पका हुआ लीजिए, कच्चा टमाटर चटनी में खट्टा लगेगा.
  3. अब एक मिट्टी के बाउल में, या किसी बड़े बाउल में कटा हुआ प्याज डाल दीजिए, कटा हुआ टमाटर डाल दीजिए. 
  4. ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डाल दीजिए. मिट्टी के बर्तन में चटनी का स्वाद और भी बढ़ जाता है. 
  5. अगर मिट्टी का बाउल नहीं है, तो स्टील का बाउल भी चलेगा. 
  6. अब असली स्वाद वाली चीज है, मूंगफली और लहसुन. एक खलड़ी में भुनी हुई मूंगफली डालिए, साथ में लहसुन की कलियां डालिए.
  7. अब इसको खलड़ी में दरदरा कूट लीजिए. मिक्सी में मत पीसिए. मिक्सी में पीसने से ये पेस्ट बन जाएगा, चटनी में मजा नहीं आएगा.
  8. खलड़ी में कूटने से मूंगफली थोड़ी दरदरी रहती है, दाने-दाने दिखते हैं, चटनी में क्रंच आता है. 
  9. कूटा हुआ मूंगफली-लहसुन भी उसी बाउल में डाल दीजिए, जिसमें प्याज-टमाटर रखा है.
  10. अब बाउल में 1 बड़ा चम्मच लाल मिर्च पाउडर डालिए. राजस्थानी चटनी थोड़ी तीखी ही होती है. 
  11. अगर आपको कम तीखा चाहिए, तो मिर्च थोड़ी कम कर दीजिए. लेकिन इस चटनी का मजा तो तीखेपन में ही है. 
  12. अब स्वाद के हिसाब से नमक डाल दीजिए. मसालों को अभी मिलाइए मत.  मसालों को ऊपर से ही रहने दीजिए. 

कैसे लगाएं चटनी में तड़का-

  • एक छोटी कड़ाही में तेल गरम कीजिए. तेल को खूब गरम कीजिए, इतना कि उसमें से धुआं उठने लगे. 
  • अब इस गरम तेल को सीधे बाउल में, मसालों के ऊपर डाल दीजिए. छनननन... की आवाज आएगी. 
  • तेल गरम होगा, तो मसाले उसी में भुन जाएंगे. प्याज, टमाटर, मूंगफली सब में तड़के की खुशबू आ जाएगी. 
  • ध्यान रखिए, तेल डालते समय हाथ दूर रखिए, छींटे उड़ सकते हैं. और तेल एकदम गरम होना चाहिए, ठंडा तेल डालेंगे, तो चटनी में वो बात नहीं आएगी.
  • अब 1 मिनट रुकिए, तेल थोड़ा ठंडा हो जाए. फिर हाथ से अच्छी तरह मिला लीजिए. चम्मच से नहीं, हाथ से मिलाइए. 
  • हाथ से मिलाने से सब चीजें अच्छी तरह मिल जाती हैं, प्याज थोड़ा नरम हो जाता है, टमाटर का रस निकल आता है, मूंगफली का तेल भी मिल जाता है.
  • बस, आपकी राजस्थानी ढोंगरी तड़का चटनी तैयार है. इस चटनी को बाजरे की रोटी के साथ या पराठा, दाल चावल के साथ खा सकते हैं.

ये भी पढ़ें- सर्दियों में आटे का लड्डू कैसे बनाएं? जानें ड्राई फ्रूट्स गोंद आटा लड्डू बनाने का देसी तरीका

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rajasthani Chutney, Rajasthani Recipe, Pyaaz Ki Chutney, Lahsun Ki Chutney, Mungfali Ki Chatni
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com