Lauki Paneer Recipe : क्या आपके घर में बच्चे लौकी देखकर मुंह बना लेते हैं? अगर हां, तो एक बार लौकी की पनीर बनाकर खिलाइए. अक्सर देखा गया है कि लौकी की सब्जी कई लोगों को पसंद नहीं आती, लेकिन लौकी की पनीर बनाकर अगर आप लोगों को खिलाएंगे, तो इसे वे हर सप्ताह बनाने की जिद्द करेंगे. यूट्यूब पर Renu Recipes नाम के एक चैनल पर फूड क्रिएटर ने लौकी से ऐसा नकली पनीर बनाने का तरीका बताया है, जिसे देखकर और खाकर कोई भी पहचान नहीं पाएगा कि ये असल में लौकी से बना है. इस रेसिपी की अच्छी बात ये है कि ये रेसिपी स्वादिष्ट होने के साथ-साथ हेल्दी भी है और इसे बनाने में ज्यादा मसालों की जरूरत नहीं पड़ती. यहां जानते हैं लौकी से पनीर बनाने का तरीका-
वीडियो में देखे लौकी से पनीर बनाने का झटपट तरीका-
लौकी से कैसे तैयार होगा पनीर?
इस रेसिपी के लिए सबसे पहले ताजी और मुलायम लौकी लें. लौकी को छीलकर छोटे टुकड़ों में काट लें और मिक्सर में बारीक पीस लें. ध्यान रखें कि लौकी का पेस्ट बिल्कुल स्मूद होना चाहिए. अब इस पेस्ट में 2 चम्मच दही, स्वादानुसार नमक, एक चुटकी खाने वाला सोडा और लगभग आधा कप चावल का आटा मिलाएं. मिश्रण को अच्छी तरह फेंटें ताकि उसमें गांठें न रहें.
इसके बाद एक प्लेट को हल्के तेल से ग्रीस करें और तैयार मिश्रण उसमें फैला दें. इसे स्टीम करने के लिए एक कढ़ाई में पानी गर्म करें और 15 मिनट तक भाप में पकाएं. कुछ ही देर में यह मिश्रण सेट होकर पनीर जैसा बन जाएगा.
अब तैयार करें स्वादिष्ट ग्रेवी
इस रेसिपी की सबसे अच्छी हात ये है कि पनीर के साथ-साथ ग्रेवी की तैयारी भी हो जाती है. इसके लिए प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, अदरक, लहसुन, दालचीनी और कुछ साबुत मसालों को स्टीम कर लें. जब सारी चीजें नरम हो जाएं, तो इन्हें पीसकर पेस्ट बना लें. अब कढ़ाई में तेल गर्म करके जीरा और कश्मीरी लाल मिर्च डालें. इसके बाद तैयार पेस्ट डालकर अच्छे से भून लें. ग्रेवी में धनिया पाउडर, हल्दी, नमक और थोड़ा दही मिलाएं. मसाला तेल छोड़ने लगे तो जरूरत के अनुसार पानी डालकर उबाल लें.
ग्रेवी में डालें लौकी वाला पनीर
जब ग्रेवी पूरी तरह तैयार हो जाए, तब स्टीम किया हुआ लौकी का पनीर चौकोर टुकड़ों में काटकर उसमें डालें. ऊपर से गरम मसाला और कसूरी मेथी मिलाएं. 2 मिनट ढककर पकाने के बाद गैस बंद कर दें. लीजिए तैयार है बिल्कुल रेस्तरां स्टाइल लौकी पनीर की सब्जी. इसे रोटी, पराठे या पूरी के साथ परोस सकते हैं.
ये भी पढ़ें - क्या रोजाना पनीर खाना हेल्थ के लिए सही है? 1 दिन में कितना खाएं पनीर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं