Kadai Ka Kala Pada Handle Kaise Saaf Karein: किचन में रोज इस्तेमाल होने वाली कड़ाही का हैंडल सबसे जल्दी गंदा और काला पड़ने लगता है. तेल की छींटें, गैस की आंच और लगातार इस्तेमाल की वजह से वहां एक मोटी चिपचिपी काली परत जम जाती है, जिसे साफ करना आसान नहीं लगता. कई लोग पूरी कड़ाही चमका लेते हैं, लेकिन हैंडल की जिद्दी कालिख देखकर हार मान जाते हैं. अगर आपके घर की कड़ाही का हैंडल भी पुराना और जला-जला दिखने लगा है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. कुछ आसान घरेलू तरीकों की मदद से इसे बिना ज्यादा मेहनत के फिर से चमकदार बनाया जा सकता है.
क्यों काले पड़ जाते हैं कड़ाही के हैंडल?
कड़ाही के हैंडल पर लगातार गर्म तेल, भाप और गैस की आंच का असर पड़ता है. यही वजह है कि वहां चिकनाई और जले हुए दाग जमा होने लगते हैं. अगर समय-समय पर सफाई न की जाए तो यह परत मोटी हो जाती है.
कड़ाही के काले-जले हैंडल को साफ करने के लिए आजमाएं ये तरीके-
बेकिंग सोडा और नींबू का इस्तेमाल करें
एक कटोरी में 2 चम्मच बेकिंग सोडा लें और उसमें थोड़ा नींबू का रस मिलाकर पेस्ट बना लें. इस पेस्ट को हैंडल पर लगाकर 10 मिनट के लिए छोड़ दें. इसके बाद पुराने टूथब्रश या स्क्रबर से हल्के हाथों से रगड़ें. जमी हुई कालिख धीरे-धीरे निकलने लगेगी.

यह भी पढ़ें- Wooden Furniture Cleaning Tips: लकड़ी के फर्नीचर को साफ करते समय भूलकर भी न करें ये गलतियां
सिरका और डिशवॉश लिक्विड भी करेगा कमाल
अगर हैंडल पर बहुत ज्यादा चिकनाई जमी है, तो सफेद सिरका और डिशवॉश लिक्विड का मिश्रण इस्तेमाल किया जा सकता है.
गुनगुने पानी में थोड़ा सिरका और कुछ बूंदें डिशवॉश लिक्विड डालें. इसमें कपड़ा भिगोकर हैंडल को साफ करें. इससे ऑयल की परत जल्दी हटती है.
स्टील वूल का इस्तेमाल सोच-समझकर करें
कई लोग तेजी से सफाई के लिए स्टील वूल इस्तेमाल करते हैं, लेकिन इससे हैंडल की कोटिंग खराब हो सकती है. खासकर नॉन-स्टिक कड़ाही में ऐसा करने से बचना चाहिए. हमेशा सॉफ्ट स्क्रबर या माइक्रोफाइबर कपड़े का इस्तेमाल बेहतर माना जाता है.
सफाई के बाद जरूर करें ये काम
हैंडल साफ करने के बाद उसे सूखे कपड़े से अच्छी तरह पोंछ लें. अगर नमी रह जाती है तो दोबारा दाग जल्दी जम सकते हैं. हफ्ते में एक बार हल्की सफाई करने से कड़ाही लंबे समय तक नई जैसी दिख सकती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं