लौकी का नाम सुनते ही कई लोग नाक सिकोड़ लेते हैं, लेकिन आपको बता दें कि ये सिर्फ लौकी ही नहीं इसके छिलके भी स्वास्थ्य के लिए काफी हेल्दी होते हैं. अक्सर हम में से कई लोग इसके छिलके कूड़ेदान में फेंक देते हैं. अगर आप भी ऐसा करते हैं, तो अगली बार ये गलती न करें. लौकी के छिलकों से बनने वाली चटपटी चटनी न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ा देती है, बल्कि फूड वेस्टेज कम करने का भी शानदार तरीका है. अच्छी बात ये है कि इसे एक बार खाने के बाद कोई अंदाजा भी नहीं लगा पाएगा कि ये चटनी लौकी के छिलकों से तैयार की गई है.
इस चटपटी चटनी की रेसिपी यूट्यूब पर Foods and Flavors नामक के चैनल पर एक फूड क्रिएटर ने शेयर की है. आप इसकी रेसिपी वीडियो में भी देख सकते हैं. यहां जानते हैं लोकी के छिलकों की चटनी बनाने की रेसिपी क्या है?
चटनी बनाने के लिए क्या चाहिए?
इस स्वादिष्ट चटनी को बनाने के लिए लौकी के ताजे छिलके, 1 चम्मच चना दाल, 1 चम्मच उड़द दाल, 1 चम्मच जीरा, 1 हरी मिर्च, 2 लहसुन की कलियां, थोड़ा नमक, इमली और कद्दूकस किया हुआ नारियल चाहिए.
ऐसे तैयार करें लौकी के छिलकों की चटनी
सबसे पहले एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें. इसमें चना दाल और उड़द दाल डालकर हल्का सुनहरा होने तक भून लें. अब जीरा, हरी मिर्च और लहसुन डालकर कुछ सेकंड भूनें. इसके बाद लौकी के छिलके और स्वादानुसार नमक मिलाकर तब तक पकाएं, जब तक छिलके नरम न हो जाएं. मिश्रण ठंडा होने पर इसे मिक्सर में डालें. इसमें इमली, नारियल और थोड़ा पानी मिलाकर पीस लें. ध्यान रखें कि चटनी ज्यादा पतली न हो.
तड़के से बढ़ेगा लौकी की चटनी का स्वाद
एक छोटे पैन में तेल गर्म करें. इसमें सूखी लाल मिर्च, सरसों के दाने और करी पत्ते डालकर तड़का तैयार करें. अब इस तड़के को चटनी के ऊपर डाल दें. इससे चटनी का स्वाद और खुशबू कई गुना बढ़ जाएगी.
ये भी पढ़ें - घर में रखी लौकी से बनाएं खस्ता कचौड़ी, स्वाद ऐसा कि मांग-मांग कर खाएंगे बड़े और बच्चे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं