सोनिया गांधी की किताब बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव बाजार में आ चुकी है,इस किताब को लेकर जाहिर है कि सब की अपनी-अपनी व्याख्या होगी.एक राजनीतिक रिपोर्टर होने के नाते मैंने कांग्रेस पार्टी को पिछले तीन दशकों से अधिक समय से कवर किया है.नरसिम्हा राव सरकार के अंतिम दो सालों से लेकर अभी तक की कांग्रेस की राजनीति का गवाह रहा हूं.नरसिम्हा राव के प्रधानमंत्री बनने के पहले भी सोनिया गांधी का नाम आया था मगर तब उन्होंने यह तय नहीं किया था कि वो राजनीति में आएंगी या नहीं.मगर इतिहास को कुछ और ही मंजूर था.
1997 के कोलकाता के कांग्रेस अधिवेशन में वो पार्टी की सदस्य बनती हैं और 1999 में अमंठी और बेल्लारी दो जगहों से चुनाव लड़ती हैं.1999 का सोनिया गांधी का अमेठी चुनाव को मैंने कवर किया था,उनके नामांकन के लिए हंसराज भारद्वाज भी गए थे जो कानून मंत्री भी रहे.उसके बाद जब भी सोनिया गांधी अमेठी और बाद में रायबरेली से चुनाव लड़ीं एक रिपोर्टर के नाते हम भी वहां जाते रहे. मगर सोनिया गांधी के लिए 2004 का लोकसभा चुनाव सबसे महत्वपूर्ण है.यह इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि अटल बिहारी वाजपेयी उस वक्त प्रधानमंत्री थे और लोकप्रियता के चरम पर थे.बीजेपी ने तीन राज्यों के विधानसभा जिसमें उत्तरप्रदेश,मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ है में विजय हासिल किया था.
रायबरेली की जिम्मेवारी प्रियंका के हाथों में दे कर सोनिया गांधी देश भर में चुनाव प्रचार कर रहीं थीं.उस चुनाव में मुझे उनके साथ मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा से लेकर छत्तीसगढ़ के नारायणपुर तक जाने का मौका मिला.सोनिया गांधी ने इस चुनाव में पहली बार कार से प्रचार करने को चुना था जिसे मीडिया रोड शो कहती थी,मगर उन्हें रोड शो शब्द पसंद नहीं था उसे वो जन संपर्क यात्रा कहती थीं और ये बात उन्होंने एनडीटीवी को उसी दौरान दिए इंटरव्यू में भी कहा.इस लिहाज से सोनिया गांधी को चुनाव के दौरान रोड शो करने का जनक भी माना जा सकता है.उस वक्त उनके साथ कांग्रेस की सांसद कुमारी शैलजा होती थीं.
सोनिया गांधी को दाल और भिंडी पसंद है
रोज सुबह सोनिया गांधी का गाड़ियों का काफिला निकलता था जो देर शाम या कभी कभी रात के 10 बजे तक भी चलता था.उसी वक्त छिंदवाड़ा में कमलनाथ तो छत्तीसगढ़ में मेतीलाल वोरा को जिम्मा सौंपा गया था.इसी यात्रा के दौरान सोनिया गांधी के साथ दिन के खाने के वक्त मुझे भी बुलाया गया और मैं वहां पहुंचा तो करीब आधा दर्जन कांग्रेस के नेता मौजूद थे और खाना शाकाहारी था.उसी डाइनिंग टेबल पर मुझे पता चला कि सोनिया गांधी को दाल और भिंडी पसंद है.सोनिया गांधी के इस यात्रा के गवाह मेरे साथ मेरे कैमरामैन साथी रूपेन भी गवाह हैं. आधे घंटे का यह प्रोग्राम एनडीटीवी आर्काइव में भी मौजूद है.फिर मुझे सोनिया गांधी का इंटरव्यू करने का भी मौका मिला जिसमें उन्होंने इंडिया शाइनिंग से लेकर क्रिकेट और फिल्मों के उनके शौक पर भी बातचीत की.
यही नहीं मैं एक रिपोर्टर के तौर पर सोनिया गांधी के उन तमाम राजनीतिक उतार-चढ़ाव का गवाह रहा हूं जो पिछले तीन दशकों में हुआ है.अंत में यह भी बता दूं कि जब ऑफिस ऑफ प्रॉफिट विवाद की वजह से उन्हें इस्तीफा देना पड़ा और दुबारा से रायबरेली से चुनाव लड़ना पड़ा था उस वक्त उन्होंने केवल एक रैली की थी और दुबारा जीत कर आईं.सोनिया गांधी की किताब का नाम बिलांगिंग है जिसका हिंदी में मतलब होता है अपनापन,लगाव या जुड़ाव.उनकी ये कहानी 1965 में कैंब्रिज इंग्लैंड से शुरू हुई जो इंदिरा गांधी के घर तक आई.उन्होंने पहले अपने सास फिर अपने पति को खोया फिर भी इटली के छोटे से गांव की यह लड़की डटी रही और देश की सबसे पुरानी पार्टी का नेतृत्व किया.जिसने अटल बिहारी वाजपेयी जैसे दिग्गज की सरकार को हरा कर कांग्रेस को सत्ता पर बिठाया और मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाया.सोनिया गांधी की किताब का अंतिम चैप्टर भारत जोड़ो यात्रा,मुहब्बत की दुकान और 2029 चुनाव के लिए इंडिया गठबंधन की चुनौतियों और उम्मीदों पर खत्म होती है.
यह भी पढ़ें: "मैं तो सीट पर बैठे-बैठे कांप जाती थी..." इंदिरा गांधी के गुस्से पर सोनिया गांधी का बड़ा खुलासा
यह भी पढ़ें: PM बनना चाहते थे प्रणब मुखर्जी, कहा था- 'टॉप पर बदलाव का समय आ गया है'... सोनिया ने आत्मकथा में लिखा वाकया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं