हम सभी के पास खाकर वर्किंग महिलाओं के पास सुबह-सुबह समय की बहुत कमी होती है. ऐसे में कुछ ऐसा मिल जाए जो फटाफट बन जाए, हेल्दी हो और खाने में भी मजेदार लगे, तो पूरा दिन बन जाता है. अगर आप भी रोज-रोज वही पोहा, उपमा या पराठा खाकर बोर हो चुके हैं, तो 'ओवरनाइट ओट्स' (Overnight Oats) आपके लिए बेस्ट ऑप्शन हैं.
इस नाश्ते की सबसे अच्छी बात यह है कि इसे सुबह-सुबह बनाने की कोई झंझट नहीं होती. आपको बस रात को सोने से पहले सारी चीजों को एक बर्तन या जार में मिलाकर फ्रिज में रख देना है. सुबह उठिए, फ्रिज से निकालिए और आपका ठंडा-ठंडा, टेस्टी नाश्ता बिल्कुल तैयार है.
ओट्स से बनाएं ये 4 स्वादिष्ट और हेल्दी रेसिपीज- (Here Is 4 Healthy And Tasty Overnight Oats Recipes)
1. मसाला वेजिटेबल ओवरनाइट ओट्स- (Masala Vegetable Overnight Oats)
अगर आपको सुबह से मीठा खाना पसंद नहीं है, तो यह देसी स्टाइल ओट्स आपके लिए परफेक्ट है. यह खाने में एकदम फ्रेश और पेट भरने वाला नाश्ता है.
कैसे बनाएं- एक बाउल या कांच के जार में रोल्ड ओट्स (Rolled Oats) लें. इसमें सादा दही और थोड़ा सा पानी मिलाएं. अब स्वाद के अनुसार नमक, काली मिर्च पाउडर, भुना हुआ जीरा पाउडर और हल्की सी कुटी हुई लाल मिर्च डालें. इसमें बारीक कटा हुआ खीरा, कद्दूकस की हुई गाजर, कटे हुए टमाटर, प्याज और हरा धनिया मिलाएं. ऊपर से थोड़े से भुने हुए मूंगफली के दाने या सूरजमुखी के बीज (Sunflower Seeds) डाल दें. सब कुछ अच्छे से मिक्स करके रातभर के लिए फ्रिज में रख दें. सुबह एक बहुत ही रिफ्रेशिंग नाश्ता बनकर तैयार है.
2. मैंगो कोकोनट ओवरनाइट ओट्स- (Mango Coconut Overnight Oats)
अगर आपको आम खाना पसंद है, तो ये रेसिपी सिर्फ और सिर्फ आपके लिए है.
कैसे बनाएं- एक जार में रोल्ड ओट्स, नारियल का दूध, थोड़ा सा दही, चिया सीड्स, और एक चम्मच शहद डालें. इन सबको अच्छे से मिलाने के बाद, इसमें पके हुए आम के छोटे-छोटे टुकड़े काटकर मिक्स कर दें. जार को बंद करके रातभर के लिए फ्रिज में रख दें ताकि सारे फ्लेवर आपस में अच्छी तरह मिल जाएं. सुबह तक चिया सीड्स फूल जाएंगे और ओट्स एकदम गाढ़े और क्रीमी हो जाएंगे. खाते समय ऊपर से सूखे नारियल के टुकड़े, कद्दू के बीज या आम के कुछ और टुकड़े डालकर एन्जॉय करें.

नाश्ते के लिए परफेक्ट है ओट्स से बनी ये रेसिपी. (Image Pexels)
3. कैफे स्टाइल मोचा ओवरनाइट ओट्स- (Mocha Overnight Oats)
अगर आपकी सुबह कॉफी के बिना अधूरी है और आपको चॉकलेट भी पसंद है, तो यह रेसिपी आपके लिए है.
कैसे बनाएं- एक जार में रोल्ड ओट्स, दूध, ग्रीक योगर्ट (Greek Yogurt) और कोको पाउडर लें. अब थोड़े से गुनगुने पानी में इंस्टेंट कॉफी पाउडर को घोलें और इसे भी जार में डाल दें. मिठास के लिए थोड़ा सा शहद मिलाएं. सब चीजों को अच्छे से चम्मच से चलाएं और फ्रिज में रख दें. सुबह तक ओट्स पूरे लिक्विड को सोख लेंगे. सुबह इसे और टेस्टी बनाने के लिए ऊपर से केले के स्लाइस, कोको निब्स, या कुचले हुए हेजलनट्स डालें. यह नाश्ता आपको दिनभर एनर्जी देगा.
4. पीनट बटर बनाना ओवरनाइट ओट्स- (Peanut Butter Banana Overnight Oats)
पीनट बटर और केले की जोड़ी हमेशा से सुपरहिट रही है. यह ओट्स को बहुत ही रिच, क्रीमी और टेस्टी बनाता है.
कैसे बनाएं- एक जार में रोल्ड ओट्स, दूध, एक से दो चम्मच पीनट बटर, पके हुए केले के स्लाइस, चिया सीड्स और एक चुटकी दालचीनी पाउडर डालें. इसे बहुत अच्छी तरह से मिक्स करें ताकि पीनट बटर हर जगह फैल जाए. फिर इसे रातभर के लिए फ्रिज में सेट होने के लिए छोड़ दें. सुबह इसे फ्रिज से निकालें. यह खाने में किसी पुडिंग जैसा लगेगा. इसके ऊपर केले के कुछ और टुकड़े, भुनी हुई मूंगफली या फिर डार्क चॉकलेट चिप्स छिड़क कर खाएं.
नोटः ओवरनाइट ओट्स को हमेशा कांच के जार या एयर-टाइट डिब्बे में ही रखें.
ये भी पढ़ें- सॉफ्ट और फूली-फूली रोटियां बनाने के लिए आटा गूंथते समय मिलाएं ये एक चीज, घंटों बाद भी कड़क नहीं होंगी रोटी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं