Ghar Par Dal Tadka Kaise Banaen: दाल भारतीय खाने का सबसे जरूरी हिस्सा मानी जाती है, लेकिन जब बात ढाबे या रेस्टोरेंट की दाल फ्राय की आती है तो उसका स्वाद कुछ अलग ही होता है. कई लोग घर पर वही स्वाद लाने की कोशिश करते हैं, लेकिन दाल में वो खुशबू, गाढ़ापन और स्वाद नहीं आ पाता. कई लोग बाजार से खास तरीके के मसाले भी लेकर आते हैं, लेकिन इसके बावजूद भी अच्छा रिजल्ट देखने को नहीं मिलता है. ऐसे में अगर आप भी होटल जैसी दाल तड़का बनाने का सोच रहे हैं तो ये खबर आपके लिए जरूरी हो सकती है. आज हम आपको घर पर होटल जैसी दाल तड़का बनाने का तरीका बताने जा रहे हैं. आप कुछ खास टिप्स और सही तरीका अपनाकर घर पर ही स्वादिष्ट दाल तैयार कर सकते हैं. इसकी जानकारी @cookwithparul नाम के यूट्यूब चैनल से दी गई है.
होटल जैसी दाल बनाने के लिए कौन-सी दाल चाहिए?
वीडियो में बताया गया है कि रेस्टोरेंट स्टाइल दाल फ्राय बनाने के लिए सिर्फ अरहर दाल का इस्तेमाल नहीं किया जाता. इसके साथ थोड़ी मूंग दाल भी मिलाई जाती है. इससे दाल में बेहतर बाइंडिंग आती है, दाने भी दिखाई देते हैं और दाल का टेक्सचर गाढ़ा-क्रीमी बनता है.
यह भी पढ़ें: कश्मीरी चाय बनाने की रेसिपी क्या है? घर पर कश्मीरी गुलाबी चाय बनाने का सही तरीका
दाल तड़का बनाने के लिए जरूरी चीजें
- 1 कप अरहर दाल
- 1/4 कप मूंग दाल
- 1 छोटा चम्मच नमक
- 1/4 छोटा चम्मच हल्दी
- 2 तेजपत्ते
- 1 हरी इलायची
- 2 लौंग
- 1 छोटा चम्मच घी
- 2 बड़े चम्मच घी
- 1 छोटा चम्मच तेल
- 1 छोटा चम्मच जीरा
- 1 छोटा चम्मच दरदरा कुटा धनिया
- 2 सूखी लाल मिर्च
- 2 प्याज (बारीक कटे हुए)
- 10-15 लहसुन की कलियां
- 2-3 हरी मिर्च
- 1 इंच अदरक
- 1/2 छोटा चम्मच हल्दी
- 1 छोटा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च
- 3 टमाटर
- 2 छोटे चम्मच धनिया पाउडर
- 1 छोटा चम्मच जीरा पाउडर
दाल उबालने का सही तरीका
सबसे पहले दोनों दालों को अच्छी तरह धोकर 20-25 मिनट के लिए भिगो दें. इससे दाल जल्दी पकती है और आसानी से पचती है. अब कुकर में दाल, नमक, हल्दी, तेजपत्ता, इलायची और लौंग डालें. इतना पानी डालें कि दाल बस डूब जाए. ऊपर से थोड़ा घी डालकर कुकर बंद करें और मीडियम आंच पर डेढ़ सीटी तक पकाएं. ध्यान रखें कि दाल ज्यादा न पके. होटल स्टाइल दाल में दाने नजर आने चाहिए, लेकिन वे पूरी तरह सॉफ्ट भी होने चाहिए.
यह भी पढ़ें: घर पर बेसन कैसे बनाएं? मिक्सर से बेसन तैयार करने का ये है सही तरीका
स्वाद बढ़ाने वाला स्पेशल तड़का कैसे बनाएं?
तड़का बनाने के लिए एक कड़ाही में घी और थोड़ा तेल गर्म करें. इसमें जीरा, कुटा धनिया और सूखी लाल मिर्च डालें. इसके बाद प्याज डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें. अब लहसुन, अदरक और हरी मिर्च डालकर अच्छी तरह पकाएं. फिर हल्दी और कश्मीरी लाल मिर्च मिलाएं. इसके बाद टमाटर और नमक डालकर तब तक पकाएं जब तक मसाला तेल न छोड़ दे. अब धनिया पाउडर और जीरा पाउडर डालकर मसाले को भूनें. तैयार उबली हुई दाल इसमें मिलाएं. जरूरत के अनुसार गर्म पानी डालकर दाल की कंसिस्टेंसी एडजस्ट करें और कुछ मिनट उबाल लें.

ढाबे वाली खुशबू के लिए करें ये काम
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि दाल का असली स्वाद उसके आखिरी तड़के में छिपा होता है. इसके लिए एक छोटे पैन में 1 बड़ा चम्मच घी गर्म करें. इसमें थोड़ा जीरा और बारीक कटा लहसुन डालकर सुनहरा होने तक भूनें. फिर सूखी लाल मिर्च डालें. गैस बंद करके कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर मिलाएं और तुरंत इस तड़के को दाल पर डाल दें. दाल को एक मिनट के लिए ढककर छोड़ दें ताकि तड़के की खुशबू पूरी दाल में समा जाए. आपकी तड़का दाल बनकर तैयार हो जाएगी.
होटल जैसी दाल बनाने के सीक्रेट टिप्स
- अरहर दाल के साथ थोड़ी मूंग दाल जरूर मिलाएं.
- दाल में तेजपत्ता, इलायची और लौंग डालकर पकाएं.
- दाल को ज्यादा न गलाएं.
- घी और तेल दोनों का इस्तेमाल करें.
- आखिरी स्मोकी तड़का दाल के स्वाद को कई गुना बढ़ा देता है.
- दाल में हमेशा गर्म पानी ही मिलाएं.
यह भी पढ़ें: आलू कीमा रेसिपी, घर पर आलू चिकन कीमा बनाने का ये है सबसे आसान तरीका
यह भी पढ़ें: हरे लहसुन का ठेचा कैसे बनाएं? एक बार ऐसे बनाओगे, तो दो की बजाय चार रोटी पक्का खा जाओगे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं