Fate dudh se banayein ye recipies: गर्मियों में दूध का फटना बहुत आम बात है. कई बार सुबह चाय बनाने जाते हैं और पता चलता है कि फ्रिज में रखा दूध खराब हो चुका है. ऐसे में ज्यादातर लोग उसे बेकार समझकर फेंक देते हैं. लेकिन सच यह है कि फटा हुआ दूध आपकी किचन का छुपा हुआ खजाना हो सकता है. दरअसल, फटे दूध से बनने वाला छेना कई मशहूर भारतीय मिठाइयों की जान माना जाता है. अगर थोड़ा धैर्य और सही तरीका अपनाया जाए तो यही दूध स्वादिष्ट मिठाइयों में बदल सकता है. खास बात यह है कि इन मिठाइयों को खाने के बाद कोई अंदाजा भी नहीं लगा पाएगा कि ये फटे हुए दूध से बनी हैं.
फटे दूध को ऐसे करें तैयार-
सबसे पहले फटे हुए दूध को सूती कपड़े या छलनी की मदद से छान लें. इससे छेना अलग हो जाएगा. अगर दूध ज्यादा खट्टा हो गया है तो छेना को हल्के पानी से धो लें ताकि स्वाद संतुलित रहे. इसके बाद आप इससे कई तरह की मिठाइयां आसानी से बना सकते हैं.
फटे दूध से बना सकते हैं ये सब मिठाइयां-
1. रसगुल्ला (Rasgulla)
रसगुल्ला शायद सबसे पहली मिठाई है जो छेना का नाम सुनते ही याद आती है. मुलायम और रस से भरे ये गोले हर उम्र के लोगों को पसंद आते हैं. छेना को अच्छी तरह गूंथकर छोटी बॉल्स बनाई जाती हैं और फिर चाशनी में पकाया जाता है. कुछ ही देर में स्पंजी रसगुल्ले तैयार हो जाते हैं.
2. रसमलाई (Rasmalai)
अगर आपको रिच और क्रीमी मिठाइयां पसंद हैं तो रसमलाई शानदार विकल्प है. छेना से बने चपटे गोले पहले चाशनी में पकाए जाते हैं और फिर केसर और इलायची वाले गाढ़े दूध में डाले जाते हैं. ऊपर से ड्राई फ्रूट्स डालने पर इसका स्वाद और बढ़ जाता है.

यह भी पढ़े: Water Rich Fruits: मई-जून की तप्ती गर्मी में बॉडी को हाइड्रेट रखना चाहते हैं, तो खाएं ये 5 रसीले फल!
3. संदेश (Sandesh)
बंगाल की मशहूर मिठाई संदेश भी फटे दूध से आसानी से बनाई जा सकती है. इसमें छेना में चीनी और इलायची मिलाकर छोटे आकार दिए जाते हैं. चाहें तो इसमें आम, केसर या गुलाब का फ्लेवर भी मिला सकते हैं.
4. चम चम (Cham Cham)
चम चम देखने में जितनी खूबसूरत लगती है, खाने में उतनी ही स्वादिष्ट होती है. इसे अंडाकार आकार देकर चाशनी में पकाया जाता है और बाद में नारियल या मावा में लपेटा जाता है.
5. कलाकंद (Kalakand)
कलाकंद का दानेदार स्वाद लोगों को खूब पसंद आता है. इसे बनाने के लिए छेना को गाढ़े दूध या कंडेंस्ड मिल्क (Condensed Milk) के साथ धीमी आंच पर पकाया जाता है. बाद में इसे जमाकर टुकड़ों में काट लिया जाता है.
6. छेना मुर्की (Chena Murki)
यह मिठाई थोड़ी अलग जरूर है, लेकिन स्वाद में बेहद खास होती है. इसमें छेना के छोटे टुकड़ों को गाढ़ी चाशनी में लपेटा जाता है. ठंडा होने पर ऊपर हल्की मीठी परत जम जाती है.
अगली बार दूध फटे तो परेशान होने के बजाय उससे तैयार करें ये स्वादिष्ट मिठाइयां.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं