विज्ञापन

बिना टूटे एक ही बार में बन जाएगी मक्के की रोटी, मास्टरशेफ ने बताया मक्के की रोटी बनाने का सबसे आसान तरीका

मास्टरशेफ पंकज भदौरिया ने दो ऐसे आसान तरीके बताए हैं, जिनकी मदद से आप एक ही बार में बिना टूटे परफेक्ट रोटी बना सकते हैं. आइए जानते हैं कैसे-

बिना टूटे एक ही बार में बन जाएगी मक्के की रोटी, मास्टरशेफ ने बताया मक्के की रोटी बनाने का सबसे आसान तरीका
मक्के की रोटी के लिए आटा कैसे गूंथे?
(Photo Credit: YouTube)

सर्दियों का मौसम आते ही मक्के की रोटी और सरसों के साग की याद आने लगती है. स्वाद में लाजवाब होने के साथ मक्के की रोटी सेहत के लिहाज से भी अच्छी मानी जाती है. लेकिन इसे घर पर बनाना हर किसी के लिए आसान नहीं होता. अक्सर मक्के की रोटी बेलते हुए या तवे पर डालते समय टूट जाती है. कई बार आटा ठीक से नहीं बंधता है और बार-बार कोशिश करने के बाद भी बिखर जाता है. अगर आपके साथ भी ऐसा होता है और इसके चलते आप अपनी पसंदीदा रोटी घर पर नहीं बना पाते हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. मास्टरशेफ पंकज भदौरिया ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने मक्के की रोटी बनाने के दो ऐसे आसान तरीके बताए हैं, जिनकी मदद से आप एक ही बार में बिना टूटे परफेक्ट रोटी बना सकते हैं. आइए जानते हैं कैसे-

मक्के की रोटी के लिए आटा कैसे गूंथे?

मास्टरशेफ बताती हैं, अगर आप चाहते हैं कि आपके मक्के की रोटी टूटे नहीं, तो सबसे पहले इसका आटा ठीक तरह से गूंथना जरूरी है. इसके लिए सबसे पहले एक बर्तन में मक्के का आटा लें और उसमें थोड़ा सा नमक मिला दें. अब, इसमें धीरे-धीरे गर्म पानी डालते हुए आटा गूंदें. ध्यान रखें कि आपको आटे में पानी एक साथ नहीं डालना है, थोड़ा-थोड़ा करके गर्म पानी मिलाएं. आटे को हाथों से अच्छी तरह रगड़ते हुए गूंदें.

मास्टरशेफ बताती हैं, गर्म पानी से मक्के के आटे में मौजूद स्टार्च नरम होकर अच्छी तरह जुड़ने लगता है. इससे आटा बेहतर तरीके से बंधता है और रोटी बनाते समय आटा बिखरता नहीं है.

बटर पेपर की मदद से बनाएं रोटी

मक्के की रोटी बनाने का दूसरा सीक्रेट है बटर पेपर. मास्टरशेफ कहती हैं, अगर आपकी मक्के की रोटी बेलते समय टूट जाती है, तो इसे बेलन से नहीं बेलें. इसके बजाए एक बटर पेपर या प्लास्टिक शीट लें. बटर पेपर पर थोड़ा सा तेल या घी डालकर अच्छी तरह फैला लें. अब, इसके ऊपर आटे की लोई रखें. अपने हाथों को हल्का गीला करके लोई को धीरे-धीरे थपथपाते हुए गोल आकार दें. ध्यान रखें कि रोटी बहुत ज्यादा पतली न हो.

इतना करने के बाद बटर पेपर की मदद से रोटी को सावधानी से उठाएं और गर्म तवे पर डाल दें. ऐसा करने से आपकी रोटी टूटेगी नहीं.

इस तरह सेंकें मक्के की रोटी

रोटी को तवे पर डालने के बाद मीडियम से तेज फ्लेम पर कुछ देर सेंकें. जब एक तरफ हल्का सुनहरा रंग आने लगे तो इसे पलट दें. इसके बाद आंच धीमी कर दें और रोटी को दोनों तरफ से अच्छी तरह पकने दें. जब रोटी दोनों तरफ से सुनहरी और अच्छी तरह सिक जाए, तब इसे तवे से उतार लें. इस तरह आप बड़ी ही आसानी से घर पर मक्के की रोटी बना सकते हैं.

यह भी पढ़ें- तवे पर बिना चिपकाए डोसा कैसे बनाएं? जानें नॉर्मल तवे पर डोसा बनाने की आसान ट्रिक
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Food News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com