Viral Video: डेलॉइट में लाखों रुपये महीने वाली नौकरी छोड़ने के बाद अब प्रीति बिस्निक ने कनाडा को अलविदा कहने का मन बना लिया है. 22 सितंबर को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए उन्होंने 6 साल बाद वापस भारत आने का खुलासा किया है. प्रीति का कहना है कि भारत आकर वो एक ऐसी जिंदगी जीना चाहती हैं, जिसमें वे सिर्फ वर्कआउट करें और कुछ काम ना करें. वे अपने माता-पिता के साथ रहकर अपना बचपन दोबारा जीना चाहती हैं.
नौकरी छोड़ी या निकाल दिया गया?
1 मिनट 37 सेकंड के इस वीडियो में प्रीति ने उन सभी सवालों के जवाब दिए हैं, जिनका सामना देश छोड़ते वक्त अक्सर सभी को करना पड़ता है. प्रीति ने कहा, 'मुझे कंपनी ने छटनी में नहीं निकाला है. मैंने खुद से रिजाइन किया है. मेरे मैनेजर ने तो मुझे कुछ दिन की छुट्टी देकर वापस जॉइन करने का ऑफर भी दिया था, लेकिन मैंने अपना मन बना लिया था, इसलिए उस ऑफर को लेने से मैंने विनम्रता पूवर्क मना कर दिया. रही बात देश छोड़ने की तो आपको बता दूं कि मैं कनाडा की नागरिक हूं, मुझे नौकरी जाने के डर से तुरंत देश छोड़ने वाला डर नहीं है. मैं जब तक चाहूं तब तक आराम से यहां रह सकती हूं.'
6 साल बाद कनाडा क्यों छोड़ना है?
प्रीति ने बताया, 'मेरे जाने की वजह मेरी ज़िंदगी के दो सबसे खास लोग हैं- मेरे मम्मी और पापा. वे दोनों अब बूढ़े हो गए हैं. मेरी मम्मी को चलने-फिरने और देखने में दिक्कत होती है. बेहतर यही है कि एक बेटी के तौर पर मैं वहां जाकर अपने माता-पिता के साथ रहूं और उनकी सेहत का ध्यान रखूं, बजाय इसके कि बाद में पछताना पड़े. मैंने कनाडा में रहकर न्यूट्रिशनिस्ट की पढ़ाई की है. अब मैं भारत वापस जाकर अपने पेरेंट्स को न्यूट्रिशन और स्ट्रेंथ की ट्रेनिंग देना चाहती हूं. अभी तक प्लान इतना ही नहीं. बाकी फिर अगले साल सोचूंगी कि अपनी जिंदगी के साथ क्या करना है, क्योंकि मुझे अभी कोई अंदाजा नहीं है कि मैं आगे क्या करने वाली हूं.'
कनाडा जाकर बढ़ गया 20 किलो वजन
प्रीति ने बताया कि 6 साल वहां रहते हुए उनका वजन 20 किलो बढ़ गया था. भारत से कनाडा शिफ्ट होते वक्त वे 78 किलो की थीं, लेकिन कुछ ही सालों में उनका वजन 100 किलो के आसपास पहुंच गया. हालांकि कड़ी मेहनत के बाद अब उन्होंने अपना 10 किलो वजन कम कर लिया है. और अब वो कंप्यूटर के आगे बैठकर काम करने वाली जॉब से एक लंबा ब्रेक चाहती हैं. इसीलिए इस बात को भी भारत आने की एक वजह माना जा सकता है.
यहां देखें पूरा वीडियो:-
वीडियो वायरल होते ही इंटरनेट पर छिड़ी बहस
प्रीति का यह वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग जमकर इस पर प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कुछ लोग प्रीति को यह फैसला लेने के लिए बधाई दे रहे हैं, जबकि कुछ कड़वे सवाल पूछ रहे हैं, जिनका प्रीति ने जवाब भी दिया है.
एक शख्स ने पूछा कि आप अपने माता-पिता को कनाडा ही क्यों नहीं बुला लेतीं? इसके जवाब में प्रीति ने कहा, 'मेरी मां को ग्लूकोमा है. 16 घंटे की फ्लाइट के दौरान कैबिन के प्रेशर से उन्हें दिक्कत हो सकती है. उनकी नजर के अलावा उन्हें चलने-फिरने में भी परेशानी हो रही है. मेरे पिता भी बुज़ुर्ग हैं. इन सभी वजहों के अलावा, कनाडा में मेडिकल वेट लिस्ट भी है, खासकर तब जब मामला इमरजेंसी का न हो. मुझे यकीन है कि कोई भी कदम उठाने से पहले मैंने सोच-समझकर फ़ैसला किया है.'
दूसरे यूजर ने पूछा कि क्या आप अपने माता-पिता की इकलौती संतान हो? प्रीति ने बताया, 'नहीं, मेरे भाई यूएस और लंदन में हैं.' यूजर ने फिर सवाल किया कि आप में से कोई भी अपने माता-पिता को यहां क्यों नहीं ला सकता? प्रीति ने बताया कि उनके पापा रिटायर्ड डिफेंस पर्सन हैं. उन्हें अपने देश के अलावा किसी और देश में रहने के लिए मनाना मुश्किल है. साथ ही, कनाडा में मेडिकल सर्विस के लिए लंबी वेटलिस्ट होती है. सोचिए, अगर भगवान न करे कुछ हो जाए, तो क्या होगा? भारत में हेल्थकेयर सर्विस आसानी से मिल जाती है.'
यह खबर भी पढ़ें:- 30 हजार कमाने वाले Gen Z की Thar देख Boss होंडा सिटी ले आया, अगले दिन युवक रेंज रोवर में बैठकर आया
यह खबर भी पढ़ें:- 7 दिन में iPhone 18 Pro खरीदने जितना पैसा ऑनलाइन खाने पर खर्च करती है महिला! बोली- 'किचन में आता है आलस'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं