भारतीय किचन में जब खाना बनता है, तो सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि आज कितनी रोटियां बनाई जाएं और हममें से हर कोई यह सोचता है कि एक दिन में आखिर कितनी रोटी खाना सेहत के लिए सही रहता है? कुछ लोग वजन बढ़ने के डर से बहुत कम रोटी खाते हैं, तो कुछ लोग अपनी भूख मिटाने के चक्कर में बिना गिने 4 से 5 रोटियां एक साथ खा जाते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि जरूरत से ज्यादा या कम रोटी खाना दोनों ही हमारी सेहत पर बुरा असर डाल सकते हैं?
इस जरूरी सवाल का सही और सटीक जवाब देने के लिए हमने यूनानी चिकित्सा के जाने-माने वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. सैयद अहमद खान से खास बातचीत की. आइए जानते हैं कि उन्होंने सेहतमंद रहने और वजन को कंट्रोल करने के लिए एक दिन में कितनी रोटी खाने की सलाह दी है.
हर इंसान की जरूरत होती है अलग-
डॉ. सैयद अहमद खान का कहना है कि किसी भी इंसान के लिए रोटियों की कोई एक फिक्स संख्या नहीं बताई जा सकती, क्योंकि हर किसी का शरीर, उसकी उम्र और उसका काम करने का तरीका अलग-अलग होता है. एक भारी मजदूरी करने वाले इंसान को जितनी एनर्जी की जरूरत होती है, उतनी ही जरूरत एक दिनभर कंप्यूटर के आगे बैठकर काम करने वाले ऑफिस के आदमी को नहीं होती. इसलिए यह पूरी तरह आपके शरीर की बनावट और लाइफस्टाइल पर निर्भर करता है कि आपको कितनी रोटियों की जरूरत है.

एक बार में कितनी रोटियां खाना है सेफ?
डॉ. खान के मुताबिक, अगर आप एक सामान्य और सेहतमंद जीवन जी रहे हैं, तो दोपहर या रात के खाने में एक बार में 2 से ज्यादा या ज्यादा से ज्यादा 3 मीडियम साइज की रोटियां खाना पर्याप्त माना जाता है. अगर आप दिनभर में दो वक्त का मुख्य खाना खाते हैं, तो पूरे दिन में कुल मिलाकर 4 से 6 रोटियां खाना एक आम आदमी के लिए एकदम सही और संतुलित मात्रा है.
ज्यादा रोटी खाने से क्या होता है?
कई लोगों को लगता है कि घर का सादा खाना है, तो जितना मर्जी उतना खा लो, इससे कोई नुकसान नहीं होता. लेकिन डॉ. सैयद अहमद खान चेतावनी देते हैं कि जरूरत से ज्यादा गेहूं की रोटी खाने से पाचन तंत्र यानी पेट पर बहुत दबाव पड़ता है. ज्यादा रोटियां खाने से खाना पचने में दिक्कत होने लगती है, पेट में गैस बन सकती है और धीरे-धीरे आपका वजन भी तेजी से बढ़ने लगता है. इसके अलावा, जिन लोगों को शुगर यानी डायबिटीज की शिकायत है, उन्हें तो अपनी डाइट में कार्बोहाइड्रेट की मात्रा का खास ध्यान रखना चाहिए.
एक्सपर्ट के बारे में: डॉ. सैयद अहमद खान यूनानी चिकित्सा के वरिष्ठ विशेषज्ञ हैं. वे नई दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल के यूनानी मेडिकल सेंटर में पूर्व डिप्टी डायरेक्टर एवं हेड रह चुके हैं. वर्तमान में वे दरीयागंज स्थित सदर यूनानी क्लिनिक में प्रैक्टिस करते हैं और श्वसन रोगों, पाचन संबंधी समस्याओं तथा लाइफस्टाइल डिजीज के यूनानी उपचार में विशेष अनुभव रखते हैं.
ये भी पढ़ें- घर का खाना पसंद, लेकिन चीट मील में ये चीज फेवरेट, वैभव सूर्यवंशी का दिलचस्प खुलासा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं