अगर आप हॉस्टल में रहे हैं या अकेले किसी किराए के कमरे में जिंदगी काटी है, तो आपको पता होगा कि इलेक्ट्रिक कैटल किसी वरदान से कम नहीं होती. ज़्यादातर लोग सोचते हैं कि कैटल का काम सिर्फ पानी खौलाना या चाय-कॉफी का पानी गरम करना है. लेकिन सच बताएं तो ये छोटा सा डब्बा आपके पूरे किचन की कमी पूरी कर सकता है. देर रात की भूख हो, सुबह ऑफिस की जल्दबाजी, या गैस सिलेंडर का अचानक खत्म हो जाना, कई हॉस्टलों में रात को मेस बंद होने के बाद इलेक्ट्रिक कैटल ही छात्रों का सबसे बड़ा सहारा बन जाती है.
बस थोड़ी सी समझदारी और सही तरीका मालूम होना चाहिए. तो चलिए आज बात करते हैं कि इस जादुई डब्बे में आप क्या-क्या आसानी से बना सकते हैं.
इलेक्ट्रिक कैटल में अलग अलग तरह की रेसिपी बनाने के कई तरीके ऑनलाइन मौजूद हैं. जानी मानी शेफ Pankaj Bhadouria ने अपने एक YouTube वीडियो में कैटल में पास्ता, ओट्स, सूप और पुलाव जैसी रेसिपी बनाने का तरीका बताया.
हालांकि ज्यादातर केटल कंपनीया कैटल में सिर्फ पानी गर्म करने की सलाह देती हैं. वहीं शेफ ने इसके इस्तेमाल के अनोखे तरीके बताए. आप अगर इन्हें फॉलो करने जा रहे हैं, तो सुरक्षा इंतजामों का खास ख्याल रखें.
आप यहां इस वीडियो को पूरा देख सकते हैं -
1. मैगी और हर तरह के नूडल्स
कैटल का सबसे पहला और सबसे हिट इस्तेमाल है मैगी. शायद ही कोई ऐसा हॉस्टलर होगा जिसने कैटल में मैगी न बनाई हो. कैटल में एक से डेढ़ कप पानी डालें और ऑन कर दें. जब पानी में उबाल आने लगे, तो मैगी को थोड़ा तोड़कर अंदर डाल दें. साथ में मैगी मसाला भी मिला दें. ढक्कन को पूरा बंद न करें, नहीं तो झाग बनकर पानी बाहर फेंकने लगेगा. दो से तीन मिनट में चम्मच से हिलाएं और स्विच बंद कर दें. आपकी गरमा-गरम मैगी तैयार है.
2. अंडे उबालना है बेहद आसान
अगर आप जिम जाते हैं या नाश्ते में उबले अंडे पसंद करते हैं, तो कैटल आपके लिए सबसे बेस्ट है. कैटल में इतना पानी भरें कि अंडे उसमें अच्छी तरह डूब जाएं. अंडों को बहुत धीरे से तली में रखें ताकि वे फूटे नहीं. स्विच ऑन कर दें. जब कैटल का ऑटो-कट हो जाए या पानी खौल जाए, तो उसे बंद रहने दें. अंडों को गरम पानी के अंदर ही करीब दस से बारह मिनट तक पड़ा रहने दें. इसके बाद अंडे निकाल कर ठंडे पानी में डालें, छिलका एकदम मक्खन की तरह उतरेगा.
Also Read: Poha In Kettle: इलेक्ट्रिक कैटल में ऐसे बनाएं पोहा, टेस्ट के साथ सेहतमंद भी...
3. चाय और कड़क कॉफी
सर्दियों की सुबह हो या शाम की थकान, चाय के बिना दिन नहीं कटता. कैटल में दोनों चीजें बहुत आराम से बनती हैं.
अगर सादी ब्लैक टी या ग्रीन टी बनानी है, तो बस गरम पानी में टी-बैग डाल दीजिए. लेकिन अगर दूध वाली देसी चाय बनानी है, तो पहले आधा कप पानी में पत्ती, कुटी हुई अदरक और चीनी डालकर खौला लें.
फिर इसमें आधा कप दूध डालें. यहां एक बात का खास ध्यान रखें, दूध उफन कर बहुत जल्दी बाहर आता है. इसलिए हाथ स्विच पर ही रखें और जैसे ही उबाल ऊपर आए, तुरंत बटन बंद कर दें.
4. हॉस्टल वाली दाल और सादे चावल
आपको सुनकर अजीब लगेगा, लेकिन कैटल में दाल-चावल भी पक जाते हैं. बस इसके लिए छोटी सी ट्रिक चाहिए. मूंग की पीली दाल सबसे जल्दी गलती है. दाल को पकाने से पहले पंद्रह-बीस मिनट पानी में भिगोकर रख दें. चावल को भी दस मिनट पहले धोकर भिगो लें.
अब कैटल में दाल, पानी, नमक और थोड़ी सी हल्दी डाल दें. ढक्कन थोड़ा खुला रखकर पकाएं. जब दाल पक जाए, तो उसे किसी बर्तन में निकाल लें और उसी तरह पानी का नाप रखकर चावल भी बना लें. यह बैचलर लाइफ का सबसे बड़ा जुगाड़ है.
5. हेल्दी ओट्स और दलिया
सुबह-सुबह जब नाश्ता बनाने का मन न करे, तो ओट्स सबसे बढ़िया विकल्प हैं. इंस्टेंट ओट्स को कैटल में डालें.अगर नमकीन बनाना है तो थोड़ा सा नमक, गरम मसाला और पानी डाल दें. अगर मीठा पसंद है तो पानी या दूध के साथ ओट्स और चीनी डाल दें. इसे लगातार चम्मच से चलाते रहें ताकि यह तली में न चिपके. सिर्फ दो मिनट के अंदर एक पौष्टिक नाश्ता तैयार हो जाता है.
6. सूप और रेडी-टू-ईट पैकेट्स
बाजार में मिलने वाले सूप के पैकेट, पोहा मिक्स या उपमा मिक्स कैटल के सबसे अच्छे दोस्त हैं. इन चीजों को सीधे कैटल में डालने की जरूरत भी नहीं होती. कैटल में पानी को एकदम खौला लें. एक कटोरी या मग में सूप पाउडर, रेडी-टू-ईट उपमा या पोहा निकालें.
ऊपर से खौलता हुआ पानी डालें, ढक्कन से दो मिनट के लिए ढक दें.चम्मच से मिलाइए और ताजा नाश्ता या सूप तैयार. इससे कैटल भी गंदी नहीं होती और मेहनत भी बचती है.
7. सब्जियां, आलू और पास्ता उबालना
अगर आपको आलू का चोखा या सैंडविच बनाना है, तो कैटल में आलू के छोटे-छोटे टुकड़े काटकर डाल दें.
छोटे टुकड़े होने की वजह से आलू पांच से सात मिनट में आराम से गल जाते हैं. इसी तरह हरी मटर, ब्रोकली, या गाजर को हल्का उबालना हो, तो कैटल में डालकर दो मिनट ब्लांच कर लें.
पास्ता उबालते समय पानी में थोड़ा सा नमक और दो बूंद तेल जरूर डालें ताकि पास्ता चिपके नहीं.
कैटल इस्तेमाल करते समय इन बातों की सावधानी रखें
कैटल में खाना बनाना बहुत मजेदार है, लेकिन अगर कुछ बातों का ख्याल न रखा जाए तो यह खराब भी हो सकती है. कभी भी कैटल के निचले हिस्से या बेस को पानी में न डुबोएं, इससे करंट लगने या सर्किट जलने का खतरा रहता है.
खाना बनाने के तुरंत बाद उसे साफ कर लें. अगर खाना तली पर सूख गया, तो हीटिंग एलिमेंट पर पपड़ी जम जाएगी. दूध वाली चीजें बनाते समय कभी भी कैटल छोड़कर दूर न जाएं, क्योंकि दूध बहुत तेज उफनता है. अंदर सफाई के लिए कभी भी लोहे के जूने या तार वाले ब्रश का इस्तेमाल न करें, इससे अंदर की कोटिंग खराब हो सकती है.
अगर तली में पीलापन या सफेद निशान जम जाएं, तो थोड़ा सा सिरका या नींबू का रस और पानी डालकर एक बार उबाल दें, कैटल नए जैसी चमक जाएगी.
इलेक्ट्रिक कैटल सच में हर उस इंसान का सच्चा साथी है जो घर से दूर रहता है या जिसके पास किचन का पूरा तामझाम नहीं है.
यह भी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं