VIRAL VIDEO: मशहूर ट्रैवल यूटयूबर 'पैसेंजर परमवीर' (परमवीर सिंह बेनीवाल) अक्सर अनोखी यात्राओं से दर्शकों को चौंकाते रहे हैं. इस बार परमवीर अपनी सऊदी अरब यात्रा के दौरान इस्लाम के दूसरे सबसे पवित्र शहर मदीना जा पहुंचे. उन्होंने अपने व्लॉग के जरिए दर्शकों को मदीना का आंखों देखा हाल सुनाया और बेहद दिलचस्प तरीके से बताया कि एक गैर-मुस्लिम (नॉन-मुस्लिम) यात्री के लिए मदीना में कहां तक जाने की इजाजत है. उन्होंने अपनी मदीना यात्रा का अनुभव अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किया है.
क्या गैर-मुस्लिमों की एंट्री बैन है?
व्लॉग की शुरुआत मदीना रेलवे स्टेशन से होती है, जहां कदम रखते ही परमवीर के सामने पहली चुनौती आई. स्टेशन से बाहर निकलते ही जब उन्होंने स्थानीय लोगों से आगे जाने का रास्ता पूछा, तो ज्यादातर लोग हैरान रह गए. परमवीर बताते हैं, "लोग अचरज में थे कि एक गैर-मुस्लिम होकर मैं यहां तक कैसे पहुंच गया. कुछ लोगों ने तो यहां तक कह दिया कि मैं रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट के अलावा शहर में कहीं और जा ही नहीं सकता."
इसके बाद परमवीर ने स्थानीय पुलिस से मदद मांगी, लेकिन भाषा की बाधा के कारण बात नहीं बन पाई. आखिरकार उन्हें पाकिस्तान के इमरान भाई मिले, जो वहां टूर गाइड का काम करते हैं. इमरान ने उनकी बड़ी मदद की और बताया कि नियम अब पहले जैसे कड़े नहीं हैं.
मदीना में कहां तक जा सकते हैं?
इमरान ने परमवीर को बताया कि अब काफी बदलाव आ चुका है. इटली और अन्य देशों से आने वाले ईसाई पर्यटक भी यहां आते हैं. ऐतिहासिक तौर पर देखें तो साल 2021 तक गैर-मुस्लिमों को मदीना के सिटी सेंटर (अल हराम) में आने की भी अनुमति नहीं थी. लेकिन 2021 में सऊदी सरकार ने नियमों में ढील दी. अब गैर-मुस्लिम पर्यटक हज के सीजन को छोड़कर बाकी दिनों में शहर के इस हिस्से तक आ सकते हैं. हालांकि, परमवीर ने सुरक्षा और धार्मिक मर्यादा को ध्यान में रखते हुए कोई भी जोखिम न लेने का फैसला किया. उन्होंने मस्जिद के मुख्य हिस्से में जाने के बजाय केवल तय सीमा तक ही जाने का मन बनाया.
यह भी पढ़ें | 'किसी के फटे में टांग मत अड़ाना', भारत में सुकून से रहने के लड़के ने बताए गांठ बांधने वाले 5 नियम
गैर-मुस्लिमों के लिए आखिरी सीमा है ग्रीन फेंस
टैक्सी लेकर परमवीर मदीना शहर के मुख्य हिस्से की तरफ बढ़े, जहां बिलाल मस्जिद और मुख्य 'अल मस्जिद अन नबावी' (पैगंबर की मस्जिद) स्थित है. वहां का नजारा बेहद खूबसूरत था. दुनिया के हर कोने मध्य एशिया, अफ्रीका और यूरोप से आए जायरीनों की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी. घूमते हुए परमवीर उस आखिरी सीमा तक पहुंचे जिसे 'ग्रीन फेंस' कहा जाता है. उन्होंने दिखाया कि इस हरी बाड़ के आगे गैर-मुस्लिमों का जाना सख्त मना है. इसी बाड़ के बाहर खड़े होकर उन्होंने पैगंबर की ऐतिहासिक मस्जिद की भव्यता को कैमरे में कैद किया और दर्शकों से अपना अनुभव साझा किया.
मदीना कभी इस्लाम की पहली राजधानी हुआ करता था और आज यह पूरी दुनिया के लिए शांति और आध्यात्मिकता का एक बड़ा केंद्र है. परमवीर ने बेहद ही आदर और सम्मान के साथ इस पवित्र शहर का दौरा पूरा किया और अपनी वापसी की ट्रेन पकड़ने के लिए वापस स्टेशन की ओर निकल पड़े.
यह भी पढ़ें | साउथ अफ्रीकी यूट्यूबर फैमिली का ट्रेन की चेयर कार में 26 घंटे सफर, बोली- बहुत बड़ी मिस्टेक हो गई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं