विज्ञापन

लोग ग्रीन पटाखे खरीदना-बेचना चाहते हैं, लेकिन ... दिवाली पर दिल्ली बनी 'गैंस चैंबर', कमी कहां रह गई?

दिल्ली-एनसीआर में इस साल दिवाली के दिन वायु प्रदूषण 2021 के बाद सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया. CPCB के अनुसार 8 नवंबर को AQI 376 दर्ज किया गया, जो 'Very Poor' श्रेणी में आता है. विशेषज्ञों का मानना है कि गैर-ग्रीन पटाखों की बिक्री, वाहनों से उत्सर्जन, पड़ोसी राज्यों में बढ़ती पराली जलाने की घटनाएं और प्रतिकूल मौसम इसके प्रमुख कारण रहे.

लोग ग्रीन पटाखे खरीदना-बेचना चाहते हैं, लेकिन ... दिवाली पर दिल्ली बनी 'गैंस चैंबर', कमी कहां रह गई?
फाइल फोटो
NDTV

इस साल कोशिशों के बावजूद दिवाली के दिन प्रदूषण का स्तर 2021 के बाद पिछले पांच साल में सबसे ऊपर पहुंच गया. प्रदूषण पर नजर रखने वाली केंद्र सरकार की संस्था सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, 8 नवंबर को शाम 4 बजे तक पिछले 24 घंटों का औसत प्रदूषण स्तर बढ़कर 376 पहुंच गया. ये 'Very Poor' की कैटेगरी में आता है.
CPCB की ओर से जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि 8 नवंबर को खतरनाक प्रदूषक PM2.5 सबसे प्रमुख वायु प्रदूषक रहा.

दिवाली के अगले दिन भी शाम 4 बजे तक पिछले 24 घंटों का औसत प्रदूषण स्तर 344 के ऊंचे स्तर पर रिकॉर्ड किया गया. ये भी 'Very Poor' की श्रेणी में आता है. इस दिन भी PM2.5 सबसे प्रमुख वायु प्रदूषक रहा.

5 साल की सबसे प्रदूषित दिवाली

  • 8 नवम्बर, 2026 को दिवाली के दिन दिल्ली का AQI 376 तक पहुंच गया

  • 2021 के बाद प्रदूषण का स्तर सबसे ज़्यादा रिकॉर्ड किया गया
  • 2025 में AQI 345 रहा था
  • 2024 में AQI 328, 2023 में AQI 218, 2022 में AQI 312 और 2021 में AQI 382 रिकॉर्ड किया गया था.

इसकी एक अहम वजह अनियंत्रित गैर-ग्रीन फटाकों की बिक्री रही. दिवाली के दिन दिल्ली-एनसीआर में अधिकतर जगहों पर लोगों ने अधिकतर जगहों पर जमकर हर तरह के फटाके छोड़े.

सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-एनसीआर में केवल सीएसआईआर-नीरी प्रमाणित, क्यूआर कोड वाले ग्रीन पटाखों की बिक्री की अनुमति दी थी.

आप अपने इलाके का AQI जानने के लिए क्लिक करें

ग्रीन और पारंपरिक पटाखों में भेद कर पाना मुश्किल: CTI

व्यापारी संघ चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के मुताबिक, "इस दिवाली सीजन में दिल्ली में पटाखों की कुल बिक्री लगभग 300 करोड़ रुपये रही, लेकिन इसमें कितना हिस्सा प्रमाणित ग्रीन था और कितना पारंपरिक था, इसका आधिकारिक रूप से ऑडिट किया गया ब्योरा बताना मुश्किल है."

चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के चेयरमैन ब्रजेश गोयल के अनुसार, "लाइसेंस प्राप्त बिक्री ग्रीन पटाखों के नाम पर हुई, लेकिन जमीनी स्तर पर 'ग्रीन', 'ईको-फ्रेंडली' और 'प्रदूषण-मुक्त' लिखे डिब्बे भी मिले और खरीदारों के पास उत्पाद की जांच का कोई तरीका नहीं था क्योंकि दिल्ली में पेसो की कोई परीक्षण सुविधा नहीं है."

CTI की ओर से जारी एक नोट के अनुसार, उपभोक्ता ग्रीन खरीदना चाहता था, व्यापारी ग्रीन बेचना चाहता था, लेकिन बहुत कम बिक्री का समय, देर से लाइसेंसिंग, क्यूआर सत्यापन की कोई व्यवस्था न होना और देरी से परमिशन के कारण ने पूरी व्यवस्था को बिगाड़ दिया है.

नतीजा ये हुआ कि पिछले साल से इस बार ज्यादा पटाखे खरीदे गए. चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के चेयरमैन, ब्रजेश गोयल कहते हैं, "इस साल पिछले साल की तुलना में लगभग 30% अधिक बिक्री दर्ज की गई."

विशेषज्ञों के अनुसार, सभी तरह के पटाखों में दो मुख्य रासायनिक तत्त्व होते हैं. अव्वल तो पटाखों को जलाने के लिए इस्तेमाल होने वाले वाला मैटेरियल जैसे चारकोल, सल्फर, पोटेशियम नाइट्रेट, क्लोरेट, परक्लोरेट और मैंगनीज और फिर अलग-अलग रंग पैदा करने के लिए मिलाए जाने वाले मेटल साल्ट्स. 

जब पटाखों की बिक्री बढ़ी, तो इनका इस्तेमाल भी बढ़ा! 

इसी का नतीजा रहा है कि दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का स्तर दिवाली के दिन काफी बढ़ गया. जानकारों के मुताबिक, राजधानी में पिछले पांच सालों की सबसे प्रदूषित दिवाली की वजह पटाखों से निकलने वाला अत्यधिक धुआं के साथ-साथ गाड़ियों से निकलने वाला प्रदूषण, दिल्ली-एनसीआर से सटे 6 राज्यों में पराली जलाने की घटनाओं में लगातार हो रही बढ़ोतरी और प्रतिकूल मौसम की स्थिति भी अहम कारण रहे. इस वजह से ही हवा की गुणवत्ता और खराब हो गई है.

ये अहम बात है, दिवाली से एक दिन पहले दिल्ली-एनसीआर की सड़कों पर काफी ज़्यादा गाड़ियां दिखीं, जिस वजह से अधिकतर इलाकों में भयंकर जाम की समस्या देखी गयी. 

दिवाली से एक दिन पहले 7 नवम्बर को भी शाम 4 बजे तक पिछले 24 घंटों का औसत प्रदूषण स्तर 369 के ऊंचे स्तर पर रिकॉर्ड किया गया. ये भी 'Very Poor' की श्रेणी में आता है. CPCB  की रिपोर्ट के मुताबिक, 8 नवम्बर को दो तरह के प्रदूषक PM10 और PM2.5 सबसे मुख्य वायु प्रदूषक रहे.

इन सभी कारणों का मिलाजुला असर रहा कि दिवाली के जश्न के बीच राजधानी गैस चैंबर में तब्दील हो गई.

यह भी पढ़ें: अगले साल 1,75,025 भारतीय करेंगे हज, जानिए कैसे तय होता है कोटा और कितना आता है खर्च?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Pollution, CPCB, Delhi AQI
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com