NDTV World Summit 2026: NDTV वर्ल्ड समिट 2026 में दुनिया की पहली AI एक्टर 'टिली नॉरवुड' भी शामिल होंगी. यह कार्यक्रम 22 और 23 अक्टूबर को नई दिल्ली में आयोजित होगा. (Tilly Norwood) दुनिया की पहली हाई-प्रोफाइल एआई (AI) एक्ट्रेस (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बना वर्चुअल डिजिटल कैरेक्टर) है. इसे 2025 में ब्रिटिश अभिनेत्री, कॉमेडियन और निर्माता एलाइन वैन डेर वेल्डन और उनकी प्रोडक्शन कंपनी Particle6 के एआई स्टूडियो 'जिकोइया' (Xicoia) द्वारा बनाया गया था. यह टिकटॉक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म पर दर्शकों से बातचीत कर सकती है. यह अपनी पहली फीचर फिल्म "मिसएलाइन्ड" (Misaligned) में नजर आने वाली है, जो उसके इंसान बनने की कहानी पर आधारित है.
कौन हैं एलाइन वैन डेर वेल्डेन?
एलाइन वैन डेर वेल्डेन 'पार्टिकल6' (Particle6) की फाउंडर और CEO हैं. यह एक अवॉर्ड-विनिंग AI प्रोडक्शन कंपनी है, जो शो, कमर्शियल कंटेंट और डिजिटल मीडिया कैंपेन बनाने में माहिर है. यह कंपनी इंसानी रचनात्मकता (human creativity) और तकनीक को मिलाकर ऐसा कंटेंट तैयार करती है, जो दर्शकों से जुड़ सके और उन्हें ऑनलाइन शेयर करने के लिए प्रेरित करे. इनके प्रोडक्शन के तरीके कंटेंट को अधिक आकर्षक और वायरल बनाने के साथ-साथ, वीडियो प्रोडक्शन की लागत को 30-50% तक कम करने में मदद करते हैं.
वैन डेर वेल्डेन का काम मनोरंजन, कॉमेडी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्रों में फैला हुआ है. उन्हें 'PACT Future30', क्रिएटिव UK के 'फीमेल फाउंडर्स' प्रोग्राम और चैनल 4 की 'इमर्जिंग इंडी' पहल के लिए चुना गया है. उनके क्लाइंट्स में BBC, स्काई, अमेजन प्राइम और मिहोयो (Mihoyo) शामिल हैं. हाल के वर्षों में उनकी कंपनी 'पार्टिकल6' (Particle6) को 'इनोवेट UK क्रिएटिव कैटलिस्ट ग्रांट' और 'BFI ग्लोबल स्क्रीन फंड इंटरनेशनल एक्सपेंशन ग्रांट' मिला है. कुराकाओ (Curacao) में जन्मीं वैन डेर वेल्डेन, कहानी सुनाने (स्टोरीटेलिंग) और मनोरंजन के क्षेत्र में अपना करियर बनाने के लिए कैरेबियन छोड़कर आ गईं. उन्होंने हर्टफोर्डशायर के ट्रिंग पार्क स्थित 'आर्ट्स एजुकेशनल स्कूल' से ड्रामा और म्यूजिकल थिएटर की ट्रेनिंग ली. उसके बाद 'इंपीरियल कॉलेज लंदन' से Physics की पढ़ाई की. उनके मास्टर प्रोजेक्ट का विषय 'न्यूक्लियर फ्यूजन' था.
2008 में ग्रेजुएशन पूरा करने के बाद, उन्होंने बच्चों को गणित और भौतिकी पढ़ाई. साथ ही एक्टिंग के मौकों की तलाश भी जारी रखी. इसके बाद वह कई डच नेशनल टेलीविजन सीरीज में नजर आईं. शुरुआती करियर में वह डच शैम्पू ब्रांड 'एंड्रेलॉन' (Andrelon) का चेहरा बनीं और अभिनेता जेमी डॉर्नन के साथ एक फिल्म में काम किया. 2012 में लॉस एंजिल्स के 'अपराइट सिटीजन्स ब्रिगेड' (UCB) में 'इम्प्रोव कॉमेडी' (improv comedy) की ट्रेनिंग लेने के बाद, वैन डेर वेल्डेन ने इंडस्ट्री में अपने लिए खुद मौके बनाने का फैसला किया. उन्हें लगा कि कॉमेडी के लिए अच्छे रोल मौजूद नहीं हैं, इसलिए उन्होंने 'मिस हॉलैंड' (Miss Holland) नाम का एक कॉमेडी शो तैयार किया. इस शो ने 2013 के 'लोवी अवार्ड्स' (Lovie Awards) में 'बेस्ट ऑनलाइन कॉमेडी' का पुरस्कार जीता.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं