विज्ञापन

कुकर में खीर कैसे बनाएं? जानें 15 मिनट में खीर बनाने का आसान तरीका

यहां हम आपको कुकर में केवल 15 मिनट के अंदर स्वाद में लाजवाब खीर बनाने की रेसिपी बता रहे हैं. ये खास रेसिपी फूड क्रिएटर और होम शेफ अभिनीत ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर की है. आइए जानते हैं इसके बारे में-

कुकर में खीर कैसे बनाएं? जानें 15 मिनट में खीर बनाने का आसान तरीका
कुकर में कैसे बनाएं खीर?
(Photo Credit: Instagram)

मीठा खाने का मन हो या अचानक घर पर मेहमान आ जाएं, तो अक्सर समझ नहीं आता कि जल्दी से क्या बनाया जाए. ऐसे में अगर आप कुछ स्वादिष्ट, मलाईदार और खास बनाना चाहते हैं, तो खीर एक अच्छा ऑप्शन हो सकती है. लेकिन पारंपरिक तरीके से खीर बनाने में काफी समय लगता है. चावल भिगोने से लेकर दूध को गाढ़ा करने तक काफी मेहनत करनी पड़ती है. ऐसे में फिर लोग खीर बनाने से बचते हैं. अगर आप भी इन्हीं लोगों में से एक हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. यहां हम आपको कुकर में केवल 15 मिनट के अंदर स्वाद में लाजवाब खीर बनाने की रेसिपी बता रहे हैं. ये खास रेसिपी फूड क्रिएटर और होम शेफ अभिनीत ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर की है. आइए जानते हैं 15 मिनट में खीर बनाने का स्टेप-बाय-स्टेप तरीका- 

चाहिए होंगी ये चीजें- 

इस खीर को बनाने के लिए आपको- 

  • 2 लीटर फुल क्रीम दूध 
  • आधा कप बासमती चावल 
  • दो-तिहाई से एक कप चीनी, चीनी की मात्रा आप अपने स्वाद के हिसाब से रख सकते हैं. 
  • आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर  
  • कटे हुए बादाम, काजू और पिस्ता 
  • इसके अलावा ड्राई फ्रूट्स भूनने के लिए थोड़े देसी घी की जरूरत होगी.
कुकर में कैसे बनाएं खीर? 
  • सबसे पहले बासमती चावल को अच्छी तरह दो से तीन बार पानी से धो लें. 
  • अब, कुकर में धुले हुए चावल डालें और उसमें आधा से एक लीटर दूध मिला दें. कुकर का ढक्कन बंद करके दो सीटी आने तक पकाएं. इसके बाद गैस बंद कर दें और कुकर का प्रेशर अपने आप निकलने दें.
  • जब कुकर का प्रेशर पूरी तरह निकल जाए, तब उसका ढक्कन खोलें. अब, इसमें बचा हुआ एक लीटर दूध डाल दें. 
  • इसे धीमी आंच पर करीब 8 से 10 मिनट तक पकाएं. इस दौरान खीर को बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि चावल नीचे न चिपके. 
  • अब, एक अलग पैन में थोड़ा देसी घी गर्म करें. इसमें कटे हुए काजू, बादाम और पिस्ता डालकर हल्का सुनहरा होने तक भून लें. 
  • इसके बाद कैरेमल तैयार करें. इसके लिए एक पैन में थोड़ी सी चीनी और पानी डालकर धीमी आंच पर गर्म करें. चीनी धीरे-धीरे पिघलने लगेगी और उसका रंग बदलकर सुनहरा भूरा हो जाएगा. ध्यान रखें कि चीनी को बहुत ज्यादा न पकाएं, वरना कैरेमल का स्वाद कड़वा हो सकता है.
  • अब, तैयार कैरेमल को खीर में डालकर अच्छी तरह मिला दें. इसके बाद बची हुई चीनी स्वाद के अनुसार डालें. आखिर में इलायची पाउडर और भुने हुए ड्राई फ्रूट्स डालकर अच्छी तरह मिला लें.

इतना करते ही केवल 15 मिनट में आपकी स्वाद में लाजवाब खीर बनकर तैयार हो जाएगी. आप इसे गर्मागर्म परोस सकते हैं या कुछ देर फ्रिज में रखकर ठंडा भी खा सकते हैं. 

यहां देखें वीडियो- 

यह भी पढ़ें- घर पर गरम मसाला कैसे बनाएं? नोट कर लें आसान रेसिपी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Food News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com