जब भी हम बाजार से पपीता खरीदकर लाते हैं, तो उसका मीठा और रसीला गूदा बड़े चाव से खा लेते हैं. लेकिन जैसे ही पपीते को काटते वक्त अंदर काले-काले बीज दिखाई देते हैं, हम बिना सोचे-समझे उन्हें बेकार मानकर कचरे के डिब्बे में फेंक देते हैं. क्या आपने कभी सोचा है कि जिन्हें हम अक्सर कूड़ा समझकर फेंक देते हैं, वही छोटे-छोटे पपीते के बीज हमारी सेहत के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं?
आयुर्वेद और आधुनिक विज्ञान दोनों ही मानते हैं कि पपीते के बीज औषधीय गुणों से भरपूर होते हैं. इनमें फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट्स और कई तरह के पाचक एंजाइम्स पाए जाते हैं जो हमारे शरीर को अंदर से साफ करने का काम करते हैं, लेकिन जानकारी की कमी की वजह से ज्यादातर लोग इनके फायदों से अनजान रहते हैं. आइए जानते हैं कि पपीते के बीज खाने से सेहत को क्या-क्या फायदे मिलते हैं और इन्हें खाने का सही तरीका क्या है.
पपीते के बीज खाने के फायदे:
पपीते के बीजों का स्वाद थोड़ा कड़वा और तीखा होता है, बिल्कुल काली मिर्च जैसा, लेकिन अगर आप इस कड़वाहट को थोड़ा झेल लें, तो यह आपके शरीर की कई बड़ी-बड़ी बीमारियों को दूर भगा सकता है:
पेट और पाचन के लिए रामबाण:
अगर आपको अक्सर पेट में गैस, कब्ज या अपच की शिकायत रहती है, तो पपीते के बीज आपके लिए बेहद मददगार साबित हो सकते हैं. इन बीजों में पेपेन नाम का एक ऐसा एंजाइम होता है जो भारी से भारी खाने को आसानी से पचाने में मदद करता है. इसके अलावा, इनमें फाइबर की मात्रा काफी अच्छी होती है, जिससे पेट की सफाई अच्छे से हो जाती है.
लिवर की सफाई और मजबूती:
आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी और खराब खानपान की वजह से फैटी लिवर की समस्या बहुत आम हो गई है. पपीते के बीज लिवर को डिटॉक्सिफाई करने यानी लिवर के अंदर जमा गंदगी को बाहर निकालने में बहुत असरदार होते हैं. अगर सही तरीके से इसका सेवन किया जाए तो यह लिवर सिरोसिस जैसी गंभीर बीमारी से भी बचाव करने में मदद कर सकता है.
किडनी को रखता है स्वस्थ:
हमारे शरीर में किडनी का काम खून को साफ करना और विषैले पदार्थों को बाहर निकालना होता है। पपीते के बीजों में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स किडनी की कार्यक्षमता को बढ़ाते हैं. यह किडनी में किसी भी तरह के इंफेक्शन और पत्थरी के खतरे को कम करने में भी काफी मददगार माने जाते हैं.
वजन घटाने में मददगार:
जो लोग अपने बढ़ते वजन से परेशान हैं और दुबले होने के लिए आसान उपाय ढूंढ रहे हैं, उनके लिए पपीते के बीज काफी फायदेमंद हैं. इनमें मौजूद फाइबर आपके पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराता है, जिससे आप बार-बार अनहेल्दी चीजें खाने से बच जाते हैं. साथ ही, यह शरीर के मेटाबॉलिज्म को तेज करके फैट बर्न करने में मदद करता है.
त्वचा पर आता है निखार:
पपीते के बीज सिर्फ अंदरूनी सेहत ही नहीं, बल्कि आपकी बाहरी खूबसूरती के लिए भी बहुत अच्छे हैं. इनमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स चेहरे की झुर्रियों और बारीक रेखाओं को कम करते हैं. इसके लगातार सेवन से खून साफ होता है, जिससे चेहरे के कील-मुंहासे दूर होते हैं और त्वचा पर प्राकृतिक चमक आती है.
पपीते के बीज खाने का सही तरीका:
अक्सर लोग सोचते हैं कि पपीते के बीज कड़वे होते हैं तो इन्हें कैसे खाया जाए. अगर आप इन्हें सही तरीके से खाएंगे तो इनका स्वाद भी बुरा नहीं लगेगा और सेहत को पूरा फायदा भी मिलेगा,
सीधे चबाकर खाएं:
अगर आप बीजों का कड़वा स्वाद बर्दाश्त कर सकते हैं, तो ताजे पपीते से 5 से 6 बीज निकालकर सीधे पानी के साथ चबाकर खा सकते हैं.
सुखाकर पाउडर बना लें:
यह सबसे आसान और सुरक्षित तरीका है. पपीते के बीजों को धोकर 2 से 3 दिन धूप में अच्छी तरह सुखा लें. जब बीज पूरी तरह सूख जाएं, तो इन्हें मिक्सी में पीसकर पाउडर बना लें. इस पाउडर को किसी एयरटाइट डिब्बे में भरकर रख लें.
सलाद या स्मूदी में मिलाएं:
बीजों के पाउडर को आप अपने रोज़ाना के फ्रूट सलाद, रायते या फिर सुबह की स्मूदी में छिड़ककर खा सकते हैं. इससे खाने का स्वाद भी नहीं बिगड़ेगा और बीज पेट में भी चले जाएंगे.
शहद के साथ लें:
अगर पाउडर का स्वाद बहुत कड़वा लगे, तो आधा चम्मच पपीते के बीज का पाउडर और एक चम्मच शुद्ध शहद मिलाकर खाएं. ऊपर से एक गिलास गुनगुना पानी पी लें. इससे स्वाद भी बेहतर लगेगा और पेट भी साफ रहेगा.
कितनी मात्रा में खाना चाहिए?
शुरुआत में केवल 4 से 5 ताजे बीज या फिर एक चौथाई (1/4) चम्मच पाउडर से ही शुरुआत करें. जब आपका पेट इसे आसानी से पचाने लगे, तो आप रोजाना आधा छोटा चम्मच पाउडर खा सकते हैं. दिनभर में 1 छोटे चम्मच से ज्यादा बीज कभी न खाएं, वरना पेट खराब या उल्टी की समस्या हो सकती है.
इसे भी पढ़ें: Chocolate Cyst क्या है? पीरियड्स में हो रहा है असहनीय दर्द तो हो जाएं सावधान, ये हैं इसके लक्षण
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं