14 सितंबर को गणेशोत्सव की शुरुआत होती है. इस दौरान भक्त अपने घरों में गणपति जी की स्थापना करते हैं और उनकी विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते हैं. ऐसे में कुछ लोग डेढ़ दिन, तीन दिन, पांच दिन या सात दिन बाद गणेश जी का विसर्जन करते हैं. वहीं, पारंपरिक रूप से 10 दिनों तक चलने वाला ये उत्सव अनंत चतुर्दशी के दिन गणेश विसर्जन के साथ समाप्त होता है. पंचांग के अनुसार अनंत चतुर्दशी भाद्रपद महीने के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी तिथि को मनाई जाती है. इसी कड़ी में आज हम आपको बताने जा रहे हैं कि इस साल अनंत चतुर्दशी कब है और गणेश विसर्जन किस शुभ मुहूर्त में करना शुभ रहेगा.
कब है अनंत चतुर्दशी?| Anant Chaturdashi 2026 Date
हिन्दू पंचांग के अनुसार भाद्रपद महीने के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी तिथि की शुरुआत 24 सितंबर को 11 बजकर 18 मिनट पर हो रही है. वहीं, इस तिथि का समापन 25 सितंबर को 11 बजकर 6 मिनट पर हो रहा है. ऐसे में उदया तिथि को देखते हुए अनंत चतुर्दशी 25 सितंबर को होगा. इसी दिन गणपति विसर्जन भी किया जाएगा.
पूजा का शुभ मुहूर्त
अनंत चतुर्दशी पर पूजा का शुभ मुहूर्त सुबह 6 बजकर 11 मिनट से लेकर रात के 11 बजकर 6 मिनट तक रहेगा. इस अवधि में सभी भक्त गणपति जी की विधि-विधान से पूजा कर सकते हैं.
गणेश विसर्जन का शुभ मुहूर्त
25 सितंबर को 5 शुभ मुहूर्त में गणेश जी का विसर्जन किया जा सकता है.
- पहला मुहूर्त: सुबह 6 बजकर 11 मिनट से सुबह 10 बजकर 42 मिनट तक.
- दूसरा मुहूर्त: दोपहर 12 बजकर 13 मिनट से दोपहर 1 बजकर 43 मिनट तक.
- तीसरा मुहूर्त: शाम 4 बजकर 44 मिनट से लेकर शाम 6 बजकर 14 मिनट तक.
- चौथा मुहूर्त: रात में 9 बजकर 14 मिनट से लेकर रात 10 बजकर 43 मिनट तक.
- पांचवां मुहूर्त: रात 12 बजकर 13 मिनट से लेकर सुबह 4 बजकर 42 मिनट तक.
अनंत चतुर्दशी का महत्व
गणेश चतुर्थी के दिन स्थापित की गई भगवान गणेश की मूर्तियों का इस दिन विसर्जन किया जाता है. भक्तगण ढोल-नगाड़ों, भक्ति भजनों और 'गणपति बप्पा मोरया' के जयघोष के साथ गणेश जी को विदा करते हैं. इस विश्वास के साथ कि वे अगले वर्ष फिर आएंगे.
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.
यह भी पढ़ें: नहाने के पानी में 7 दिन डालें ये 7 चीजें, दूर होगी नकारात्मकता, समस्याओं से मिलेगा छुटकारा
यह भी पढ़ें: राम भक्तों के लिए जरूरी खबर... अयोध्या में बन रहा हाईटेक इंटरनेशनल राम कथा म्यूजियम, श्रद्धालुओं को मिलेगा नया अनुभव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं