Sarson Ka Tel Nikalne Ka Tarika: आज के दौर में बाजार से मिलने वाले तेल की शुद्धता पर आंख मूंद कर भरोसा करना किसी खतरे से खाली नहीं है. मिलावट के इस खेल में सेहत के साथ जो खिलवाड़ हो रहा है, उससे बचने का सबसे बेहतरीन जरिया है कि हम अपनी जरूरत की चीजें खुद घर पर तैयार करें. चाहे बात रोजमर्रा के खाने को स्वादिष्ट बनाने की हो, तली हुई मछलियों और क्रिस्पी चिकन की दावत हो या फिर सर्दियों की सुकून भरी मालिश, सरसों के तेल की महक और तासीर का मुकाबला कोई दूसरा तेल नहीं कर सकता.
क्यों न घर पर ही बिल्कुल शुद्ध, बिना किसी केमिकल और मिलावट के खालिस सरसों का तेल निकाला जाए? सुनने में यह थोड़ा अजीब या मुश्किल लग सकता है, लेकिन उतना है नहीं. किचन की मामूली चीजों और एक सूझबूझ भरे तरीके से आप इसे बेहद आसानी से बना सकते हैं.
सामग्री:
- सरसों के बीज (300 ग्राम)
- पानी (आवश्यकतानुसार)
- मलमल का कपड़ा (तेल छानने और निचोड़ने के लिए)
तेल बनाने की विधि:
- सबसे पहले लगभग 300 ग्राम सरसों के बीज लें.
- इन बीजों को पानी से अच्छी तरह धो लें ताकि धूल-मिट्टी निकल जाए. इसके बाद इन्हें तेज धूप में तब तक सुखाएं जब तक इनका सारा मॉइश्चर खत्म न हो जाए.
- अब पूरी तरह सूखी हुई सरसों को मिक्सर जार में डालें.
- इसे मिक्सी में चलाकर बिल्कुल बारीक और महीन पाउडर तैयार कर लें.
- पिसे हुए इस पाउडर को किसी खुले बर्तन में पलट लें.
- जितनी मात्रा में आपको तेल निकालना हो, उसी हिसाब से बीजों की मात्रा कम या ज्यादा कर सकती हैं.
- अब इस सरसों के पाउडर में थोड़ा-थोड़ा करके नॉर्मल पानी मिलाना शुरू करें. एक साथ सारा पानी बिल्कुल न डालें, हाथों की मदद से इसे हल्के हाथों से मिलाते जाएं.
- इसे तब तक मसलें जब तक इसमें हल्की सी नमी और हल्की-हल्की छोटी गुठलियां जैसी न बनने लगें.
- तैयार किए गए इस मिश्रण को किसी पैन में ट्रांसफर कर दें.
- गैस की फ्लेम को बिल्कुल धीमा रखना है, तेज आंच पर इसे बिल्कुल न भूनें.
- धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए इसे भूनें ताकि जो पानी हमने मिलाया था वह धीरे-धीरे सूख जाए.
- जैसे-जैसे नमी कम होगी, सरसों अपना कुदरती तेल छोड़ना शुरू कर देगी. जब मिश्रण से तेल अलग होता नजर आने लगे, तब गैस बंद कर दें.
- अब एक साफ-सुथरा मलमल का कपड़ा लें और उसे किसी गहरे बाउल या बर्तन के ऊपर फैला दें.
- भुने हुए सरसों के इस गर्म-गर्म मिश्रण को कपड़े के बीच में डालें और चारों कोनों को पकड़कर एक टाइट पोटली बना लें.
- अब घर में इस्तेमाल होने वाला कोई भी चम्मच लें.
- इस चम्मच को पोटली के ऊपर रखकर गोल-गोल घुमाते हुए दबाव डालें. ऐसा करने से आपको हाथों पर ज्यादा जोर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और कपड़े से शुद्ध, महकता हुआ सरसों का तेल बूंद-बूंद कर नीचे बर्तन में टपकने लगेगा.
- कुछ ही मिनटों में आपके घर में शुद्ध सरसों के तेल की सौंधी खुशबू फैल जाएगी.
इसे भी पढ़ें: बिना टूटे बाजरे की रोटी कैसे बनाएं? बाजरे की गोल-गोल रोटी बनाने का सही तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं