Lunar Eclipse 2026 Timing: अगर आपको खगोलीय घटनाएं देखना पसंद है, तो 27 अगस्त की रात आपके लिए काफी खास रहने वाली है. दरअसल, 27 अगस्त की रात से 28 अगस्त की सुबह तक चंद्र ग्रहण लगने जा रहा है. ये ग्रहण साल का आखिरी और दूसरा ग्रहण होगा. हालांकि, ये ग्रहण भारत में नहीं दिखेगा, जिसके चलते सूतक समेत बाकी कोई नियम भी मान्य नहींं होंगे. NASA के मुताबिक, जब सूर्य, पृथ्वी और चंद्रमा एक सीध में पूरी तरह नहीं आते, तब चंद्रमा का केवल एक हिस्सा पृथ्वी की छाया में प्रवेश करता है. इसी कारण चंद्रमा का कुछ हिस्से पर अंधेरा दिखाई देता है, जबकि बाकी हिस्सा चमकता रहता है. वहीं, ग्रहण के दौरान चंद्रमा पर छाया धीरे-धीरे बढ़ती है और फिर कम होने लगती है, लेकिन इस बार पूरा चंद्रमा पूरी तरह ढकेगा नहीं. यह नजारा बेहद दिलचस्प और देखने लायक रहेगा.
इस बार का ग्रहण होगा खास
Space.com के मुताबिक, इस बार आंशिक चंद्र ग्रहण के दौरान 'स्टर्जन मून' का लगभग 96% हिस्सा पृथ्वी की गहरी छाया में चला जाएगा. ऐसे में चांद का सिर्फ एक छोटा सा हिस्सा ही सीधे सूर्य की रोशनीी से चमकता दिखाई देगा, जबकि बाकी चांद गहरे लाल-तांबे यानी कॉपर जैसे रंग में नजर आएगा. यही खूबसूरत नजारा इस ग्रहण को खास और देखने लायक बनाता है.
कब और कहां दिखेगा ग्रहण?
साल का दूसरा और आखिरी चंद्र ग्रहण स्पेन, पुर्तगाल, फ्रांस, इटली और जर्मनी समेत कई देशों में देखा जा सकेगा. हालांकि, भारत में यह चंद्र ग्रहण दिखाई नहीं देगा, क्योंकि जब यह घटना होगी तब यहां दिन का समय रहेगा. The Sky and Telescope के अनुसार, ग्रहण का सबसे शानदार नजारा अमेरिका के ज्यादातर हिस्सों में देखा जा सकेगा. वहीं, अफ्रीका और यूरोप में लोग 28 अगस्त की सुबह तड़के से लेकर सनराइज तक इस खगोलीय घटना का आनंद ले सकेंगेे. यह चंद्र ग्रहण आसमान में दिखने वाला एक बेहद आकर्षक नजारा साबित होगा.
क्या होगी टाइमिंग?
Time and Date के अनुसार, चांद 28 अगस्त को करीब 02:33 UTC पर पृथ्वी की मेन शेडो में एंटर करेगा. साथ ही ब्रिटेन के समय (BST) के अनुसार यह घटना सुबह 3:33 बजे शुरू होगी. वहीं, चंद्र ग्रहण अपने पीक पर 04:12 UTC पर पहुंचेगा. यह समय पश्चिमी यूरोप में सनराइज से कुछ पहले का होगा.
क्या चंद्र ग्रहण को नंगी आंखों से देख सकते हैं?
चंद्र ग्रहण को नंगी आंखों से देखना पूरी तरह सुरक्षित मानाा जाता है. सूर्य ग्रहण की तरह इसमें किसी खास चश्मे की जरूरत नहीं पड़ती है. वहीं, अगर आप चंद्रमा पर दिखाई देने वाले तांबे जैसे लाल रंग को और करीब से देखना चाहते हैं, तो आप छोटे टेलीस्कोप का इस्तेमाल कर सकते हैं. इससे ग्रहण का खूबसूरत दृश्य और भी साफ नजर आएगा.
यह भी पढ़ें: Raksha Bandhan 2026: 27 या 28 अगस्त... कब बांधें राखी? भद्रा और चंद्र ग्रहण के बीच ऐसे दूर करें कंफ्यूजन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं