Vande Bharat Express: बनारस से नई दिल्ली जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस (22415) ट्रेन में हुई एक घटना बड़ी सीख है. वंदे भारत में अपने परिवार व रिश्तेदारों को बैठाने गए करीब 1 दर्जन लोग ट्रेन के अंदर ही फंस गए. ये घटना वंदे भारत एक्सप्रेस के दरवाजे ऑटोमैटिक बंद होने के चलते हुई. प्लेटफॉर्म पर खड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के दरवाजे अचानक बंद हो जाने से लोग अंदर ही रह गए और वे स्टाफ से काफी गुहार लगाने के बाद भी बाहर नहीं निकल पाए. इसके बाद ट्रेन करीब 140 किमो तक चली आई. बाद में इमरजेंसी स्थिति में ट्रेन को रोकवाकर उन लोगों को नीचे उतारा गया और उन पर रेलवे ने नियमों के उल्लंघन पर भारी-भरकम जुर्माना ठोंका.
कानपुर में सिर्फ 4 मिनट का स्टॉपेज
घटना कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर रविवार को हुई है. जहां पर अलग-अलग जगहों से ये सभी लोग अपने परिवार या रिश्तेदार को वंदे भारत एक्सप्रेस (22415) में बैठाने के लिए आए थे. सुबह 6 बजे बनारस से चलने वाली वंदे भारत ट्रेन का प्रयागराज के बाद कानपुर सेंट्रल पहुंचने का टाइम सुबह 09:26 बजे है. कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत मात्र 4 मिनट ही रुकती है.
अपने आप बंद होते वंदे भारत के दरवाजे
इसी दौरान एक्सप्रेस कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस में अपने-अपने परिजनों को बैठाने गए 12 लोग अचानक से दरवाजा बंंद हो जाने से अंदर ही रह गए. वंदे भारत एक्सप्रेस की खासियत है कि इसके दरवाजे ऑटोमैटिक खुलते और बंद होते हैं. दरवाजे सिर्फ उसी समय खुलेंगे, जब ट्रेन उस स्टेशन पर पहुंचेगी, जहां पर स्टॉपेज है.
इसके बाद निर्धारित कुछ ही समय में वंदे भारत एक्सप्रेस के सभी दरवाजे अपने आप बंद हो जाएंगे. अगर किसी स्टेशन पर वंदे भारत का स्टॉपेज नहीं है और किसी कारण बस वहां पर वो रुक गई तो दरवाजे नहीं खुलेंगे. कुछ इसी वजह से कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस में अपने -अपने परिजनों को बैठाने गए 12 लोगों के साथ हुआ.
दरवाजा न खुलने पर लोगों ने किया विरोध
जैसे ही वंदे भारत ट्रेन कानपुर सेंट्रल से चलने लगी तो परिजनों को बैठाने गए लोगों में हड़कंप मच गया. ट्रेन के भीतर महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे, जिनकी घबराहट और परेशानी काफी बढ़ गई. जब ट्रेन ने स्पीड पकड़ ली तो फंसे हुए लोगों ने ट्रेन स्टाफ से तुरंत दरवाजे खोलने की गुहार लगाई. पर दरवाज नहीं खुल पाए. जिसके बाद कुछ यात्रियों ने विरोध जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया.
इस पर ट्रेन स्टाफ ने तुरंत टूंडला रेलवे कंट्रोल रूम को पूरे घटना की जानकारी दी. कंट्रोल रूम के निर्देश पर रविवार सुबह करीब 10:49 बजे वंदे भारत एक्सप्रेस को इमरजेंसी स्थिति में इटावा जंक्शन पर रुकवाया गया. ट्रेन के रुकते ही इटावा जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक पीएम मीना, आरपीएफ इंस्पेक्टर दिनेश कुमार सिंह और जीआरपी इंस्पेक्टर यदुवीर सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.
यह भी पढ़ें | जापानी लड़की ने पहली बार वंदे भारत में किया सफर, बोली- उम्मीद से ज्यादा सफाई है
ट्रेन से उतारकर 36 हजार का लगाया जुर्माना
रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में सभी 12 लोगों को सुरक्षित ट्रेन से नीचे उतारा गया. स्टेशन पर उतारे जाने के बाद सभी को आरपीएफ पोस्ट लाया गया, जहां रेलवे अधिकारियों ने उनसे पूछताछ की और पूरी स्थिति की जानकारी ली. रेलवे नियमों की अनदेखी, बिना प्लेटफार्म टिकट के ट्रेन में प्रवेश करने और यात्रा नियमों के उल्लंघन के चलते वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों ने कड़ी कार्रवाई की.
हर एक पर 3,000 रुपये के हिसाब से भारी-भरकम जुर्माना वसूला गया. बड़ी बात है कि कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन से इटावा जंक्शन की दूरी 139 किमी है. इतनी ही दूरी में ए12 लोगों को कुल 36000 रुपये का जुर्माना भरना पड़ा. रेलवे अधिकारियों ने सभी को भविष्य में इस तरह की लापरवाही और बिना वैध टिकट या अनुमति के ट्रेन के अंदर जाने से बचने की सख्त हिदायत दी और इसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया.
यह भी पढ़ें | बेंगलुरु-गोवा वंदे भारत एक्सप्रेस की टिकट बुकिंग शुरू, 12 स्टेशनों का 615 से 3865 रुपये तक होगा किराया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं