मौसम में बदलाव साफ देखा जा रहा है. सर्दियों का मौसम आते ही हममें से ज्यादातर लोगों का मन ठंड में बाहर निकलने का नहीं करता. धूप कम निकलती है और जब निकलती भी है, तो हम ठंडी हवाओं के डर से बाहर जाने से कतराते हैं. नतीजा यह होता है कि हमारे शरीर को सही मात्रा में धूप नहीं मिल पाती और विटामिन D की कमी (Vitamin D Deficiency) होने लगती है.
अक्सर लोग सोचते हैं कि विटामिन D सिर्फ धूप से ही मिलता है, हां ये सच भी है कि विटामिन डी धूम से मिलता है. लेकिन ऐसा नहीं है कि इसे आप और किसी तरह से पूरा नहीं कर सकते हैं. यूनानी चिकित्सा के वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. सैयद अहमद खान बताते हैं कि सर्दियों में अपनी डाइट में सही खाने-पीने की चीज़ें शामिल करके भी आप विटामिन D का लेवल मेंटेन रख सकते हैं. आइए जानते हैं कि ठंड के दिनों में कौन-कौन सी चीज़ें आपकी सेहत को तंदुरुस्त रख सकती हैं.
विटामिन डी के लिए क्या खाएं-
1. अंडे की ज़र्दी-
अगर आप अंडा खाते हैं, तो पूरी सर्दी यह आपके लिए सबसे बढ़िया और आसान ऑप्शन है. ज्यादातर लोग वजन बढ़ने के डर से अंडे का पीला वाला हिस्सा निकालकर फेंक देते हैं. लेकिन डॉ. सैयद अहमद खान के मुताबिक, अंडे का यही पीला हिस्सा विटामिन D का बेहतरीन सोर्स है. सर्दियों में रोज़ाना एक या दो उबले अंडे ज़र्दी समेत खाना आपकी सेहत और हड्डियों के लिए बहुत फायदेमंद हो सकता है.

Photo Credit: Canva
2. मशरूम-
शाकाहारी लोगों के लिए मशरूम किसी वरदान से कम नहीं है. मशरूम की खास बात यह है कि यह इंसानों की तरह ही धूप में रहने पर विटामिन D बनाता है. बाजार में मिलने वाली मशरूम की सब्जियों या सूप को अपनी सर्दियों की डाइट का हिस्सा जरूर बनाएं. हफ्ते में 2 से 3 बार मशरूम खाने से शरीर में विटामिन D का लेवल सुधरता है.
3. फैटी फिश-
नॉन-वेज खाने वालों के लिए सैल्मन, मैकेरल और टूना जैसी मछलियां विटामिन D का सबसे बड़ा सोर्स हैं. सर्दियों में ओमेगा-3 फैटी एसिड और विटामिन D से भरपूर इन मछलियों का सेवन दिल और जोड़ों के दर्द के लिए भी बेहद असरदार माना जाता है.
4. संतरा-
सर्दियों में फ्रेश संतरे खूब मिलते हैं. संतरे में सिर्फ विटामिन C ही नहीं, बल्कि फोर्टिफाइड ऑरेंज जूस में विटामिन D की भी अच्छी मात्रा होती है. सुबह के नाश्ते में एक गिलास फोर्टिफाइड संतरे का जूस लेने से दिनभर ताजगी बनी रहती है और इम्यूनिटी भी बूस्ट होती है.
डॉ. सैयद अहमद खान की खास टिप-
सर्दियों में सिर्फ खाना ही काफी नहीं है. अगर हो सके तो सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच कम से कम 15 से 20 मिनट गुनगुनी धूप में जरूर बैठें. इससे शरीर खाने में मौजूद पोषक तत्वों और विटामिन D को बेहतर तरीके से सोख पाता है.
ये भी पढ़ें- आज क्या बनाऊं: ट्राई करें फलाहारी उपमा, स्वाद के साथ सेहत से भी है भरपूर, नोट करें रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं