रागी को सेहत का खजाना कहा जाता है. अगर आप अपनी रोजाना की गेहूं की रोटी का एक हेल्दी और ग्लूटेन-फ्री ऑप्शन तलाश रहे हैं, तो रागी और मिक्स्ड सीड्स से बनी यह रोटी आपके लिए परफेक्ट साबित हो सकती है. रागी में कैल्शियम, फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं, जबकि अलसी, तिल और कद्दू के बीज इसमें एक्स्ट्रा पोषण और हल्का क्रंची टेक्सचर एड करते हैं. यही वजह है कि यह रोटी स्वाद और सेहत दोनों का शानदार बैलेंस बनाती है.
इस रेसिपी की खास बात यह है कि इसमें मैदा या गेहूं के आटे की जरूरत नहीं पड़ती. उबलते पानी में रागी आटा मिलाकर तैयार किया गया आटा रोटी को मुलायम बनाता है, जबकि ऊपर लगे मिक्स्ड सीड्स हर बाइट में हल्का नटी फ्लेवर देते हैं. घी लगाकर सर्व की गई यह रोटी किसी भी सब्जी, दाल या चटनी के साथ बेहद स्वादिष्ट लगती है. इस रोटी को बनाने का आसान तरीका इंस्टाग्राम (meghnasfoodmagic) पर शेयर किया गया है.
एक रागी और सीड्स रोटी में कितना प्रोटीन-
- प्रति रोटी 3 ग्राम प्रोटीन
कैसे बनाएं रागी सीड्स की फूली-फूली रोटी-
सामग्री-
- 1 कप रागी आटा
- 1 बड़ा चम्मच अलसी के बीज
- 1 बड़ा चम्मच सफेद तिल
- 1 बड़ा चम्मच कद्दू के बीज
- ½ कप पानी
- घी (पकी हुई रोटी पर लगाने के लिए)
- सूखा आटा (बेलन के लिए)
विधि-
- एक पैन में ½ कप पानी डालें और उसे अच्छे से उबाल लें.
- जैसे ही पानी उबलने लगे, उसमें 1 कप रागी आटा डाल दें.
- आटे को पानी में अच्छी तरह मिला लें, तुरंत गैस बंद कर दें और पैन को ढक्कन से ढक दें. इसे 5 मिनट तक ऐसे ही रहने दें.
- मिश्रण को एक मिक्सिंग बाउल में निकाल लें और थोड़ा ठंडा होने दें ताकि इसे हाथ से संभाला जा सके.
- मिश्रण को गूंधकर मुलायम आटा तैयार करें और उससे 6 से 7 बराबर आकार की लोइयां बना लें.
- चकले पर थोड़ा सूखा आटा छिड़क लें.
- अलसी, तिल और कद्दू के बीज का थोड़ा सा मिश्रण लें और एक लोई की एक तरफ दबा दें.
- बेलन की मदद से लोई को सावधानी से बेल लें.
- बेली हुई रोटी को गर्म तवे पर डालें.
- एक तरफ हल्का पकने पर पलट दें और साफ कपड़े से हल्के हाथों से दबाते हुए सेंकें ताकि रोटी फूल जाए.
- चाहें तो सीधे गैस की आंच पर भी फुला सकते हैं. दोनों तरफ से अच्छी तरह पकाएं.
- तैयार रोटी को प्लेट में निकालें और ऊपर से अच्छी मात्रा में घी लगा दें.
- बाकी आटे से भी इसी तरह रोटियां बनाएं और गरमागरम चटनी या किसी भी सब्जी के साथ सर्व करें.
ये भी पढ़ें- शेफ रणवीर बरार ने बताया अष्टमी का हलवा, चना और पूरी बनाने का सही तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं