सर्दी का मौसम आते ही राजस्थान के घरों में एक खुशबू फैल जाती है, मक्की की घाट की. बाहर ठंडी हवा चल रही हो, अंदर चूल्हे पर मिट्टी की हांडी में घाट पक रही हो, ये सीन ही दिल को खुश कर देता है. आपको बता दें ये कोई फैंसी डिश नहीं है. ये हमारी दादी-नानी के जमाने की सीधी-सादी, ताकत देने वाली रेसिपी है. हाल ही में इंस्टाग्राम (@manjujoshikitchen) पर वीडियो शेयर कर इसकी रेसिपी बताई गई है. आइए जानते हैं इसे बनाने का सही तरीका.
क्या है मक्की की घाट?
मक्की की घाट असल में मक्की के दलिये से बनने वाला एक गाढ़ा दलिया है. राजस्थान में इसे सर्दियों में सुबह-सुबह खाया जाता है. ये देखने में खिचड़ी जैसा लगता है, लेकिन स्वाद में एकदम अलग. ऊपर से देसी घी डाला जाता है और साथ में गुड़ या दही खाया जाता है. कोई इसे नमकीन खाता है, कोई मीठा. दोनों ही तरीके में इसका स्वाद लाजवाब लगता है. गांवों में तो आज भी लोग इसे पीतल की थाली में फैलाकर, बीच में घी डालकर खाते हैं.
यहां देखें वीडियो-
कैसे बनाएं मक्की की घाट-
सामग्री-
- मक्की का दलिया
- पानी
- स्वादानुसार नमक
- देसी घी
- गुड़
- दही
विधि-
- सबसे पहले एक भारी तले वाली हांडी या भगोने में पानी को अच्छे से उबाल लें.
- पानी जब खूब उबलने लगे, तब उसमें मक्की का दलिया और नमक डालें.
- अब इसे धीमी आंच पर पकने दें. बीच-बीच में चलाते रहें. पकते वक्त ऊपर मक्की के छिलके आते हैं, उन्हें चम्मच से निकालते रहें.
- यही इस रेसिपी की सबसे जरूरी ट्रिक है, इससे घाट साफ और मुलायम बनती है.
- जब दलिया सारा पानी सोख ले और गाढ़ा हो जाए, तो गैस बंद कर दें.
- ढक्कन लगाकर 5 मिनट के लिए रख दें. आपकी गरमा-गरम घाट तैयार है.
सर्व करने का देसी तरीका-
घाट को कभी कटोरी में न सर्व करें. इसका असली मजा थाली में है. गरम घाट को पीतल की बड़ी थाली में फैलाएं. ऊपर से पिघला हुआ देसी घी गोल-गोल घुमाकर डालें. साथ में एक तरफ फ्रेश दही और दूसरी तरफ गुड़ के टुकड़े रखें. जिसे मीठा खाना है, वो गुड़ मिलाकर खाए, जिसे नमकीन पसंद है, वो दही के साथ खाए.
सर्दियों में मक्की की घाट क्यों खाना चाहिए?
मक्की की घाट सिर्फ स्वाद के लिए नहीं, सेहत के लिए भी बेस्ट है. ये शरीर को अंदर से गर्म रखने और ठंड से बचाने में मददगार है. इतना ही नहीं इसमें फाइबर अच्छी मात्रा में पाया जाता है, जो पाचन को बेहतर रखने और कब्ज की समस्या से बचाने में मददगार है. जब गुड़ के साथ इसे खाया जाता है, जो ये आयरन से भरपूर खून बढ़ाने और शरीर को एनर्जी देने वाला फूड बन जाता है.
ये भी पढ़ें- मूली का अचार बनाने का क्या तरीका है? जानिए नेपाली स्टाइल मूली का अचार बनाने का तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं