त्योहार का सीजन है. ऐसे में घर में मिठाई तो जरूर बनाई जाती है. लेकिन कई लोग अपनी सेहत को ध्यान में रखते हुए मिठा खाने से बचते हैं. अगर आप भी इन्हीं लोगों में से एक हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. यहां हम आपको बिना चीनी या गुड़ के स्वाद में लाजवाब हेल्दी मिठाई की एक रेसिपी बता रहे हैं. इस दिवाली आप घर पर खजूर पाक बना सकते हैं. 'अम्मा की थाली' नाम के यूट्यूब चैनल पर खजूर पाक बनाने की बेहद आसान रेसिपी शेयर की गई है. आइए जानते हैं इसके बारे में-
चाहिए होंगी ये चीजें-
खजूर पाक बनाने के लिए आपको-
- 500 ग्राम खजूर
- आधा कप किशमिश
- आधा कप काजू
- आधा कप कटे हुए बादाम
- एक कप नारियल का बुरादा
- एक बड़ा चम्मच देसी घी
- एक बड़ा चम्मच खसखस और
- थोड़ा सा गोंद लेना है.
- खजूर पाक बनाने के लिए सबसे पहले सभी खजूर के बीज निकाल लें.
- अब, एक मिक्सर जार में बीज निकाले हुए खजूर डालकर पीस लें. ऐसा करने से खजूर का पेस्ट बन जाएगा. बस ध्यान रखें कि ये पेस्ट बहुत ज्यादा पतला न हो.
- अब, गैस पर एक कड़ाही में थोड़ा घी डालकर गर्म कर लें.
- घी गर्म होने पर इसमें थोड़ा सा गोंद डालकर धीमी आंच पर अच्छी तरह फ्राई करें. गोंद फूलकर कुरकुरा हो जाए तो इसे निकालकर अलग रख दें.
- इसी कड़ाही में किशमिश, काजू और कटे हुए बादाम डालें. इन्हें लगातार चलाते हुए 3 से 4 मिनट तक भून लें. जब मेवे हल्के सुनहरे हो जाएं तो इन्हें भी एक प्लेट में निकाल लें.
- अब, बचे हुए घी में नारियल का बुरादा और एक बड़ा चम्मच खसखस डालकर हल्का भून लें. भूनने के बाद इन्हें भी निकालकर अलग कर लें.
- इसके बाद इसी कड़ाही में खजूर का पेस्ट डालकर भून लें.
- खजूर भुन जाने के बाद कड़ाही में बाकी चीजें डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें. जब सभी चीजें आपस में अच्छी तरह मिक्स हो जाएं, तो गैस बंद कर दें.
- अब, एक थाली में थोड़ा घी लगाएं. इसमें तैयार मिश्रण डालकर फैला लें. ध्यान रखें कि मिश्रण की मोटाई हर तरफ एक जैसी हो.
- जब मिठाई अच्छी तरह जम जाए, तब आप इसे अपनी पसंद के हिसाब से काट सकते हैं.
इस तरह आपकी बिना चीनी या गुड़ के स्वाद में लाजवाब मिठाई बनकर तैयार हो जाएगी. आप इसे किसी साफ एयरटाइट डिब्बे में स्टोर कर सकते हैं. इस मिठाई का स्वाद इतना कमाल का होने वाला है कि बच्चों से लेकर बड़ों तक हर किसी को खूब पसंद आएगा.
यह भी पढ़ें- बिना जामन के गाढ़ा दही कैसे जमाएं? जानें हरी मिर्च से दही जमाने का तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं