विज्ञापन

रेगिस्तान का 'जहाज' क्यों डूब रहा? पुष्कर मेले में ऊंट ब्यूटी कॉन्टेस्ट का सच रुला देगा

पुष्कर मेले में सज-धजकर सौंदर्य प्रतियोगिता में उतरने वाले ऊंटों की संख्या लगातार घट रही है. चरागाहों की कमी, गिरती आमदनी और सरकारी उपेक्षा के कारण अब राजस्थान की पहचान 'रेगिस्तान का जहाज' दम तोड़ रहा है.

रेगिस्तान का 'जहाज' क्यों डूब रहा? पुष्कर मेले में ऊंट ब्यूटी कॉन्टेस्ट का सच रुला देगा
पुष्कर मेले में केवल तमाशा बनकर रह गए राजस्थान की शान यानी ऊंट.
NDTV Reporter

पुष्कर. रंग-बिरंगी लगामें, माथे पर झूलते झालरदार गहने, गले में सजी पोम-पोम की लड़ियां और पैरों में छनछन करते घुंघरू. साथ में राजस्थान की असली पहचान यानी हाथों से पिरोया गया 'गोरबंद' जो इन ऊंटों के गले की शान बढ़ा रहा है. बालों की खास ट्रिमिंग और सिर पर डाई लगाकर चमकाए गए ये ऊंट जब पुष्कर मेले के मैदान में उतरे, तो लगा कि रेगिस्तान के इन राजाओं का ठाठ आज भी वैसा ही है.

मौका था पुष्कर मेले की सबसे चर्चित 'ऊंट सौंदर्य प्रतियोगिता' (Camel Beauty Contest) का. ढोल की थाप पर थिरकते और हैरतअंगेज करतब दिखाते इन ऊंटों को देखकर सैलानी तालियां बजा रहे थे, कैमरे चमक रहे थे. लेकिन इस चमक-दमक के पीछे एक ऐसा कड़वा सच छिपा है, जो राजस्थान की इस साझी विरासत के खत्म होने की गवाही दे रहा है. 

Latest and Breaking News on NDTV

चमक के पीछे की मायूसी

अपने छह साल के ऊंट 'सुल्तान' को लेकर आए अशोक के चेहरे पर गर्व तो था, लेकिन फिक्र उससे कहीं ज्यादा बड़ी थी. अशोक बताते हैं, "एक ऊंट को इस प्रतियोगिता के लिए तैयार करने में  4 से 5 दिन की हाड़तोड़ मेहनत लगती है. सिर के बालों को विशेष उस्तरे से तराश कर डिजाइन बनाई जाती है. गले का यह गोरबंद हमारी औरतें घर पर साल भर में हाथ से तैयार करती हैं. लेकिन फिक्र इस बात की है कि जो प्रतियोगिता कभी 15-20 ऊंटों के बीच सजती थी, आज उसमें सिर्फ पांच ऊंट ही मैदान में बचे हैं."

कभी पुष्कर मेले का मतलब ही ऊंटों का व्यापार हुआ करता था. दूर-दराज से आए पशुपालकों का डेरा, ऊंटों की खरीद-फरोख्त और उससे चलती ग्रामीण अर्थव्यवस्था ही इस मेले की रीढ़ थी. आज यह मेला सजता तो है, लेकिन ऊंट व्यापार के लिए नहीं, बल्कि केवल तमाशे और सैलानियों के मनोरंजन के लिए.

Latest and Breaking News on NDTV

आखिर क्यों उजड़ रहे हैं ऊंटों के डेरे?

मेले के आखिरी छोर पर रेतीले धोरों के बीच अपने बचे-कुचे ऊंटों के साथ बैठे देवा और गणेशा की आंखें पथरा गई हैं. पास के ही गांव से आए देवा अपना दर्द बयां करते हुए कहते हैं, "ऊंट खूंटे पर बंधकर चारा खाने वाला जीव नहीं है. इसे चरने के लिए खुली गौचर भूमि और जंगल चाहिए. लेकिन आज हर तरफ कटीले तारों की बाड़बंदी है और चरागाहों पर अतिक्रमण हो चुका है. ऊपर से ऊंटनी का दूध सिर्फ 10 से 20 रुपए लीटर बिकता है, जबकि गाय-भैंस का दूध 40-50 रुपए पार है. ऐसे में कोई घाटे का सौदा कब तक झेलेगा?"

गणेश कहते हैं कि न अब ऊंट की ऊन की कोई पूछ बची है और न शादियों में पहले जैसी मांग. आज पुष्कर के मैदान में सिर्फ घोड़े ही घोड़े हिनहिना रहे हैं और ऊंट को एक कोने में धकेल दिया गया है.

Latest and Breaking News on NDTV

सरकारी आंकड़े और हकीकत की खाई

राजस्थान पशुपालन विभाग के आंकड़े इस कड़वे सच पर मुहर लगाते हैं. पिछले 12 सालों में सूबे से आधे ऊंट गायब हो चुके हैं. साल 2007 में जहां राजस्थान में 4,21,836 ऊंट थे, वहीं 2019 की पशुगणना में यह संख्या घटकर महज 2,12,739 रह गई. खेती में ट्रैक्टरों का आना, सड़कों का जाल बिछने से ऊंट गाड़ियों की जरूरत खत्म होना और 2015 के ऊंट संरक्षण कानून के चलते बाहरी राज्यों में व्यापार पर लगी पाबंदी ने इस संकट को और गहरा कर दिया है. पशुपालन विभाग के जॉइंट डायरेक्टर डॉ. नवीन परिहार भी मानते हैं कि स्थिति गंभीर है. वे कहते हैं, "हमने सरकार को सुझाव दिए हैं कि ऊंट के दूध को (जो डायबिटीज के मरीजों के लिए अमृत समान है) बड़े बाजारों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाए. साथ ही, जयपुर के हाथी गांव की तर्ज पर पुष्कर में भी एक 'ऊंट गांव' विकसित होना चाहिए ताकि इन्हें बचाया जा सके." 

सिर्फ एक 'तस्वीर' बनकर रह गया रेगिस्तान का जहाज

नसीराबाद से आए पशुपालक गणेशा की बातें इस कड़वी हकीकत का निचोड़ हैं. वे कहते हैं, "मेले में अब ऊंटों के लिए कोई बुनियादी सुविधा ही नहीं बची. जब गुजारा ही नहीं होगा, तो ऊंट को बेच देना ही आखिरी रास्ता बचता है."

सुबह की पहली किरण के साथ सैलानी पुष्कर के धोरों पर कैमरों के साथ पहुंचते हैं. वे सजे-धजे ऊंटों की खूबसूरत तस्वीरें खींचते हैं और सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हैं. लेकिन इस खूबसूरत 'पिक्चर पोस्टकार्ड' के पीछे की कहानी यह है कि रेगिस्तान का यह जहाज अब तेजी से गुमनामी के समंदर में डूब रहा है. और अगर समय रहते इसके आर्थिक और सामाजिक पहलुओं को नहीं बचाया गया, तो आने वाली पीढ़ियां ऊंटों को सिर्फ तस्वीरों में ही देख पाएंगी.

यह भी पढ़ें | किसी की कीमत 20 करोड़ तो किसी की 21 करोड़, पुष्कर मेले में घोड़ों के दामों की क्या है हकीकत?

यह भी पढ़ें | इस्लाम के पवित्र शहर मदीना पहुंचा हिंदू यूट्यूबर, बताया- गैर मुस्लिमों को कहां तक जाने की इजाजत है

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pushkar Mela 2026, Camel Beauty Festival, Camel Beauty Contest, Khabar Zara Hatke 
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com