आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में जोड़ों का दर्द एक आम समस्या बन गई है. चाहे बुजुर्ग हों या फिर कम उम्र के लोग, हर दूसरा इंसान घुटनों और जोड़ों के दर्द से परेशान रहता है. गलत खानपान, शारीरिक मेहनत की कमी और बढ़ती उम्र इसके मुख्य कारण माने जाते हैं. यही वजह है कि लोग अंग्रेजी दवाओं के बजाय अब दादी-नानी के जमाने के घरेलू नुस्खों पर ज्यादा भरोसा करने लगे हैं.
हाल ही में पतंजलि आयुर्वेद के सह-संस्थापक आचार्य बालकृष्ण ने सोशल मीडिया पर जोड़ों के दर्द से जुड़ा एक ऐसा ही कारगर और आसान हैक शेयर किया है. उनके मुताबिक, दालचीनी और शहद का यह मेल इस समस्या में काफी मददगार साबित हो सकता है.
क्या करना होगा?
इसे बनाना बेहद आसान है, आचार्य बालकृष्ण ने इसे तैयार करने का जो तरीका बताया है, वह इस प्रकार है.
- सबसे पहले एक कप पानी में आधा छोटा चम्मच दालचीनी का पाउडर डालकर अच्छी तरह उबाल लें.
- इसके बाद पानी को छान लें और थोड़ा ठंडा होने दें.
- जब पानी हल्का गुनगुना रह जाए, तब इसमें एक छोटा चम्मच शुद्ध शहद मिला लें.
- इस मिश्रण को दिन में दो बार, एक बार सुबह खाली पेट और एक बार शाम को पीना फायदेमंद रहता है.
दालचीनी और शहद का कमाल:
आयुर्वेद में दालचीनी को बहुत गुणकारी माना गया है, जिसे पुराने ग्रंथों में 'त्वक' कहा गया है. इसकी तासीर गर्म होती है और स्वाद में यह थोड़ी तीखी पर मीठी होती है. कई रिसर्च बताती हैं कि दालचीनी में 'सिनेमेल्डिहाइड' नाम का खास तत्व पाया जाता है, जो शरीर की सूजन को कम करने में मदद करता है. इसके अलावा, इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर की कोशिकाओं को नुकसान से बचाते हैं.
दूसरी तरफ, शहद में एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्यूनिटी को मजबूत बनाते हैं. जब दालचीनी और शहद दोनों मिल जाते हैं, तो इनका असर और भी बढ़ जाता है. यही वजह है कि पारंपरिक रूप से इस मिश्रण का इस्तेमाल न सिर्फ जोड़ों के दर्द में, बल्कि सर्दी-खांसी और पेट से जुड़ी दिक्कतों को दूर करने के लिए भी किया जाता है.
इसे भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर 4 मशहूर घी के ब्रांड टेस्ट में फेल, FDA ने लगाया बैन, कहीं आप भी तो नकली घी नहीं खा रहे?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं