विज्ञापन

NDTV World Summit 2026: दुबई में 3 मिशेलिन स्टार जीतने वाले भारतीय शेफ हिमांशु सैनी नई दिल्ली में सजाएंगे 'द इंडियन टेबल'

दिल्ली से अपने करियर की शुरुआत करने वाले शेफ हिमांशु सैनी आज दुबई के Tresind Studio का चर्चित नाम हैं. NDTV World Summit 2026 से पहले जानिए उनके सफर और भारतीय खाने को लेकर उनकी सोच के बारे में.

NDTV World Summit 2026: दुबई में 3 मिशेलिन स्टार जीतने वाले भारतीय शेफ हिमांशु सैनी नई दिल्ली में सजाएंगे 'द इंडियन टेबल'
ग्लोबल पटल पर भारतीय स्वाद का डंका बजाने वाले शेफ हिमांशु सैनी, वरिष्ठ पत्रकार वीर सांघवी संग करेंगे खास चर्चा
NDTV
  • Chef Himanshu Saini will speak at NDTV World Summit 2026 on October 22 at 3:30 PM
  • He leads Tresind Studio, Dubai’s 3-Michelin-star Indian restaurant with modern Indian cuisine
  • Saini trained at Indian Accent Delhi and worked at Masala Library and Farzi Cafe in Mumbai

दुबई के मशहूर 3-मिशेलिन स्टार रेस्टोरेंट ट्रेजिंड स्टूडियो (Tresind Studio) के भारतीय शेफ हिमांशु सैनी नई दिल्ली में आयोजित होने वाले एनडीटीवी वर्ल्ड समिट 2026 में शिरकत करने जा रहे हैं. 22 अक्टूबर को दोपहर 3:30 बजे वे 'द इंडियन टेबल: हाउ शेफ्स आर चेंजिंग द वर्ल्ड्स पैलेट'  नाम के एक खास सत्र में शामिल होंगे.

इस सत्र में उनके साथ वरिष्ठ पत्रकार वीर सांघवी और एलएसएल कैपिटल की सीईओ व क्रिएटिव डायरेक्टर संयुक्ता नायर भी मंच पर मौजूद रहेंगी. इस सत्र में चर्चा होगी कि भारतीय शेफ और भारतीय खाना दुनिया की फूड कल्चर को किस तरह प्रभावित कर रहे हैं.

दिल्ली से दुबई तक कैसे आगे बढ़ा हिमांशु सैनी का सफर

दिल्ली के मशहूर रेस्टोरेंट 'इंडियन एक्सेंट' में शुरुआती ट्रेनिंग लेने से लेकर दुबई के सबसे चर्चित भारतीय भोजनालय का नेतृत्व करने तक, शेफ हिमांशु सैनी ने अपने करियर में भारतीय खाने को आधुनिक तरीके से पेश करने पर खास फोकस रखा है.

मूल रूप से नई दिल्ली के रहने वाले सैनी अपने मॉडर्न अंदाज के लिए जाने जाते हैं. दुबई के ट्रेजिंड स्टूडियो में उनका टेस्टिंग मेन्यू भारत के अलग-अलग राज्यों के पारंपरिक स्वाद, स्थानीय मसालों और पुरानी रसोइयों की विरासत पर आधारित होता है.

रसोई और स्वाद के प्रति उनका रुझान बचपन में घर से ही शुरू हो गया था. एक किसान परिवार से ताल्लुक रखने की वजह से उनका बचपन ताजी सब्जियों, फसलों, जड़ी-बूटियों और फूलों के बीच गुजरा. सैनी अपने खाने में स्थानीय सामग्री के इस्तेमाल को अहमियत देते हैं. अपने इंटरव्यू में वह अपने बचपन और किसान परिवार की पृष्ठभूमि को भी इस सोच से जोड़ चुके हैं.

Also Read: NDTV World Summit 2026: दुनिया भर में कैसे बदल रहा है भारतीय खाने का स्वाद? वीर सांघवी बताएंगे देसी शेफ्स का जलवा

कैसे शुरू हुआ शेफ हिमांशु सैनी का पेशेवर सफर

शेफ हिमांशु सैनी ने बनारसीदास चांदीवाला इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलॉजी से अपनी पढ़ाई पूरी करी थी. इसके बाद उन्होंने दिल्ली के इंडियन एक्सेंट से अपने करियर की शुरुआत की. वहां उन्होंने शेफ मनीष मेहरोत्रा के साथ ट्रेनी के तौर पर शुरुआत की और बाद में सू-शेफ बने.

दिल्ली के बाद उन्होंने मुंबई में 'मसाला लाइब्रेरी' और 'फर्जी कैफे' की शुरुआती नींव रखने और मेन्यू डिजाइन करने में अहम भूमिका निभाई. ट्रैवल प्‍लस लेजर को दिए एक पुराने इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि इसके बाद उन्हें न्यूयॉर्क में एक रेस्टोरेंट संभालने का मौका मिला था, लेकिन वह तजुर्बा उनकी उम्मीद के मुताबिक ठीक नहीं बैठा.

इसी दौरान उन्होंने ट्रेजिंड के संस्थापक और प्रबंध निदेशक भूपेंद्र नाथ से दुबई में काम करने को लेकर संपर्क किया. वह एक फोन कॉल उनके करियर और रेस्टोरेंट दोनों के लिए सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ.

ट्रेजिंड स्टूडियो की कामयाबी और 3 मिशेलिन स्टार का ऐतिहासिक सफर

ट्रेजिंड स्टूडियो ने शेफ सैनी को अपनी पसंद के मुताबिक नए प्रयोग करने और भारतीय भोजन को वैश्विक पहचान दिलाने का मौका द‍िया. यहां का सीजनल टेस्टिंग मेन्यू पुराने भारतीय स्वादों को आधुनिक तकनीकों और कलात्मक प्रस्तुति के साथ परोसता है.

उनका मुख्य उद्देश्य यह रहा कि मेन्यू को आम रेस्टोरेंट्स की तरह सिर्फ दाल मखनी या बटर चिकन तक सीमित न रखा जाए, बल्कि भारत की विविध क्षेत्रीय परंपराओं और अनोखे स्वादों को दुनिया के सामने लाया जाए.

सैनी का मानना है कि उनका खाना भारत की समृद्ध संस्कृति, विविधता और स्थानीय अनाजों का एक स्वाभाविक रूप है. ट्रेजिंड स्टूडियो को साल 2022 में अपना पहला मिशेलिन स्टार मिला और ठीक अगले साल 2023 में दूसरा स्टार भी हासिल हो गया.  साल 2024 में यह रेस्टोरेंट दुनिया के 50 सर्वश्रेष्ठ रेस्टोरेंट्स की सूची में 13वें पायदान पर रहा, साथ ही मिडिल ईस्ट और नॉर्थ अफ्रीका के 50 बेहतरीन रेस्टोरेंट्स में इसने दूसरा स्थान पाया.

2025 में ट्रेजिंड स्टूडियो को पूरे 3 मिशेलिन स्टार्स से नवाजा गया, और अब 2026 में भी उन्होंने ये तीनों स्टार्स बरकरार रखे हैं. इस तरह यह दुनिया का पहला और एकमात्र ऐसा भारतीय रेस्टोरेंट है जिसके पास गाइड का यह सर्वोच्च सम्मान दर्ज है.

ट्रेजिंड स्टूडियो के जरिए उनका काम इस बात की मिसाल है कि भारतीय खान-पान को उसकी मूल जड़ों और देसी मसालों से अलग किए बिना भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर कितने शानदार तरीके से पेश किया जा सकता है.

यह भी पढ़ें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Himanshu Saini, Tresind Studio, NDTVWorldSummit2026
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com