रोटी भारतीय मील का अहम हिस्सा है. आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में हम सब अपनी सेहत को लेकर काफी फिक्रमंद रहने लगे हैं. इसलिए बहुत से लोग रेगुलर रोटी की जगह रागी रोटी को डाइट में शामिल करना पसंद करते हैं. क्योंकि खानपान में थोड़ा सा बदलाव करके शरीर को कई बीमारियों से दूर रख सकते हैं. रागी को फिंगर मिलेट के नाम से भी जाना जाता है. इसमें कैल्शियम, आयरन, फाइबर और प्रोटीन भरपूर मात्रा में होते हैं. तो चलिए जानते हैं कैसे बनाएं सॉफ्ट रोटी.
आपने अक्सर कई लोगों को ये कहते हुए सुना होगा कि रागी की रोटियां बहुत सख्त बनती हैं या बेलते वक्त टूट जाती हैं. अगर आपके साथ भी ऐसा ही होता है, तो परेशान होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. इस आसान तरीके से आप एकदम मुलायम और फूली-फूली रोटी बना सकते हैं.

कैसे बनाएं सॉफ्ट रागी रोटी- (How To Make Soft Ragi Roti)
सामग्री-
- रागी का आटा- 1 कप
- पानी- 1 कप (गुनगुना)
- नमक- स्वादानुसार
- थोड़ा सा घी या तेल-
विधि-
- रागी की रोटी बनाने का तरीका गेहूं की रोटी से थोड़ा अलग होता है. अगर आप सही तरीका अपनाएंगे, तो रोटी मुलायम बनेगी.
- सबसे पहले एक बर्तन में एक कप पानी और थोड़ा सा नमक डालकर गैस पर उबलने के लिए रख दें.
- जब पानी में अच्छा उबाल आ जाए, तो गैस बंद कर दें.
- अब इस उबलते हुए पानी में धीरे-धीरे रागी का आटा डालें और लगातार चलाते रहें ताकि गांठें न पड़ें.
- सारा आटा मिलाने के बाद इसे अच्छे से मिलाकर ढक दें और 10 मिनट के लिए रख दें.
- ऐसा करने से आटा पानी को अच्छे से सोख लेता है और सॉफ्ट हो जाता है.
- 10 मिनट बाद इस मिश्रण को एक बड़े बर्तन में निकाल लें. जब यह हल्का ठंडा हो जाए, तब हाथों में थोड़ा सा पानी या तेल लगाकर इसे अच्छे से गूंथ लें.
- आटे को तब तक गूंथना है जब तक वह एकदम चिकना और मुलायम न हो जाए.
- अब इस आटे से छोटी-छोटी लोइयां तोड़ लें. रागी के आटे में ग्लूटेन नहीं होता, इसलिए इसे बेलते वक्त चकले और बेलन पर सूखा गेंहू या रागी का आटा लगाएं.
- आप चाहें तो लोई को प्लास्टिक शीट के बीच रखकर हल्के हाथों से बेल सकते हैं, इससे यह बिल्कुल नहीं टूटेगी.
- अब तवे को मीडियम आंच पर गर्म करें. बेली हुई रोटी को तवे पर डालें. जब एक तरफ से हल्की सिक जाए, तो इसे पलट दें.
- इसके बाद कपड़े या स्पैचुला की मदद से हल्के हाथ से दबाएं. रागी की रोटी गुब्बारे की तरह फूल जाएगी.
- दोनों तरफ से अच्छे से सेंकने के बाद इस पर थोड़ा सा घी लगाएं. लीजिए, गरमा-गरम और मुलायम रागी की रोटी तैयार है.
- इसे अपनी मनपसंद दाल, सब्जी या चटनी के साथ सर्व करें.
1 दिन में कितनी रागी की रोटी खाना चाहिए?
एक आम इंसान और सेहतमंद व्यक्ति के लिए एक दिन में 2 से 3 रागी की रोटियां खाना एकदम सही माना जाता है. अगर आप वजन घटाने के सफर पर हैं या डायबिटीज के मरीज हैं, तो लंच या डिनर में दो रोटियां काफी होती हैं. शुरुआत में आप दिन में सिर्फ 1 रोटी से शुरुआत करें ताकि आपका पेट इसे आसानी से पचा सके. रागी की तासीर ठंडी होती है, इसलिए गर्मी के मौसम में यह शरीर को ठंडक देती है, लेकिन सर्दियों में इसे सीमित मात्रा में ही खाएं.
ये भी पढ़ें- आटा गूंथने में आता है आलस? बिना हाथ लगाए बिना मशीन के इन 2 तरीकों से गूंथे सॉफ्ट आटा और बनाएं फूली-फूली चपाती
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं