सुबह के नाश्ते में ज्यादातर लोग पराठा, पोहा या उपमा खाना पसंद करते हैं, लेकिन अगर आप रोज एक जैसा नाश्ता खाकर बोर हो चुके हैं, तो आटे से बनने वाली एक नई और हेल्दी डिश ट्राई कर सकते हैं. इस रेसिपी की खास बात ये है कि इसमें रोटी को तवे पर सेंकने के बजाय आपको पहले इसे पानी में उबालना होगा, जिससे इसका टेक्सचर और स्वाद दोनों बदल जाते हैं. ये रेसिपी उन लोगों के लिए भी अच्छी हो सकती है, जो कम तेल वाला, पेट भरने वाला और जल्दी तैयार होने वाला नाश्ता तलाश रहे हैं. आटे में मौजूद फाइबर लंबे समय तक पेट भरा रखने में मदद करता है. वहीं, सब्जियां और मसाले पोषण के साथ-साथ इसे स्वादिष्ट भी बनाता है. यूट्यूब पर इस रेसिपी को @cookwithrupamsehtya नाम के एक चैनल पर फूड क्रिएटर ने शेयर किया है, आप वीडियो में भी इस रेसिपी को देख सकते हैं-
कैसे तैयार करें ये हेल्दी ब्रेकफास्ट?
सबसे पहले गेहूं के आटे में थोड़ा नमक मिलाकर सामान्य रोटी जैसा आटा गूंथ लें. अब इसकी छोटी-छोटी लोइयां बनाकर पतली रोटी बेल लें. इसे एक लंबे स्ट्रिप्स की मदद से रोल कर लें, फिर एक बर्तन में पानी डालकर इसमें ऑयल, नमक डालें और रोल को डालकर उबालें. जब वे पक जाए, ऊपर की तरफ आ जाएंगी. इसके बाद इसे पानी से निकालकर ठंडा होने दें.
अब एक पैन में थोड़ा सा तेल गर्म करें और उसमें राई, जीरा, करी पत्ता, प्याज, शिमला मिर्च, गाजर या अपनी पसंद की दूसरी सब्जियां डालकर भून लें. इसके बाद इसमें पिज्जा पास्ता सॉस डालें. फिर रोटी रिंग्स को कट करके इसमें डालें और ऊपर से हल्के मसाले डाल दें. कुछ मिनट चलाने के बाद आपका स्वादिष्ट और हेल्दी नाश्ता तैयार है. बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक इसे खूब पसंद करेंगे.
वजन घटाने वालों के लिए है एक अच्छा ऑप्शन
इस तरह तैयार किया गया नाश्ता डीप फ्राई नहीं होता, इसलिए इसमें अतिरिक्त कैलोरी नहीं जुड़ती. गेहूं का आटा फाइबर का अच्छा स्रोत माना जाता है, जो जल्दी भूख लगने की समस्या को कम कर सकता है. अगर इसमें ज्यादा सब्जियां शामिल की जाएं तो इसकी न्यूट्रिशन वैल्यू और बढ़ जाती है.
बच्चों को भी आएगा पसंद
बच्चे अक्सर साधारण रोटी खाने में आनाकानी करते हैं, लेकिन जब उसी रोटी को नए अंदाज में तैयार किया जाता है तो वे उसे आसानी से खा लेते हैं. रंग-बिरंगी सब्जियों और हल्के मसालों के साथ यह डिश देखने में भी आकर्षक लगती है.
नाश्ते में ट्राई करें कुछ नया
अगर आप रोजमर्रा की रेसिपी से हटकर कुछ अलग बनाना चाहते हैं तो उबली हुई रोटी से तैयार यह डिश अच्छी पसंद हो सकती है. कम समय में बनने वाला यह नाश्ता स्वाद, पोषण और पेट भरने की क्षमता, तीनों का संतुलन प्रदान करता है.
ये भी पढ़ें - लौकी ना खाने वाले भी रोज किलो-किलो खरीदेंगे, बस एक बार बनाएं लौकी का हेल्दी नाश्ता- लच्छा पराठा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं