माइक्रोवेव ने रसोई का काम इतना आसान कर दिया है कि चाय गर्म करनी हो या रात का बचा हुआ खाना, हम बिना सोचे-समझे बाउल उठाकर अंदर रख देते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपकी ये जल्दबाजी सेहत बिगाड़ सकती है और कभी-कभी तो किचन में बड़ा हादसा भी करा सकती है? माइक्रोवेव हर चीज को गर्म करने के लिए नहीं बना होता. कुछ चीजों गर्म होकर जहरीली हो जाती हैं, तो कुछ में धमाका तक हो सकता है. यहां ऐसी ही 7 चीजों की लिस्ट दी गई है, जिन्हें भूलकर भी माइक्रोवेव के अंदर नहीं रखना चाहिए.
उबले हुए अंडे:
चाहे छिलके के साथ हों या बिना छिलके के, उबले अंडे को माइक्रोवेव में गर्म करते ही अंदर भाप का दबाव बन जाता है. जैसे ही आप इसे काटने लगेंगे, यह बम की तरह फट सकता है.
सूखी मिर्च:
जब आप सूखी मिर्च को माइक्रोवेव करते हैं, तो उसमें मौजूद कैप्साइसिन तत्व हवा में उड़ने लगता है, जैसे ही माइक्रोवेव का दरवाजा खोलेंगे, तीखी भाप आपकी आंखों और गले में तेज जलन पैदा कर देगी.
अंगूर:
अंगूर को गर्म करने की गलती तो कभी न करें. माइक्रोवेव में रखते ही अंगूर प्लाज्मा पैदा करते हैं और छोटे-छोटे पटाखों की तरह फटने लगते हैं.
फ्रोजन मीट या चिकन:
फ्रीज़र से तुरंत निकला मीट माइक्रोवेव में असमान रूप से पकता है. कहीं से पक जाता है तो कहीं से कच्चा रह जाता है, जिससे इसमें बैक्टीरिया पनपने का खतरा बढ़ जाता है.
मां का दूध या बेबी फॉर्मूला:
बच्चे के दूध को कभी माइक्रोवेव न करें, इससे दूध समान रूप से गर्म नहीं होता, कहीं-कहीं बेहद गर्म हॉट स्पॉट्स बन जाते हैं जो बच्चे की जीभ जला सकते हैं साथ ही, इसके पोषक तत्व भी नष्ट हो जाते हैं.
हरी पत्तेदार सब्जियां:
पालक या अन्य पत्तेदार सब्जियों में प्राकृतिक नाइट्रेट होता है. माइक्रोवेव की तेज हीट इसे हानिकारक नाइट्रोसामाइन में बदल देती है, जो सेहत के लिए सही नहीं है.
चावल
पके हुए बासी चावल को दोबारा माइक्रोवेव करने से उसमें मौजूद 'बेसिलस सेरियस' नाम के बैक्टीरिया पनपने लगते हैं, जिससे फूड पॉइजनिंग हो सकती है.
इसे भी पढ़ें: बिना फटे कुरकुरे साबूदाना वड़ा बनाने की आसान रेसिपी, देखें वीडियो
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं