महाराष्ट्र में, जब हल्का-फुल्का लेकिन टेस्टी खाने का मन होता है, तो चटनी के बजाय ठेचा का मजा लिया जाता है. यह सिर्फ एक साइड डिश नहीं है बल्कि खाने का मूड बदलने वाली चीज है, सर्दियों में जब बाजार में ताजा हरा लहसुन आने लगता है, तो उसका ठेचा एक अलग ही मजा देता है, इसका भुनी हुई मूंगफली के साथ तीखा स्वाद हर निवाले को खास बना देता है. अगर आप भी इस मौसम में कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं, तो एक बार हरे लहसुन का ठेचा जरूर बनाएं.
सामग्री की लिस्ट:
इसे बनाने के लिए आपको लगभग आधा बंच ताजा हरा लहसुन, कम से कम 10 से 12 हरी मिर्च, एक चौथाई कप कच्ची मूंगफली, 3 से 4 बड़े चम्मच तेल और स्वाद के अनुसार नमक चाहिए होगा.
स्टेप बाय स्टेप बनाने की विधि:
एक कड़ाही में तेल गरम कर लें, सबसे पहले हरी मिर्च डालें और तेज आंच पर दो से तीन मिनट तक भूनें, ध्यान रखें कि मिर्च पर हल्के चित्ते पड़ जाएं. अब इसी में कच्ची मूंगफली डाल दें और लगातार चलाते हुए कम से कम एक से दो मिनट तक सेंकें. जब मूंगफली हल्की सुनहरी हो जाए तो समझिए सही भुन गई है. कटा हुआ हरा लहसुन अब कड़ाही में डालें और धीमी से मीडियम आंच पर दो से तीन मिनट तक चलाएं. लहसुन जैसे ही हल्का मुलायम हो और उसकी तेज खुशबू रसोई में फैल जाए, तो आंच बंद कर दें. अब तैयार भुनी सामग्री में नमक डालकर अच्छे से मिला लें. इसके बाद इसे किसी चौड़े बर्तन या प्लेट में निकाल लें ताकि यह कमरे के तापमान पर ठंडा हो जाए. ध्यान रहे, गरम-गरम न कूटे ऐसा करने से इसका टेक्सचर खराब हो सकता है. जब मिश्रण पूरी तरह ठंडा हो जाए, तो इसे सिलबट्टे पर रखें और हल्के हाथों से दरदरा कूट लें. अगर आपके पास सिलबट्टा नहीं, तो आप ओखली का भी इस्तेमाल कर सकते हैं. आपको एक बात का ध्यान रखना है कि इसे बिल्कुल पतला या बारीक चटनी जैसा नहीं बनाना है क्योंकि मोटे टुकड़े और खुरदुरापन ही ठेचे की असली पहचान है.
इसके किसके साथ खाया जा सकता है?
आप इसे ज्वार या बाजरे की गरमागरम भाकरी, सादी रोटी, खिचड़ी, दाल-चावल या किसी भी सूखी सब्जी के साथ खा सकते हैं. अगर आप अपनी थाली में एक चम्मच हरे लहसुन का ठेचा रखते हैं, तो पूरे खाने का चटपटा हो जाएगा.
इसे भी पढ़ें: मूंग की दाल की पूरी कैसे बनती है? जानिए क्रिस्पी और फूली-फूली पूरी बनाने का आसान तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं