मौसम में बदलाव की वजह से लोगों को सर्दी-जुकाम की परेशानी ज्यादा होने लगती है. ऐसी स्थिति में गले में खराश और दर्द की परेशानी काफी ज्यादा बढ़ने लगती है. अगर आप फिलहाल इस परेशानी से जूझ रहे हैं, तो किचन में रखी लौंग की कलियां आपके लिए फायदेमंद हो सकती हैं. लौंग में मौजूद यूजेनॉल नामक तत्व होता है, जो एंटी-इन्फ्लेमेटरी और एंटीमाइक्रोबियल गुणों का भंडार होता है. इसके सेवन से गले में होने वाली जलन और दर्द की परेशानी को दूर किया जा सकता है.
लौंग का सेवन आप डायरेक्ट भी कर सकते हैं. वहीं, इसका स्वादिष्ट काढ़ा बनाकर पीना भी फायदेमंद हो सकता है. यहां जानते हैं लौंग का काढ़ा बनाने की रेसिपी और इससे होने वाले फायदे क्या हैं?
लौंग का काढ़ा बनाने की रेसिपी
आवश्यक सामग्री
- लौंग - 4 से 5
- तुलसी की पत्तियां - 4 से 5
- पानी - 1 कप
- हल्दी - 1 चुटकी
- नींबू का रस - 1 चम्मच (ऑप्शनल)
कैसे बनाएं लौंग का काढ़ा?
- लौंग का काढ़ा तैयार करने के लिए सबसे पहले 1 पैन लें, इसमें 1 कप पानी डालकर उबाल लें.
- फिर लौंग, हल्दी और तुलसी की पत्तियां डालकर अच्छे से उबालें.
- जब पानी आधा रह जाए, तो गैस बंद कर लें.
- फिर हल्का सा ठंडा होने दें और छानकर चाय की तरह पिएं.
- स्वाद बढ़ाने के लिए आप चाहे, तो इसनें नींबू का रस मिक्स कर सकते हैं.
लौंग का काढ़ा पीने के क्या-क्या फायदे हैं?
- लौंग में मौजूद यूजेनॉल प्राकृतिक रूप से दर्द और सूजन को कम करने में मदद कर सकता है, जिससे गले की खराश और जलन से आराम मिल सकता है.
- लौंग में एंटीबैक्टीरियल और एंटीसेप्टिक गुण पाए जाते हैं, जो गले में इंफेक्शन पैदा करने वाले कुछ बैक्टीरिया और कीटाणुओं से लड़ने में मददगार हो सकते हैं.
- तुलसी और लौंग का मिश्रण आपके गले को आराम पहुंचाता है और मौसम बदलने पर होने वाली खांसी को कम करने में मदद कर सकता है.
ध्यान रखें कि लौंग का काढ़ा सामान्य गले की खराश में राहत दे सकता है, लेकिन इससे तेज बुखार और सांस लेने से जुड़ी परेशानी को कम नहीं किया जा सकता है. इस स्थिति में तुरंत डॉक्टर की सलाह लें.
ये भी पढ़ें - बदलते मौसम में पिएं तुलसी का काढ़ा, नोट कर लें रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं