रसोई में बासी या बचे हुए चावल का रखा रहना एक आम बात है. अमूमन लोग समझ नहीं पाते कि ठंडे चावलों का क्या किया जाए, उन्हें दोबारा गर्म करके खाना कई बार उबाऊ लगता है, और फेंकना अन्न का अपमान है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि यही बचे हुए चावल आपकी सुबह की चाय या शाम के नाश्ते को बेहद लजीज बना सकते हैं?
इस रेसिपी की सबसे खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर कोई इसे बड़े चाव से खाता है. अगर आपके घर में बच्चे सब्जियां खाने में आनाकानी करते हैं, तो यह तरीका उन्हें पौष्टिक सब्जियां खिलाने का सबसे स्मार्ट जरिया साबित हो सकता है.
देखें वीडियो...
सामग्री:
- बचे हुए चावल (2 कप)
- गेहूं का आटा (½ कप)
- बेसन (½ कप)
- लौकी (½ कप कद्दूकस की हुई)
- प्याज (1 बड़ा)
- गाजर (¼ कप घिसी हुई)
- शिमला मिर्च (¼ कप)
- हरा धनिया
- अदरक (1 इंच)
- हरी मिर्च (2 से 3)
- लहसुन (5 से 6 कलियां)
- अजवाइन (1 छोटी चम्मच)
- लाल मिर्च पाउडर (1 छोटी चम्मच)
- हल्दी पाउडर (¼ छोटी चम्मच)
- जीरा पाउडर (½ छोटी चम्मच)
- धनिया पाउडर (1 छोटी चम्मच)
- नमक (स्वादानुसार)
- नींबू का रस (1 चम्मच)
- तेल (1 छोटी चम्मच)
- राई और जीरा (½-½ छोटी चम्मच)
- सफेद तिल (1 छोटी चम्मच)
- हींग (एक चुटकी)
- करी पत्ता और चिली फ्लेक्स (आवश्यकतानुसार)
बनाने की आसान विधि:
- सबसे पहले मिक्सी के जार में अदरक, हरी मिर्च और लहसुन डालकर सूखा दरदरा पीस लें.
- अब इसी जार में बचे हुए चावल डालें और बस एक-दो बार पल्स मोशन पर चला लें.
- ध्यान रहे, चावल का पेस्ट नहीं बनाना है, बस उन्हें हल्का मैश करना है.
- अगर चावल बहुत सूखे हों तो एकाध बूंद पानी छिड़क सकते हैं.
- पिसे हुए चावल को एक बड़े बर्तन में निकालें.
- अब इसमें कद्दूकस की हुई लौकी, प्याज, गाजर, शिमला मिर्च और हरा धनिया मिलाएं.
- इसके बाद सारे सूखे मसाले और स्वादानुसार नमक डालें.
- बाइंडिंग के लिए थोड़ा-थोड़ा करके बेसन और गेहूं का आटा मिलाएं.
- लौकी और सब्जियों में अपना पानी होता है, इसलिए पानी डाले बिना हाथों से दबाते हुए एक नरम डो तैयार कर लें.
- एक थाली या स्टीमर प्लेट को थोड़े से तेल से चिकना कर लें.
- तैयार मिश्रण को थाली में डालकर हाथों से एकसमान फैलाएं और ऊपर से समतल कर दें.
- एक कढ़ाई में डेढ़ गिलास पानी गर्म करें, बीच में स्टैंड रखें और उस पर यह थाली रखकर ढक दें.
- मीडियम आंच पर 10 से 12 मिनट तक भाप में पकने दें.
- चाकू डालकर चेक करें; यदि चाकू साफ बाहर आए, तो गैस बंद कर दें और थाली को ठंडा होने दें.
- ठंडा होने पर इस जमे हुए नाश्ते को मनचाहे आकार में काट लें.
- आप चाहें तो इसे ऐसे भी चटनी के साथ परोस सकते हैं, लेकिन स्वाद बढ़ाने के लिए, एक पैन में 1 चम्मच तेल गर्म करें.
- उसमें राई, जीरा, सफेद तिल, हींग, करी पत्ता और हरी मिर्च का तड़का लगाएं.
- अब काटे हुए टुकड़े इसमें डालें और मध्यम आंच पर हल्का सुनहरा होने तक टॉस करें.
- ऊपर से थोड़ा सा नींबू का रस और ताजा हरा धनिया छिड़कें. गरमा-गरम, सुपर सॉफ्ट और सेहतमंद नाश्ता सर्व करने के लिए बिल्कुल तैयार है.
इसे भी पढ़ें: दीवाली पर बनाएं गुजरात की फेमस, मगस मिठाई, इस सीक्रेट से बनेगी कुरकुरी और दानेदार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं