विज्ञापन

मटर मलाई की सब्जी कैसे बनाएं? ढाबे जैसी स्वादिष्ट मटर मलाई बनाने की विधि

रोज़ की मटर पनीर से हो गए हैं बोर? घर पर बनाएं मटर मलाई, कम मसालों में मिलेगा शाही स्वाद, नोट करें फुल रेसिपी.

मटर मलाई की सब्जी कैसे बनाएं? ढाबे जैसी स्वादिष्ट मटर मलाई बनाने की विधि
मलाई मटर की सब्जी की रेसिपी
NDTV

Matar Malai Ki Sabji: ठंड के दिनों में सब्ज़ी मंडी पहुंचते ही सबसे पहले हरी मटर की चमकती फलियां नजर आती हैं. घर की रसोई में मटर पनीर या पुलाव बनना तो आम बात है, मगर हर बार वही रूटीन क्यों दोहराया जाए? अगर आप कुछ नया और थोड़ा शाही स्वाद चखना चाहते हैं, तो मटर मलाई एक बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है. इस रेसिपी की खास बात ये है कि इसे दोपहर के खाने में फुल्कों के साथ या रात के डिनर में लच्छा पराठा और बटर नान के संग, आराम से खाया जा सकता है. चलिए बिना देरी किए जान लेते हैं इसकी आसान रेसिपी क्या है.

सामग्री:

  • मटर (1 कप ताजी, छिली हुई)
  • प्याज (2 मध्यम साइज के)
  • टमाटर (मध्यम साइज के)
  • काजू (8 से 10)
  • मलाई या फ्रेश क्रीम (2 बड़े चम्मच)
  • अदरक-लहसुन पेस्ट (1 छोटा चम्मच)
  • तेल या घी (2 बड़े चम्मच)
  • जीरा (आधा छोटा चम्मच)
  • हल्दी पाउडर (आधा छोटा चम्मच)
  • धनिया पाउडर (1 छोटा चम्मच)
  • लाल मिर्च पाउडर (आधा छोटा चम्मच)
  • गरम मसाला (आधा छोटा चम्मच)
  • नमक (स्वादानुसार)
  • हरा धनिया (थोड़ा सा)

बनाने का आसान तरीका:

  • हरी मटर के दानों को पानी से साफ धो लें, एक बर्तन में पानी गरम करें और मटर डालकर करीब 4 से 5 मिनट तक उबालें.
  • ध्यान रखें कि दाने एकदम मशी या ज्यादा न गल जाएं, उनमें हल्का क्रंच बाकी रहना चाहिए.
  • कड़ाही में थोड़ा तेल गरम करके कटा प्याज डालें और गुलाबी सुनहरा होने तक भूनें.
  •  अब अदरक-लहसुन का पेस्ट मिलाएं, फिर टमाटर और भीगे हुए काजू डालकर नरम होने तक पकाएं.
  • गैस बंद करें, मिश्रण को पूरी तरह ठंडा होने दें और मिक्सर में डालकर एकदम चिकना पेस्ट पीस लें.
  • उसी कड़ाही में 2 बड़े चम्मच तेल या घी गरम करें और जीरा चटकाएं.
  • अब तैयार प्याज टमाटर काजू का पेस्ट डालकर आंच धीमी कर दें.
  • हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च और नमक मिलाकर धीमी आंच पर तब तक भूनें जब तक किनारों से तेल हल्का दिखने न लगे.
  • भुने मसाले में उबली मटर डालें और अच्छे से मिला लें.
  • ग्रेवी की गाढ़ापन सेट करने के लिए थोड़ा गरम पानी डालें और 3 से 4 मिनट पकने दें.
  •  आखिर में मलाई या फ्रेश क्रीम और गरम मसाला डालकर हल्के हाथ से चलाएं, फिर गैस बंद कर दें.
  • अपनी पसंद की चीज के साथ सर्व करें.

इसे भी पढ़ें: बिना तंदूर के तंदूरी रोटी कैसे बनाएं? कुकर में तंदूरी रोटी बनाने का आसान तरीका

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Food News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com