विज्ञापन

मक्के की रोटी गोल कैसे बनाएं? शेफ की इस ट्रिक से चांद जैसी गोल सॉफ्ट और फूली-फूली बनेंगी मक्के की रोटियां

अब नहीं टूटेगी मक्के की रोटी, बस आटा गूंथते समय करें ये काम, रोटियां बनेंगी एकदम होटल जैसी.

मक्के की रोटी गोल कैसे बनाएं? शेफ की इस ट्रिक से चांद जैसी गोल सॉफ्ट और फूली-फूली बनेंगी मक्के की रोटियां
मक्के की रोटी गोल कैसे बनाएं.
NDTV

सर्दी में सरसों का साग और मक्के की रोटी का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है. लेकिन जैसे ही मक्के की रोटी बनाने बैठो, तो वही दिक्कत. रोटी गोल नहीं बनती, किनारों से टूट जाती है, बेलन से बेलो तो चटक जाती है. क्या आपके साथ भी यही होता है, तो शेफ पंकज भदौरिया द्वारा शेयर इन सीक्रेट टिप्स को फॉलो कर एकदम सॉफ्ट और फूली-फूली रोटियां बना सकते हैं. तो चलिए जानते हैं रोटी बनाने की ट्रिक.

मक्के की रोटी क्यों टूट जाती है? 

पहले ये समझिए, मक्के की रोटी टूटती क्यों है, दरअसल गेहूं के आटे में ग्लूटेन होता है. ग्लूटेन की वजह से आटा लचीला हो जाता है, एक-दूसरे से चिपक जाता है. लेकिन मक्के के आटे में ग्लूटेन होता ही नहीं. इसीलिए मक्के का आटा आपस में जुड़ता नहीं है. जरा सा जोर लगाया, तो रोटी टूट जाती है. इसीलिए मक्के की रोटी को गेहूं की रोटी की तरह नहीं बनाया जा सकता.

यहां देखें पोस्ट-

मक्के की रोटी बनाने का पहला सीक्रेट-

आटा गूंथने के लिए हमेशा एकदम गर्म पानी का इस्तेमाल कीजिए. ठंडा पानी या गुनगुना पानी मत लीजिए. एकदम उबलता हुआ गर्म पानी. जब आप मक्के के आटे में बहुत गर्म पानी डालते हैं, तो आटे का स्टार्च एक्टिवेट हो जाता है. और आटे में बढ़िया बाइंडिंग आ जाती है. आटा आपस में जुड़ने लगता है. एक परात में 2 कप मक्के का आटा लीजिए. इसमें थोड़ा नमक डाल दीजिए. अब इसमें धीरे-धीरे गर्म पानी डालिए. पानी बहुत गर्म होता है, इसलिए शुरुआत में हाथ मत लगाइए. चम्मच या कड़छी से आटे को मिलाइए. जब आटा थोड़ा ठंडा हो जाए, तब हाथों से अच्छी तरह मलकर गूंथिए. आटा एकदम नरम गूंथना है. ज्यादा सख्त आटा मत गूंथिए, वरना रोटी टूटेगी.

दूसरा सीक्रेट तरीका है आटे को रेस्ट न दें-  

हम अक्सर गेहूं का आटा गूंथकर थोड़ी देर के लिए रख देते हैं सोचते हैं, इससे रोटियां नरम बनेंगी. लेकिन मक्के के आटे के साथ ऐसा बिल्कुल नहीं करना है. ये सबसे बड़ी गलती है. मक्के का आटा गूंथने के तुरंत बाद ही रोटियां बनाना शुरू कर दीजिए. अगर आप आटे को थोड़ी देर भी छोड़ देंगे, तो वो सूखने लगेगा. और सूखा हुआ आटा रोटी बनाते समय फिर से टूटने लगेगा. इसीलिए आटा गूंथो, तुरंत रोटी बनाओ.

तीसरा सीक्रेट तरीका है बटर पेपर- 

मक्के की रोटी को बेलन से बेलने की गलती कभी न करें. बेलन से मक्के की रोटी नहीं बनेगी. सबसे सही तरीका ये है. एक साफ प्लास्टिक शीट या हल्का तेल-घी लगा हुआ बटर पेपर लीजिए. अब आटे की एक लोई बनाइए. उसे प्लास्टिक शीट के बीच में रखिए. हाथों में हल्का सा पानी या तेल लगाइए. अब लोई को उंगलियों और हथेलियों की मदद से धीरे-धीरे थपथपाते हुए गोल शेप दीजिए. जोर से मत दबाइए, हल्के हाथ से थपथपाइए.  धीरे-धीरे रोटी अपने आप गोल हो जाएगी. जब रोटी सही शेप में आ जाए, तो शीट को उठाकर सीधे तवे पर पलट दीजिए और फिर शीट को धीरे से हटा लीजिए. इस तरीके से आपकी रोटी बिना टूटे बहुत आसानी से तवे पर आ जाएगी. 

मक्के की रोटी को सेंकने का सही तरीका- 

रोटी बनाना जितना जरूरी है, उसे सेंकना भी उतना ही जरूरी है. तवे को पहले अच्छे से गरम कर लीजिए.  तवा ठंडा होगा, तो रोटी चिपक जाएगी. रोटी को तवे पर डालते ही 30 सेकंड बाद पलट दीजिए. अब दूसरी तरफ से भी 30 सेकंड सेंकिए. अब रोटी को सीधे गैस की आंच पर रखिए. चिमटे से पकड़कर हल्का सा घुमाइए. रोटी अपने आप फूल जाएगी. 

रोटी बनकर तैयार है इसे आप सरसों के साग के साथ मजे से खाएं.

ये भी पढ़ें- सर्दियों में अलसी का लड्डू कैसे बनाएं? जानें घर पर अलसी का लड्डू बनाने की आसान रेसिपी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Makke Ki Roti, Makke Ki Roti Kaise Banaye, Roti Banane Ki Tips, Kneaded Dough, Makke Ki Roti Khane Ke Fayde
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com