अंडा प्रोटीन का अच्छा सोर्स माना जाता है, लेकिन बहुत से लोगों के मन में सवाल रहता है कि आखिर एक दिन में कितने अंडे खाना सुरक्षित है. जिन लोगों को कोलेस्ट्रॉल, डायबिटीज या दिल से जुड़ी बीमारी रहती है, ऐसे लोगों में इस तरह के सवाल जरूर उठते हैं. क्योंकि कुछ लोगों का मानना है कि ज्यादा अंडा खाने से कोलेस्ट्रॉल का स्तर बढ़ सकता है. वहीं, इस तरह के कई सवाल उठते हैं. यहां हम आपको इसी सवाल का जवाब देंगे. डॉक्टर से जानते हैं 1 दिन में कितना अंडा खाना चाहिए?
1 दिन में कितना अंडा खाना चाहिए?
इस विषय पर यशोदा हॉस्पिटल्स, हैदराबाद के कंसल्टेंट जनरल फिजिशियन डॉ. श्री करण उद्देश तनुगुला का कहना है कि अधिकतर हेल्दी लोगों के लिए रोज एक पूरा अंडा खाना पूरी तरह सुरक्षित माना जाता है. अंडे में मौजूद प्रोटीन, विटामिन और मिनरल्स शरीर को जरूरी पोषण देने में मदद करते हैं. यही वजह है कि इसे हेल्दी डाइट का हिस्सा माना जाता है.
क्या रोज अंडा खाना चाहिए?
डॉक्टर कहते हैं कि अगर आप पूरी तरह से हेल्दी हैं और आपकी डाइट संतुलित है, तो रोज एक अंडा खाया जा सकता है. इससे शरीर को अच्छी क्वालिटी का प्रोटीन मिलता है, जो मसल्स, दिमाग और ओवरऑल हेल्थ के लिए फायदेमंद होता है.
डॉ. पीयूष विश्वकर्मा, कंसल्टेंट – गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, हेपेटोलॉजी एवं लिवर ट्रांसप्लांट, RG Hospitals, ईस्ट ऑफ कैलाश के अनुसार, अंडे उच्च गुणवत्ता वाले प्रोटीन, विटामिन और दूसरे जरूरी पोषक तत्वों का अच्छा स्रोत हैं. ज्यादातर स्वस्थ वयस्क अपनी रोजाना की डाइट में अंडे शामिल कर सकते हैं, बशर्ते वे उन्हें अच्छी तरह पकाकर खाएं और उन्हें खाने के बाद किसी तरह की परेशानी न हो.
हालांकि, हर व्यक्ति के लिए अंडों की एक निश्चित संख्या तय नहीं की जा सकती. यह इस बात पर निर्भर करता है कि व्यक्ति की कुल डाइट कैसी है, उसे कितने पोषक तत्वों की जरूरत है और उसकी स्वास्थ्य स्थिति क्या है. अंडे उबालकर या पोच करके खाना बेहतर विकल्प हो सकता है, क्योंकि इनमें अतिरिक्त तेल और मक्खन का इस्तेमाल कम होता है. वहीं, अंडों के साथ ज्यादा मक्खन, तेल या प्रोसेस्ड मीट खाने से भोजन में कैलोरी और वसा की मात्रा बढ़ सकती है.
क्या ज्यादा अंडे खाने से पेट की समस्या हो सकती है?
डॉ. पीयूष विश्वकर्मा के मुताबिक, कुछ लोगों को अंडे खाने के बाद पेट फूलने, पेट में असहजता या पाचन संबंधी दूसरी परेशानियों का अनुभव हो सकता है. ऐसे में अपने लक्षणों पर ध्यान देना जरूरी है. अगर समस्या बार-बार होती है या लंबे समय तक बनी रहती है, तो डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए. इसके अलावा, अंडों को अच्छी तरह पकाकर खाना जरूरी है, ताकि दूषित भोजन से होने वाले संक्रमण का खतरा कम किया जा सके.
लिवर की सेहत के लिए अंडे खाते समय किन बातों का ध्यान रखें?
डॉ. अभिषेक दीपक, डायरेक्टर, हेपेटोलॉजिस्ट एवं थेराप्यूटिक एंडोस्कोपिस्ट, इंस्टीट्यूट ऑफ गैस्ट्रो साइंसेज, ShardaCare-Healthcity के अनुसार, अंडे संतुलित आहार का हिस्सा हो सकते हैं और शरीर की प्रोटीन संबंधी जरूरतों को पूरा करने में मदद करते हैं. हालांकि, एक दिन में कितने अंडे खाने चाहिए, यह व्यक्ति की पोषण संबंधी जरूरतों, संपूर्ण खानपान और पहले से मौजूद स्वास्थ्य समस्याओं पर निर्भर करता है.
जिन लोगों को लिवर की बीमारी, मेटाबॉलिक संबंधी समस्याएं या दूसरी स्वास्थ्य स्थितियां हैं, उन्हें अपनी डाइट के बारे में डॉक्टर से व्यक्तिगत सलाह लेनी चाहिए. सभी लोगों के लिए एक ही आहार संबंधी नियम उपयुक्त नहीं होता. अंडे किस तरह पकाए जा रहे हैं, यह भी महत्वपूर्ण है. इन्हें बनाते समय जरूरत से ज्यादा तेल, मक्खन या प्रोसेस्ड मीट का इस्तेमाल करने से भोजन में वसा, नमक और कैलोरी की मात्रा बढ़ सकती है.
किन लोगों को अंडा खाते समय ध्यान रखने की जरूरत होती है?
डायबिटीज, हार्ट डिजीज या हाई कोलेस्ट्रॉल वाले लोगों को अंडे की मात्रा को लेकर ज्यादा सतर्क रहना चाहिए. अंडे की जर्दी में कोलेस्ट्रॉल और सैचुरेटेड फैट पाया जाता है, जो कुछ लोगों में बैड कोलेस्ट्रॉल बढ़ा सकता है.
डॉक्टर का कहना है कि ऐसे लोग अंडे का सफेद हिस्सा ज्यादा खा सकते हैं. वहीं पूरे अंडों की संख्या सीमित रखनी चाहिए. आमतौर पर हफ्ते में 3 से 4 पूरे अंडे लेना बेहतर माना जाता है, हालांकि यह व्यक्ति की हेल्थ कंडीशन पर भी निर्भर करता है.
रोजाना कैसे खाएं अंडा?
डॉक्टर कहते हैं कि अंडे को उबालकर या पोच्ड रूप में खाना ज्यादा अच्छा विकल्प है. वहीं, डीप फ्राई अंडे या ज्यादा तेल में बने अंडे से बचना चाहिए. इसके अलावा अंडों के साथ प्रोसेस्ड मीट, ज्यादा मक्खन और चीज़ खाने से भी अतिरिक्त फैट बढ़ सकता है.
डॉक्टर के मुताबिक किसी व्यक्ति के लिए अंडों की सही मात्रा उसकी उम्र, लाइफस्टाइल, कोलेस्ट्रॉल लेवल और मेडिकल हिस्ट्री पर निर्भर करती है. इसलिए अगर कोई पुरानी बीमारी है तो डाइट में बदलाव करने से पहले डॉक्टर या डाइटिशियन की सलाह जरूर लेनी चाहिए.
ये भी पढ़ें - कूड़ेदान में अंडे के छिलकों को फेंकने की न करें गलती, काले बर्तन को मिनटों में करेगा साफ, ऐसे करें इस्तेमाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं