कड़ी पत्ते का इस्तेमाल आमतौर पर खाने में तड़का लगाने और स्वाद बढ़ाने के लिए किया जाता है. इसकी खुशबू खाने का जायका बढ़ा देती है. लेकिन क्या आपने कभी कड़ी पत्ते की चटनी खाई है? अगर नहीं, तो यहां हम आपको इस चटनी की बेहद आसान रेसिपी बता रहे हैं. ये खास रेसिपी मशहूर शेफ निशा मधुलिका ने अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर की है. शेफ बताती हैं कि कड़ी पत्ते की चटनी इतनी स्वादिष्ट होती है कि इसे खाने के बाद लोग आपकी जमकर तारीफ करने वाले हैं, साथ ही इसे बनाना भी काफी आसान है, तो आइए जानते हैं कैसे बनाएं कड़ी पत्ते की चटनी-
चाहिए होंगी ये चीजें-
इसके लिए आपको-
- धुले और सूखे कड़ी पत्ते
- एक चौथाई कप कद्दूकस किया हुआ नारियल
- करीब डेढ़ चम्मच तेल
- 2 से 3 हरी मिर्च
- 2 सूखी लाल मिर्च
- 2 बड़े चम्मच इमली का गूदा
- 1 बड़ा चम्मच गुड़
- 2 छोटे चम्मच चना दाल
- 2 छोटे चम्मच उड़द दाल
- आधा छोटा चम्मच राई
- आधा छोटा चम्मच जीरा
- 2 चुटकी हींग और
- स्वादानुसार नमक की जरूरत होगी.
- सबसे पहले एक पैन को गैस पर रखें और उसमें एक छोटा चम्मच तेल डालकर गर्म करें. तेल गर्म होने पर इसमें राई और जीरा डालें.
- जब राई और जीरा हल्के चटकने लगें, तब पैन में चना दाल और उड़द दाल डाल दें. इन्हें लगातार चलाते हुए मध्यम आंच पर हल्का सुनहरा होने तक भूनें.
- इसके बाद पैन में सूखी लाल मिर्च और हींग डालें. कुछ देर भूनने के बाद इस मसाले को एक अलग कटोरी में निकाल लें.
- अब, उसी पैन में बचा हुआ तेल डालें. तेल गर्म होने पर इसमें कड़ी पत्ते डालकर कड़ीब दो मिनट तक लगातार चलाते हुए भूनें. ध्यान रखें कि पत्ते अच्छी तरह भुन जाएं.
- इसके बाद इसमें कद्दूकस किया हुआ नारियल और हरी मिर्च डालकर कुछ देर पकाएं.
- जब कड़ी पत्ते अच्छी तरह भुन जाएं, तब गैस बंद कर दें और इन सभी चीजों को थोड़ा ठंडा होने दें.
- इसके बाद इन्हें मिक्सर जार में डालें. इसी जार में पहले से भुनी हुई दाल और बाकी मसालों को भी डाल दें.
- मिक्सर जार में इमली का गूदा, गुड़ और स्वादानुसार नमक डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह पीसकर बारीक चटनी बना लें.
- अगर जरूरत हो, तो पीसते समय आप इसमें थोड़ा पानी भी मिला सकते हैं. इतना करते ही आपकी स्वाद में लाजवाब कड़ी पत्ते की चटनी बनकर तैयार हो जाएगी.
इसे चटनी को आप इडली, डोसा, वड़ा या गर्मागर्म पकौड़ों के साथ खा सकते हैं. कड़ी पत्ते की चटनी का हल्का तीखा, खट्टा और मीठा स्वाद हर डिश के स्वाद को दो दुना बढ़ा देता है. ऐसे में अगर आप रोज एक जैसी चटनी खाकर बोर हो गए हैं, तो एक बार कड़ी पत्ते की चटनी बनाकर खा सकते हैं. शेफ निशा मधुलिका कहती हैं कि घर के बड़े हों या बच्चे, इस चटनी का स्वाद हर किसी को खूब पसंद आने वाला है.
यहां देखें वीडियो-
यह भी पढ़ें- अमरूद की चटनी कैसे बनाएं? यहां पढ़ें स्वाद में लाजवाब खट्टी-मीठी चटनी की रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं