मीरा कपूर को खाने-पीने का बेहद शौक है और वे अक्सर अपने इस शौक की झलकियां अपने फैंस के साथ साझा करती रहती हैं. चाहे कहीं घूमने के दौरान कुछ नया चखना हो या घर की रसोई में कुछ खास बनाना हो, उनकी पोस्ट्स हमेशा लोगों को खूब पसंद आती हैं. हाल ही में मीरा ने एक ऐसी खास रेसिपी का जिक्र किया, जो न सिर्फ स्वादिष्ट है बल्कि सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद है. यह रेसिपी सहजन और लाल मसूर की दाल के सूप की है, जो शरीर में हीमोग्लोबिन और आयरन की कमी को पूरा करने में मददगार साबित होती है.
हाल ही में फ्लाइट के दौरान मीरा कपूर की मुलाकात पूर्व मंत्री स्मृति ईरानी से हुई. बातों-बातों में मीरा को स्मृति ईरानी का सालों पुराना एक वीडियो याद आ गया, जिसमें उन्होंने एनीमिया से निपटने का बेहद आसान तरीका बताया था.
3 महीने तक पिया सूप, ब्लड रिपोर्ट में दिखा असर
मीरा खुद लंबे समय से खून की कमी की समस्या से जूझ रही थीं, इसलिए उन्होंने बिना देर किए उस सूप को अपनी डाइट में शामिल कर लिया और लगातार तीन महीने तक पिया. नतीजे इतने शानदार रहे कि उनकी ब्लड रिपोर्ट में साफ तौर पर सुधार देखने को मिला. इस पूरी बात की जानकारी मीरा ने खुद सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करके दी है.
ये देखिए वीडियो...
सूप बनाने का बेहद आसान तरीका:
- सहजन (ड्रमस्टिक) के टुकड़े लें.
- थोड़ी सी लाल मसूर की दाल और 3-4 सेम की फली मिलाएं.
- इसमें कटा हुआ प्याज, टमाटर और अदरक डालें.
- अपनी पसंद के मुताबिक नमक और हल्के मसाले मिलाएं.
- इन सब चीजों को अच्छे से उबालकर सूप तैयार कर लें.
मीरा का कहना है कि यह कोई महंगी या मुश्किल रेसिपी नहीं है. इसमें इस्तेमाल होने वाली सारी चीजें बहुत आसानी से हर आपको घर की रसोई में मिल जाएंगी.
हीमोग्लोबिन बढ़ाने के लिए क्या खाएं?
इसके लिए आप अपनी रोजाना की डाइट में,
- दालें
- छोले
- राजमा
- सोयाबीन
- तोफ़ू
- पालक
- रागी
- तिल
- कद्दू के बीज
जैसी चीजों को शामिल कर सकते हैं. नियमित रूप से इनका सेवन खून की कमी को दूर करने में मदद कर सकता है.
इसे भी पढ़ें: बदलते मौसम में पिएं तुलसी का काढ़ा, नोट कर लें रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं