- महाराष्ट्र में FDA ने 27 फूड लाइसेंस सस्पेंड किए और 34.56 लाख रुपये का प्रतिबंधित फूड जब्त किया
- मुंबई यूनिवर्सिटी कैंटीन बिना वैध लाइसेंस के संचालित पाई गई, जहां साफ-सफाई और स्वच्छता के गंभीर उल्लंघन मिले
- मुंबई के छह प्रमुख प्रतिष्ठानों के FSSAI लाइसेंस साफ-सफाई नियमों के उल्लंघन के कारण से सस्पेंड कर दिए गए
महाराष्ट्र में फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने पूरे राज्य में फूड सेफ्टी को लेकर एक बड़ा अभियान चलाया. इस दौरान 27 फूड लाइसेंस/रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट सस्पेंड किए गए जबकि 34.56 लाख की कीमत का प्रतिबंधित फूड स्टॉक जब्त किया गया.
इस दौरान 4 FIR दर्ज की गईं और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया. दो प्रतिष्ठनों को सील किया गया है. वहीं, मुंबई यूनिवर्सिटी कैंटीन पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है.
जांच में पता चला कि यह कैंटीन बिना किसी वैध फूड लाइसेंस के चल रही थी. यहां साफ-सफाई में भारी कमियां पाई गईं, जैसे- खाने के पास खुले डस्टबिन, शाकाहारी और मांसाहारी खाने को अलग-अलग न रखना, फर्श पर बर्तन रखे होना, किचन के अंदर जूते पहनकर जाना और खुली नालियां होना.
मुंबई के 6 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई
साफ-सफाई और स्वच्छता के नियमों के गंभीर उल्लंघन के कारण मुंबई के 6 प्रमुख प्रतिष्ठानों के FSSAI लाइसेंस/रजिस्ट्रेशन तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिए गए हैं.
- नेशनल स्पोर्ट्स क्लब ऑफ इंडिया (NSCI), वर्ली: किचन में मक्खियां, वॉश बेसिन एरिया में कॉकरोच, खुले डस्टबिन, दीवारों/छत से पपड़ी गिरना और बिना टीकाकरण वाले कर्मचारियों का बिना दस्ताने पहने काम करना.
- ब्रिटिश ब्रूइंग कंपनी प्राइवेट लिमिटेड, लोअर परेल: आटे की बोरी में जिंदा मक्खियां, बंद नाली के पास कॉकरोच, खाने-पीने की चीजों पर इस्तेमाल किए गए कपड़े रखे होना, जंग लगे बर्तन और तेल और धूल से भरा किचन.
- क्योरफूड्स इंडिया लिमिटेड, क्रस्टोस - चीज बर्स्ट पिज्जा बाय ओलियो, प्रभादेवी: खाने का कचरा जमा होना, ड्रेनेज सिस्टम खराब होना, कीड़ों को रोकने के लिए जाली का न होना, और कच्चे/पके या शाकाहारी/मांसाहारी खाने को अलग-अलग न रखना.
- वेलवेट फाइन चॉकलेट्स, गोवंडी (पूर्व): मैन्युफैक्चरिंग एरिया में कॉकरोच, फूड प्रोडक्शन एरिया के अंदर ही शौचालय होना, और फ्रीजर और फर्श का गंदा होना.
- मराठा चिकन सप्लायर्स, बोरीवली (पूर्व): जांच में 62 में से केवल 19 अंक (31%) मिले; यहां चिलर/फ्रीजर नहीं थे, मक्खियां थीं, सामान को अस्वच्छ तरीके से रखा गया था, और स्टाफ के मेडिकल या वैक्सीनेशन का कोई रिकॉर्ड नहीं था.
- शेन-इलाही बेकरी एंड स्टोर ब्रांड सुपरब, गोवंडी: यहां पानी और खाने-पीने की चीजों की लैब टेस्ट रिपोर्ट नहीं मिलीं, फूड-ग्रेड पैकेजिंग का कोई सर्टिफिकेट नहीं था, और साफ-सफाई और पेस्ट कंट्रोल की हालत बहुत खराब थी.

Photo Credit: NDTV
पुणे में 21 प्रतिष्ठान सस्पेंड
पुणे शहर/स्टेशन एरिया (9), शिवाजीनगर (8) और पिंपरी-चिंचवड़ (4) में 21 फूड प्रतिष्ठानों के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए गए हैं.
इनमें इंस्टामार्ट (शिवाजीनगर), ग्रैंड दिल्ली दरबार (कैंप) और द बर्गर बार्न कैफे (कैंप) शामिल हैं। इन पर 'शेड्यूल-IV' के तहत साफ-सफाई के नियमों के उल्लंघन का आरोप है.
प्रतिबंधित गुटखा और पान मसाला के खिलाफ कार्रवाई
- अमरावती डिवीजन: 34,53,300 रुपये की कीमत का प्रतिबंधित फूड स्टॉक जब्त किया गया; 1 FIR दर्ज हुई, 1 व्यक्ति गिरफ्तार हुआ, 2 प्रतिष्ठान सील किए गए और 21 लाख रुपये की कीमत का 1 वाहन जब्त किया गया.
- मुंबई और नासिक: प्रतिबंधित खाद्य उत्पाद रखने के आरोप में मुंबई के एंटॉप हिल और तिलकनगर में दो FIR, और नासिक के कलवन में एक FIR दर्ज की गई.
- ठाणे डिवीजन में जब्ती: भिवंडी में एक्सपायर हो चुका और खराब फूड स्टॉक (39,862 रुपये) और संदिग्ध घटिया क्वालिटी की सुपारी (24,498 रुपये) जब्त की गई.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं