क्या आपने कभी सोचा है रोटियां क्यों फूलती हैं? जब हम गरम तवे पर रोटी डालते हैं और वह एकदम गोल गुब्बारे की तरह फूल जाती है, तो देखकर बहुत सुकून मिलता है, लेकिन कई बार ऐसा होता है कि लाख कोशिशों के बाद भी रोटी पत्थर जैसी सख्त हो जाती है या फिर बिल्कुल नहीं फूलती.
आइए बिना देरी किए समझते हैं कि रोटी फूलने के पीछे का कारण क्या है?
रोटी फूलने का विज्ञान:
जब हम आटे को पानी से गूंथते हैं, तो उसमें एक खास प्रोटीन एक्टिव होता है जिसे ग्लूटेन कहते हैं. यह ग्लूटेन एक लचीले जाल की तरह काम करता है, जब आप आटे को अच्छे से गूंथते हैं और थोड़ी देर रेस्ट करने देते हैं, तो नमी आटे के अंदर तक चली जाती है.
जब हम बेली हुई रोटी को गरम तवे पर डालते हैं, तो उसके अंदर की नमी भाप यानी स्टीम बनने लगती है. तवे की तेज आंच की वजह से रोटी की ऊपर और नीचे की परत सिककर थोड़ी सख्त हो जाती है. अब अंदर जो भाप बन रही है, उसे बाहर निकलने की जगह नहीं मिलती. वह भाप अंदर ही प्रेशर बनाती है और रोटी की दोनों परतों को ऊपर उठा देती है. बस इसी चक्कर में हमारी रोटी गुब्बारे की तरह फूल जाती है.
नरम और फूली हुई रोटी कैसे बनाएं?
- हमेशा हल्के गुनगुने पानी से आटा गूंथें, इससे आटा बहुत मुलायम लगता है और रोटियां भी एकदम सॉफ्ट बनती हैं.
- आटा गूंथने के तुरंत बाद रोटी न बनाएं, उसे 10 से 15 मिनट के लिए किसी गीले या सूखे कपड़े से ढककर जरूर रखें, ताकि वह सेट हो जाए.
- रोटी को हर तरफ से एक जैसा बेलें. अगर एक तरफ से मोटी और दूसरी तरफ से पतली होगी, तो पतली जगह से भाप निकल जाएगी और रोटी फूलेगी नहीं।.
- तवा अच्छी तरह गरम होना चाहिए, अगर ठंडे तवे पर रोटी डाल देंगे, तो वह कड़क हो जाएगी.
इसे भी पढ़ें: Heal With Food: ब्लड शुगर कंट्रोल करने के लिए क्या खाना चाहिए?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं