दशहरे का त्यौहार हो और घर में गरमा-गरम जलेबी और ठंडी-ठंडी रबड़ी की खुशबू न आए, ऐसा तो हो ही नहीं सकता. दशहरे के दिन जलेबी खाने की परंपरा सदियों पुरानी है, लेकिन अक्सर लोग इसे घर पर बनाने से डरते हैं. क्योंकि उन्हें लगता है कि पता नहीं जलेबी कुरकुरी बनेगी या नहीं, चाशनी सही जमेगी या नहीं, या फिर घंटों खमीर उठाना पड़ेगा.
अगर आपके मन में भी यही डर है, तो यूट्यूब चैनल (Masala Kitchen) पर शेयर रेसिपी को ट्राई कर सकते हैं. इस तरीके से आप सिर्फ 15 मिनट में एकदम हलवाई जैसी क्रिस्पी, रसीली जलेबी और क्रीमी रबड़ी तैयार कर सकते हैं.
घर पर ही क्यों बनाएं जलेबी?
बाजार में जलेबी तो आसानी से मिल जाती है, लेकिन घर पर बनाने के अपने अलग ही फायदे हैं. सबसे पहली बात तो यह कि आपको एकदम साफ-सुथरा तेल या शुद्ध देसी घी इस्तेमाल करने को मिलता है. बाजार में कई बार एक ही बैटर को बार-बार इस्तेमाल किया जाता है, जिससे जलेबी में खटास आ जाती है. घर पर बनी जलेबी एकदम फ्रेश होती है, जो घंटों तक कुरकुरी बनी रहती है.
क्रीमी रबड़ी बनाने का सीक्रेट-
अगर आपके पास गाढ़ा दूध उबालने का टाइम न हो, तो बस 2 से ढाई कप दूध में थोड़ा सा काजू और बादाम का पाउडर मिला दें. साथ ही चुटकी भर इलायची और केसर की धागे डाल दें. ड्राई फ्रूट पाउडर की वजह से दूध बहुत जल्दी गाढ़ा हो जाता है और इसका स्वाद भी एकदम शाही लगता है. इसमें हल्की सी मिठास के लिए 2-3 चम्मच चीनी काफी रहती है.
कुरकुरी जलेबी कैसे बनाएं-
- एक कप मैदा छान लें. इसमें एक चम्मच देसी घी और एक शैशे इनो मिला लें.
- थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर गाढ़ा बैटर बना लें. बैटर ऐसा होना चाहिए जो चम्मच से उठाने पर एक धार में धीरे-धीरे गिरे.
- चाशनी के लिए एक कप चीनी में पौना कप (3/4 कप) पानी मिलाकर उबालें.
- इसमें एक तार की चाशनी नहीं चाहिए, बस हल्की चिपचिपी चाशनी बनानी है.
- थोड़ा सा केसर, इलायची और चुटकी भर जलेबी का रंग डाल दें.
- जलेबी के बैटर में रंग न मिलाएं, ताकि आपको पता चल सके कि जलेबी कुरकुरी हुई है या नहीं.
- बैटर को किसी कोन या सॉस की बोतल में भर लें. चौड़े तले की कढ़ाई या पैन में तेल/घी गरम करें.
- आंच को मीडियम रखें. जलेबी को गोल-गोल घुमाकर तलें और तुरंत गुनगुनी चाशनी में डुबो दें.
- दूसरी बार की जलेबी तलने तक पहली वाली को चाशनी में रहने दें.
ये भी पढ़ें- Viral Video: 9 से 5 की जॉब में गुरुग्राम के इस शख्स की डाइट देख उड़ जाएंगे होश
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं