How to Make Sweet from Leftover Kheel: दिवाली पर पूजा और प्रसाद के लिए खरीदी गई खील अक्सर घर में बच जाती है. अगर आप भी सोच रहे हैं कि इन बची हुई खीलों का क्या किया जाए, तो ये खबर आपके लिए ही है. आप इन बची हुई खील से स्वादिष्ट मिठाई बना सकते हैं. सिर्फ कुछ आसान चीजों की मदद और बिना मावा, पनीर, घी और चाशनी के 2 मिनट में बर्फी तैयार की जा सकती है. खास बात ये है कि इसे बनाने के लिए गैस जलाने की भी जरूरत नहीं पड़ती और इसका स्वाद मिल्क केक, कलाकंद और दूध की बर्फी जैसा लगता है. आइए जानते हैं इसे बनाने ता तरीका...
मिठाई बनाने के लिए जरूरी सामग्री
- आधा कप चीनी
- 2 से 3 हरी इलायची
- 2 कप खील
- आधा कप मिल्क पाउडर
- एक चौथाई कप नारियल का बुरादा
- 3 से 4 चम्मच ताजी मलाई
कैसे बनाएं खील की मिठाई?
सबसे पहले चीनी और इलायची को पीसकर बारीक पाउडर बना लें. इसके बाद खील को भी पीसकर छान लें ताकि बारीक पाउडर तैयार हो जाए. अब एक बड़े बाउल में चीनी का पाउडर, खील का पाउडर, नारियल का बुरादा और मिल्क पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब इसमें थोड़ी-थोड़ी करके ताजी मलाई मिलाएं और सोफ्ट आटे जैसा मिश्रण तैयार कर लें. ध्यान रखें कि मिश्रण न ज्यादा सख्त हो और न ही ज्यादा गीला. चाहें तो इस ड्राई मिक्स को पहले से बनाकर डिब्बे में भी स्टोर कर सकते हैं.
5 मिनट में ऐसे करें सेट
अब किसी ट्रे, केक टिन या बर्फी के सांचे में थोड़ा सा पिस्ता डालें और उसके ऊपर तैयार मिश्रण फैलाकर अच्छी तरह दबा दें. ऊपर की सतह को चिकना कर लें. इसके बाद इसे 5 से 10 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें या करीब आधे घंटे के लिए सामान्य तापमान पर छोड़ दें. मिठाई अच्छी तरह सेट हो जाने पर इसे मनचाहे आकार में काट लें. आपकी स्वादिष्ट मिठाई बनकर तैयार हो जाएगी. साथ ही ये मिठाई देखने में बर्फी जैसी और खाने में मिल्क केक, कलाकंद और लच्छा मिठाई के स्वाद का मिश्रण लगती है.
यह भी पढ़ें: बिना दाल भिगोए 1 किलो चकली सिर्फ ₹25 में, न टूटेगी न बिखरेगी, एकदम बनेगी कुरकुरी
यह भी पढ़ें: गोवर्धन पर ऐसे बनाएं भंडारे वाली अन्नकूट की सब्जी, खाते ही सभी चाटते रह जाएंगे उंगलियां
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं