धनिया पत्ती लगभग हर भारतीय किचन में आसानी से मिल जाती हैं. इसका इस्तेमाल न सिर्फ सब्जियों की ड्रेसिंग के लिए होता है, बल्कि स्वादिष्ट चटनी, काढ़ा जैसे रेसिपीज को तैयार करने के लिए भी होता है. ये साधारण सा दिखने वाला पत्ता न सिर्फ खाने की खुशबू बढ़ाता है, बल्कि इससे सिंपल से खाने का स्वाद भी कई गुना बढ़ जाता है. लेकिन अक्सर ऐसा होता है कि बाजार से फ्रेश धनिया लाने के 1 से 2 दिनों बाद इसकी पत्तियां पीली पड़ने लगती हैं या गल जाती हैं. नतीजा ये होता है कि अक्सर धनिया की पत्तियां डस्टबिन में चली जाती हैं.
अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं, तो कुछ आसान स्टोरेज हैक्स अपनाकर धनिया पत्ती को लंबे समय तक ताजा रख सकते हैं. सही तरीके से स्टोर करने पर धनिया की पत्तियां 10-15 दिनों तक फ्रेश बनी रह सकती हैं.
पेपर टॉवल हैक अपनाएं
अगर आप चाहते हैं कि आपके घर में धनिया पत्तियां लंबे समय तक फ्रेश रहे, तो इसके लिए पेपर टॉवल हैक को अपना सकते हैं. यह धनिया से अतिरिक्त नमी को कंट्रोल करता है. इस हैक को अपनाने के लिए सबसे पहले धनिया की खराब या पीली पत्तियों को अलग कर दें. इसके बाद धनिया को धोकर पूरी तरह सूखा लें.
अब एक एयरटाइट कंटेनर में पेपर टॉवल बिछाएं और उस पर धनिया रखें. ऊपर से एक और पेपर टॉवल रखकर कंटेनर बंद कर दें. पेपर टॉवल अतिरिक्त नमी को सोखता रहता है, जिससे पत्तियां जल्दी खराब नहीं होतीं. इस तरीके से धनिया कई दिनों तक हरा-भरा बना रह सकता है.
पानी वाले जार में रखें
धनिया की फ्रेश पत्तियों को आप फूलों की तरह पानी वाले जार में भी रख सकते हैं. इसके लिए धनिया के डंठलों को थोड़ा काट लें और एक कांच के जार या गिलास में थोड़ा पानी भरकर उसमें धनिया खड़ा कर दें.
इसके ऊपर हल्के से एक प्लास्टिक बैग ढक दें और फ्रिज में रख दें. हर 2-3 दिन में पानी बदलते रहें. इस तरीके से धनिया को जरूरी नमी मिलती रहती है और पत्तियां लंबे समय तक ताजी दिखाई देती हैं.
चॉप करके फ्रीजर में करें स्टोर
अगर आप धनिया को लंबे समय तक इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो इसे काटकर फ्रीजर में भी रख सकते हैं. धनिया को धोकर अच्छी तरह सुखा लें और बारीक काट लें.
अब इसे एयरटाइट फ्रीजर बैग या कंटेनर में भरकर फ्रीजर में रख दें. जरूरत पड़ने पर सीधे सब्जी, दाल या सूप में इस्तेमाल किया जा सकता है. इससे धनिया खराब नहीं होता और लंबे समय तक सुरक्षित रहता है.
स्टोर करते समय इन बातों पर भी दें ध्यान
अगर आप चाहते हैं कि धनिया पत्तियां लंब समय तक फ्रेश रहे, तो इसके लिए आपको कुछ बातों पर ध्यान देने की जरूरत होती है, जैसे-
- कभी भी गीला धनिया फ्रिज में न रखें.
- खराब या सड़ी पत्तियों को पहले ही हटा दें.
- धनिया की पत्तियों को रखने के लिए एयरटाइट कंटेनर का इस्तेमाल करें.
- समय-समय पर धनिया की जांच करते रहें.
इन आसान हैक्स को अपनाकर आप धनिया पत्ती को ज्यादा दिनों तक ताजा रख सकते हैं और बार-बार बाजार जाने की परेशानी से भी बच सकते हैं.
ये भी पढ़ें - इन 5 लोगों के लिए रामबाण है सुबह खाली पेट धनिया पानी का सेवन, एक्सपर्ट से जानें फायदे और पीने का सही तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं